Home Blog

दिवाली की शाम कब करें लक्ष्मी-गणेश की पूजा? जानें शुभ मुहूर्त और पूजन विधि

 छत्तीसगढ़।: आज रविवार, 8 नवंबर को दिवाली मनाई जा रही है। दृक पंचांग के अनुसार, छत्तीसगढ़ की राजधानी में लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:49 बजे से शुरू होगा। दिल्ली में पूजन का शुभ समय शाम 5:54 बजे से है।

लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्तप्रदोष काल में लक्ष्मी पूजन का महत्वघर पर ऐसे करें लक्ष्मी-गणेश पूजा

लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त

स्थानपूजा का समयकुल अवधि
छत्तीसगढ़ की राजधानीशाम 5:49 से रात 7:48 बजे तक1 घंटा 59 मिनट
दिल्लीशाम 5:54 से रात 7:50 बजे तक1 घंटा 56 मिनट

कार्तिक अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे से 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में पूजा का मुहूर्त स्थानीय पंचांग के अनुसार अलग हो सकता है।

प्रदोष काल में लक्ष्मी पूजन का महत्व

सूर्यास्त के बाद के शुरुआती समय को प्रदोष काल कहते हैं। दिवाली पर इसी दौरान मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा है। पंचांग के अनुसार, प्रदोष काल में पड़ने वाला वृषभ लग्न लक्ष्मी पूजन के लिए शुभ माना जाता है।

घर पर ऐसे करें लक्ष्मी-गणेश पूजा

पूजा की चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित करें। दीपक जलाएं और रोली, अक्षत, फूल, फल व मिठाई अर्पित करें। मां लक्ष्मी को कमल का फूल और भगवान गणेश को मोदक या लड्डू चढ़ा सकते हैं। अंत में आरती करें और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना करें।मां लक्ष्मी का मंत्र — ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः।
भगवान गणेश का मंत्र — ॐ गं गणपतये नमः।

बस्तर में जवानों के साथ पीएम मोदी ने मनाई दिवाली

बस्तर।  दीपावली के इस पावन पर्व पर जब पूरा देश अपने घरों में अपनों के साथ खुशियां बांट रहा है, तब हमारे प्रधानमंत्री देश की हिफाजत में डटे जवानों के बीच पहुंचकर अपनी खास परंपरा निभाते हुए उनके साथ मिलकर दीपावली मनाई. इस दौरान पीएम मोदी के कहा कि यह पहली दिवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है.  इसके साथ ही उन्होंने कहा कि देश का हर जवान मेरे परिवार का हिस्सा है.

पीएम मोदी ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए जवानों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि सीमा पर पहरा देने वाले और देश के भीतर सुरक्षा करने वाले भारत माता के वीर बेटे-बेटियां ही उनका असली परिवार हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल दीपावली के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे. पीएम मोदी ने सुरक्षा बलों के जवानों के बीच दिवाली मनाई. इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि जब आंतरिक सुरक्षा मजबूत होती है तो बाहरी दुश्मन कुछ नहीं कर पाता है। जब आंतरिक सुरक्षा कमजोर होती है तभी बाहरी दुश्मन हावी होता है। वे जवानों के बीच दिवाली समारोह मनाने पहुंचे हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों के साथ बिताई गई हर दिवाली मेरे लिए यादगार है. मेरे वीर सैनिकों, इस बार मैं आप सबके साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर की धरती पर आया हूं. यह वही धरती है जिसने कभी नक्सली आतंक का कहर झेला था.

पीएम मोदी ने कहा कि 2026 की दिवाली विशेष है, क्योंकि देश नक्सलवाद के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुका है. उन्होंने कहा कि यह देश की पहली दिवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद मे मुक्त है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करनपुर स्थित कोबरा (CoBRA) ऑपरेशंस बेस का दौरा किया. यह बेस बस्तर और अबूझमाड़ में नक्सल-विरोधी अभियानों के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र है.

