बेमेतरा-10 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से बेमेतरा जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में जिले में अभियान की गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर को अभियान का जिला प्रभारी एवं समग्र समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।
17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत प्रत्येक परिवार से दीप प्रज्वलित कर 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया जाएगा।
बच्चों की कल्पना से दिखेगा विकसित भारत
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बच्चों की विकसित भारत की कल्पना को प्रदर्शनी के माध्यम से सामने लाया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों के जरिए 25 वर्षों की सेवा, सरकारी योजनाओं और उनसे हुए बदलाव की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। इसमें पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
योजनाओं के लाभार्थियों की कहानी भी होगी दर्ज
‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियां संकलित कर डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में नागरिकों और संस्थाओं को स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।


