वर्ल्ड रिकॉर्ड- जूनियर वर्ल्ड कप में स्वर्ण जीतने वाले दिव्यांशु देवांगन का वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया सम्मान
रायपुर -26 जुलाई
वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने निशानेबाज दिव्यांशु को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें रामचरितमानस की प्रति भेंट करते हुए निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन को जूनियर वर्ल्ड कप की 10 मीटर एयर राइफल (मिक्स्ड डबल) स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उनके निवास पहुंचकर सम्मानित किया।
उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे देश और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताते हुए दिव्यांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान उन्होंने दिव्यांशु से आत्मीय संवाद भी किया।
ओपी चौधरी ने कहा कि दिव्यांशु ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के दम पर विश्व मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि छत्तीसगढ़, विशेषकर रायगढ़ जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने विश्वास जताया कि दिव्यांशु भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कई और गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
सम्मान से अभिभूत दिव्यांशु देवांगन ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का तिरंगा बुलंद करना है।
- Advertisement -
- Advertisement -