दिवाली-छठ पर रेलवे का बड़ा तोहफा, बिलासपुर-छपरा के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल

 रायपुर.  दीपावली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष इंतजाम किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर और छपरा के बीच पूजा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी। रेलवे की इस पहल से बिहार और छत्तीसगढ के बीच यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। साथ ही कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना भी बढेगी।

रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, गाड़ी संख्या 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर 2026 को प्रत्येक शनिवार रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08256 छपरा-बिलासपुर स्पेशल 15 और 22 नवंबर 2026 को प्रत्येक रविवार संचालित की जाएगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव

बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल को यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया में इसका वाणिज्यिक स्टॉपेज रहेगा।

इसके अलावा ट्रेन कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, जौनपुर, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया स्टेशन पर भी रुकेगी। इससे रास्ते में पडने वाले अलग-अलग शहरों के यात्रियों को फायदा मिलेगा।

बिलासपुर से छपरा जाने वाली ट्रेन का टाइम टेबल

गाड़ी संख्या 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर को बिलासपुर स्टेशन से शाम 6 बजे रवाना होगी। इसके बाद निर्धारित समय पर अलग-अलग स्टेशनों से होते हुए अगले दिन छपरा पहुंचेगी।

प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन का संभावित समय इस प्रकार है:

  • बिलासपुर: शाम 6:00 बजे प्रस्थान
  • पेंड्रारोड: रात 7:32 बजे आगमन, 7:34 बजे प्रस्थान
  • अनूपपुर: रात 8:32 बजे आगमन, 8:37 बजे प्रस्थान
  • शहडोल: रात 9:19 बजे आगमन, 9:24 बजे प्रस्थान
  • उमरिया: रात 10:17 बजे आगमन, 10:19 बजे प्रस्थान
  • छपरा: अगले दिन दोपहर 2:40 बजे आगमन

छपरा से बिलासपुर लौटने वाली ट्रेन का समय

वापसी यात्रा के लिए गाड़ी संख्या 08256 छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल 15 और 22 नवंबर को छपरा से शाम 5:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन निर्धारित समय पर बिलासपुर पहुंचेगी।

वापसी के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर इसका शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:

  • छपरा: शाम 5:25 बजे प्रस्थान
  • उमरिया: सुबह 9:09 बजे आगमन, 9:11 बजे प्रस्थान
  • शहडोल: सुबह 10:03 बजे आगमन, 10:08 बजे प्रस्थान
  • अनूपपुर: सुबह 11:05 बजे आगमन, 11:10 बजे प्रस्थान
  • पेंड्रारोड: दोपहर 12:03 बजे आगमन, 12:05 बजे प्रस्थान
  • बिलासपुर: दोपहर 3:00 बजे आगमन

21 कोच के साथ संचालित होगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने यात्रियों की अलग-अलग श्रेणियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में कुल 21 कोच लगाने का निर्णय लिया है। कोच की व्यवस्था इस प्रकार होगी:

  • 1 पावरकार
  • 1 एसएलआरडी
  • 4 जनरल कोच
  • 7 स्लीपर कोच
  • 4 एसी थर्ड क्लास कोच
  • 2 एसी सेकंड क्लास कोच
  • 2 एसी थर्ड इकोनॉमी कोच

इस व्यवस्था से सामान्य श्रेणी से लेकर एसी में सफर करने वाले यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा का विकल्प मिलेगा।

दिवाली और छठ पर यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए गृह नगर पहुंचते हैं। इस वजह से नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ जाती है। कई रूट पर यात्रियों को टिकट मिलने में भी परेशानी होती है।

ऐसे में बिलासपुर-छपरा के बीच अतिरिक्त ट्रेन चलाने का रेलवे का फैसला यात्रियों के लिए राहत भरा साबित हो सकता है। खासकर बिलासपुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यात्रा से पहले यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES पर ट्रेन की स्थिति और टिकट की उपलब्धता की जानकारी जरूर देख लें।

‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, सिर्फ 2 दिनों में कमाए रिकॉर्ड 221 करोड़ रुपये

0

मनोरजंन जगत। रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह था, लेकिन रिलीज के बाद इसे जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसने सभी को हैरान कर दिया है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी की इस फिल्म ने महज दो दिनों में दुनियाभर में 221 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कमाई लगातार बढ़ रही है। खास बात यह है कि फिल्म ने रणबीर कपूर की ही पांच पुरानी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए उनके करियर की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का स्थान हासिल कर लिया है।

दो दिनों में 221 करोड़ के पार पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन

पहले दिन की शानदार शुरुआत के बाद दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी रहा। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ ने दो दिनों में दुनियाभर में करीब 221.05 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इस तरह फिल्म ने महज 48 घंटे में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। दर्शकों की तरफ से मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स का फायदा फिल्म को मिलता नजर आ रहा है। अब सभी की नजरें वीकेंड की कमाई पर टिकी हुई हैं।

रणबीर की इन 5 फिल्मों को छोड़ा पीछे

‘रामायण’ की कमाई ने रणबीर कपूर की पिछली कई फिल्मों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में ‘बर्फी’, ‘तू झूठी मैं मक्कार’, ‘राजनीति’ और ‘तमाशा’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। दो दिनों की कमाई के साथ ही यह रणबीर के करियर की छठी सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड ग्रॉसर बन गई है।

रणबीर कपूर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में

रणबीर कपूर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की बात करें तो इस लिस्ट में सबसे ऊपर ‘एनिमल’ है, जिसने दुनियाभर में 910.72 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दूसरे नंबर पर 541.76 करोड़ रुपये के साथ ‘संजू’ और तीसरे नंबर पर 430.24 करोड़ रुपये के साथ ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1’ है। वहीं ‘ये जवानी है दीवानी’ ने 318 करोड़ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ ने 242.5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अब 221.05 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ ‘रामायण’ छठे स्थान पर पहुंच गई है।

तीसरे दिन की कमाई पर टिकी सबकी नजरें

फिल्म के लिए शनिवार यानी तीसरा दिन काफी अहम माना जा रहा है। कोईमोई की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ तीसरे दिन करीब 70 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। अगर फिल्म यह आंकड़ा हासिल कर लेती है तो इसकी कमाई पहले दिन के कलेक्शन से भी आगे निकल सकती है। फिलहाल जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए आने वाले दिनों में रणबीर कपूर की इस फिल्म से कई और बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है।

पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर दिखा फिल्म का जलवा

‘रामायण’ 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म की एडवांस बुकिंग और पहले से बनी चर्चा को देखते हुए शानदार ओपनिंग की उम्मीद थी। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए भारत में 65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, दुनियाभर में इसकी कमाई 127.7 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। पहले दिन के आंकड़ों से ही साफ हो गया था कि फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रकाश और उल्लास के महापर्व दीपावली पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने माँ लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि आशा, विश्वास, प्रेम और सद्भाव का उत्सव है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा आपसी भाईचारे और एकता के साथ जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कामना की कि दीपावली का यह पावन पर्व छत्तीसगढ़ के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए तथा हमारा प्रदेश विकास, खुशहाली और उन्नति के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।

नक्सल मुक्त बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे PM मोदी, मुख्यमंत्री साय ने किया स्वागत

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दीपावली का पर्व छत्तीसगढ़ के बस्तर में वीर जवानों के साथ मनाएंगे। नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में पहली बार दीपावली का उत्सव विशेष माहौल में मनाया जा रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री का जवानों के बीच पहुंचकर दीपावली मनाने का कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने बस्तर दौरे की जानकारी साझा की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।”

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर बस्तर में तैयारियां की जा रही हैं। उनके जवानों के बीच दीपावली मनाने के फैसले को सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और बलिदान के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बस्तर की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव हमेशा प्रेरणादायी रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर भय और हिंसा के अंधकार से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। दीपावली के अवसर पर वीर जवानों के बीच प्रधानमंत्री की उपस्थिति उनके अदम्य साहस, त्याग और समर्पण का सम्मान करने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी किया स्वागत

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “नक्सल मुक्त बस्तर में प्रधानमंत्री जी का स्वागत है।”

हार्दिक पांड्या PBKS में होंगे शामिल, अर्शदीप सिंह को MI लेने पर सहमत, जल्द हो सकता है ऐलान

0

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच बड़ा ट्रेड होने जा रहा है। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो सकते हैं, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस में जाने का रास्ता साफ हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फ्रेंचाइजी के बीच इस सौदे पर सहमति बन चुकी है। हालांकि, BCCI की औपचारिक मंजूरी और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

नीलामी से पहले दोनों टीमों के बीच बड़ा ट्रेड

IPL 2027 की नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी टीमों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर हलचल तेज है। इसी बीच हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह का ट्रेड चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, हार्दिक पंजाब किंग्स का हिस्सा बनेंगे और अर्शदीप मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल होंगे। इस सौदे को लेकर दोनों टीमों के बीच बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है। कुछ रिपोर्ट्स में पंजाब के विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद का नाम भी संभावित ट्रेड में शामिल बताया गया है।

हार्दिक पंजाब किंग्स में बतौर खिलाड़ी शामिल होंगे। टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के पास ही रहने की उम्मीद है।

अर्शदीप के लिए MI खर्च करेगी 18 करोड़ रुपये?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या की IPL सैलरी 16.35 करोड़ रुपये है, जबकि अर्शदीप सिंह की सैलरी 18 करोड़ रुपये बताई जाती है। ऐसे में यदि यह ट्रेड इन्हीं कॉन्ट्रैक्ट राशि के आधार पर होता है, तो मुंबई इंडियंस को अर्शदीप के लिए ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है।

हालांकि, ट्रेड के अंतिम वित्तीय समीकरण और खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही इसकी पूरी तस्वीर साफ होगी।

ट्रेड के पीछे क्या है दोनों टीमों की रणनीति?

इस संभावित ट्रेड के पीछे दोनों फ्रेंचाइजी की अलग-अलग जरूरतें बताई जा रही हैं। पंजाब किंग्स को ऐसे ऑलराउंडर की तलाश है, जो बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सके। हार्दिक पांड्या इस भूमिका के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

वहीं, मुंबई इंडियंस को जसप्रीत बुमराह के साथ एक अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की जरूरत है। अर्शदीप नई गेंद से विकेट लेने और डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में उनका टीम में आना मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दे सकता है।

IPL में कैसा रहा है हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन?

हार्दिक पांड्या IPL के अनुभवी ऑलराउंडर्स में शामिल हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के अलावा गुजरात टाइटंस के लिए भी खेला है। IPL करियर में उन्होंने 162 मुकाबलों में 2,955 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 10 अर्धशतक निकले हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने 82 विकेट अपने नाम किए हैं।

हार्दिक ने गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए टीम को 2022 में IPL चैंपियन बनाया था। इसके बाद वह मुंबई इंडियंस में लौटे और टीम की कप्तानी संभाली।

PBKS के लिए कैसा रहा है अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन?

अर्शदीप सिंह ने IPL में अब तक पंजाब किंग्स का ही प्रतिनिधित्व किया है। वह टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।

दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने पंजाब के लिए 96 मुकाबलों में 111 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी गेंदबाजी औसत 28.30 और इकॉनमी रेट 9.19 रही है। उन्होंने तीन बार चार विकेट और एक बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 32 रन देकर पांच विकेट है।

अब अगर यह ट्रेड आधिकारिक रूप से पूरा होता है, तो IPL 2027 में हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स और अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आ सकते हैं।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने विशेष सहायक को हटाया, ब्रजेश वाजपेयी की नई पदस्थापना, देखिए आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में इन दिनों प्रशासनिक फेरबदल और तबादलों को लेकर हलचल तेज है। इसी बीच एक और महत्वपूर्ण आदेश सामने आया है। राज्य शासन ने उप संचालक ब्रजेश कुमार वाजपेयी को स्कूल शिक्षा मंत्री की निजी स्थापना से कार्यमुक्त कर दिया है। उन्हें अब राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), शंकर नगर, रायपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

29 अक्टूबर 2026 को स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय महानदी भवन से जारी इस आदेश के बाद विभागीय गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिक्षकों के तबादलों को लेकर चल रही हलचल के बीच मंत्री की निजी स्थापना से एक अधिकारी को हटाए जाने को भी लोग अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। कुछ चर्चाओं में इसे तबादला विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि शासन के आदेश में ऐसी किसी वजह का उल्लेख नहीं किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, ब्रजेश कुमार वाजपेयी राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा में उप संचालक के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें पूर्व में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग तथा विधायी कार्य विभाग के मंत्री की निजी स्थापना में विभागीय कार्यों के संपादन के लिए आदेशित किया गया था।

अब राज्य शासन ने उन्हें मंत्री की निजी स्थापना से कार्यमुक्त करने का आदेश जारी किया है। इस फैसले के बाद उनकी सेवाएं प्रतिनियुक्ति पर लेते हुए नई पदस्थापना की गई है।

शासन के आदेश के अनुसार, ब्रजेश कुमार वाजपेयी को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), शंकर नगर, रायपुर में उप संचालक के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। उनकी यह पदस्थापना आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।नक्शे देखें

स्कूल शिक्षा विभाग में पिछले कुछ समय से शिक्षकों और कर्मचारियों के तबादलों को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं। इसी माहौल के बीच मंत्री की निजी स्थापना से ब्रजेश वाजपेयी को कार्यमुक्त किए जाने के फैसले ने प्रशासनिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

विभागीय गलियारों में कुछ लोग इस घटनाक्रम को तबादला विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी निजी स्थापना से कार्यमुक्ति का तबादला विवाद से कोई सीधा संबंध है या यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में ब्रजेश कुमार वाजपेयी को मंत्री की निजी स्थापना से कार्यमुक्त कर SCERT रायपुर में उप संचालक के रूप में पदस्थ करने का स्पष्ट उल्लेख है। आदेश में कार्यमुक्त किए जाने के पीछे किसी विवाद या अन्य कारण का उल्लेख नहीं किया गया है।नक्शे देखें

फिलहाल इस प्रशासनिक बदलाव को लेकर विभागीय स्तर पर चर्चाएं जारी हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में स्कूल शिक्षा विभाग में तबादलों और प्रशासनिक फेरबदल को लेकर और क्या फैसले सामने आते हैं।

CG- नौकरी का बड़ा मौका! छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी में इतने पदों पर भर्ती, ऑनलाइन फॉर्म भरना शुरू

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज की तीनों कंपनियों (जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन) में बड़े पैमाने पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा 38 अलग-अलग श्रेणियों में कुल 1,501 रिक्त पदों के लिए विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है।इस भर्ती अभियान में द्वितीय श्रेणी के 195 पद तथा तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 की शाम 8 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन व परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं।

भर्ती से जुड़ी मुख्य बातें

तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन करने के पात्र होंगे। हर पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा एवं अन्य पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में दी गई है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से प्रारंभ की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क भी इसी तिथि और समय तक नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकेगा।

प्रमुख पदों का विवरण

कुल 1,501 पदों में सबसे अधिक संख्या डाटा एंट्री ऑपरेटर (609 पद) और कनिष्ठ अभियंता (167 पद – इलेक्ट्रिकल) की है।

1. इंजीनियरिंग एवं तकनीकी पद

सहायक अभियंता – इलेक्ट्रिकल (92), मैकेनिकल (26), सिविल (20), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन (10), कंप्यूटर साइंस (2), सूचना प्रौद्योगिकी (2)।

कनिष्ठ अभियंता – इलेक्ट्रिकल (167 पद — जनरेशन- 11, ट्रांसमिशन- 32, डिस्ट्रीब्यूशन- 124), सिविल (26), मैकेनिकल (12), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन (9), कंप्यूटर साइंस (1), सूचना प्रौद्योगिकी (1) प्रोग्रामर – 3 पद।

2. डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) — कुल 609 पद

डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी- 450 पद

जनरेशन कंपनी- 95 पद

ट्रांसमिशन कंपनी- 64 पद

3. प्लांट अटेंडेंट ग्रेड-III एवं तकनीकी स्टाफ

अटेंडेंट (प्लांट) ग्रेड-III इलेक्ट्रीशियन (90), फिटर (84), इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक (45), इलेक्ट्रॉनिक्स (45), टर्नर (36)।

4. सुरक्षा एवं अग्निशमन पद

फायर ऑफिसर (1), सब फायर ऑफिसर (6), फायर अटेंडेंट ग्रेड-II (45), सुरक्षा अधिकारी (3), सुरक्षा निरीक्षक (10), सुरक्षा उप निरीक्षक (19)।

5. मेडिकल, फाइनेंस एवं अन्य प्रशासकीय पद

चिकित्सा और स्वास्थ्य

सहायक फार्मासिस्ट (25), सहायक स्टाफ नर्स (18), चिकित्सा अधिकारी (15), सहायक लैब तकनीशियन (6), सहायक ड्रेसर (5), सहायक रेडियोग्राफर (3), सहायक ईसीजी तकनीशियन (3)।

प्रशासनिक और लेखा

लेखा अधिकारी / सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) (15), आशुलिपिक / स्टेनोग्राफर ग्रेड-III (अंग्रेजी: 12, हिंदी: 13), सहायक विधि अधिकारी (8), सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी (8), शिफ्ट केमिस्ट (6)।

CG : दीपावली से पहले करंट हादसे ने उजाड़ा परिवार, पति और बेटे के बाद पत्नी की भी मौत

 बलौदाबाजार।  घर में सफाई के दौरान हुए दर्दनाक करंट हादसे में घायल वर्षा गुप्ता की भी शनिवार, 7 नवंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत थीं। इस हादसे में पहले ही उनके पति और प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता तथा 22 वर्षीय बेटे मोनू गुप्ता की जान जा चुकी थी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से बलौदाबाजार में शोक का माहौल है।

सफाई के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के मुताबिक, घर में सफाई के दौरान लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित हो गया था। इसकी चपेट में राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और बेटा मोनू गुप्ता आ गए थे। बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से शोक

हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। शुक्रवार को राकेश गुप्ता और उनके बेटे मोनू गुप्ता का निधन हो गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल वर्षा गुप्ता ने शनिवार दोपहर रायपुर के निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से शहरवासी स्तब्ध हैं। कारोबारी जगत में भी शोक व्याप्त है।