28.1 C
Raipur
Saturday, October 31, 2026
Home Blog Page 128

रेत भरे 10 हाइवा जब्त: अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

रायपुर 19 जून 2026

अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर बलौदाबाजार जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण व छापेमारी की कार्यवाही भी लगातार की जा रही है।

इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार शुक्रवार को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के द्वारा अवैध रेत परिवहन करते 10 हाइवा को जब्त किया गया।

एसडीएम सिमगा ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः 6 बजे सिमगा के जायसवाल फैमिली ढाबा के पास राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान हाइवा वाहन क्रमांक CG09JT3532, CG09JQ9614, CG09JC8879, CG25A1429, CG25G7400, CG09JT9184, CG25N2896, CG25P9074, CG09JT9614, CG09J50181 एवं CG09JS6362 में रेत परिवहन करते पाया गया।

उक्त वाहनों को रोककर परिवहन पास मांगे जाने पर वाहन क्रमांक CG09JS6362 के द्वारा परिवहन पास प्रस्तुत किया गया एवं शेष 10 वाहन चालकों द्वारा परिवहन पास संबंधी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

वाहन चालक वाहन की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गए। टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

अपेक्षा, आवश्यकता और जरूरत : इंसान के होने की तीन परतें

डिजिटल डेस्क-19 जून 2026

विचार की धार तीखी हो सकती है, बस थोड़ी और परत खोल दें तो “सत्य का असली फ्लेवर” आ जाएगा। हम इसे 3 प्वाइंट पर रख कर समझेंगे , “”जरूरत ,आवश्यकता और अपेक्षा।””

पहली बात जरूरत
जो है, अभी, इसी पल के लिए ।जरूरत देह की पुकार है। भूख, प्यास, नींद, सुरक्षा, साथ — ये टाली नहीं जा सकती। इसलिए कि हम दूसरे की याद में तभी आते हैं जब हम उसकी जरूरत बनते हैं। मां को बच्चा रात में याद आता है क्योंकि रो रहा है। दोस्त को दोस्त तभी याद आता है जब अकेलापन काटता है।

जरूरत = (बराबर) उपलब्ध साधन से तत्काल अभाव मिटाना।
ये स्वार्थ नहीं, अस्तित्व है। यहां कोई विकल्प नहीं होता, जो सामने है उसी से काम चलाना पड़ता है।

दूसरी बात आवश्यकता :
जो नहीं है, पर कल चाहिए ,,
जरूरत पूरी होते ही मन का दूसरा तल जागता है — सुविधा, विस्तार, सुरक्षा का भरोसा।बिजली आई तो पंखा चाहिए। पंखा आया तो AC की आवश्यकता जन्मी।
मतलब यहां पर आवश्यकता = जीवन को बेहतर, आसान, टिकाऊ बनाने की योजना।

इसीलिए कहते हैं आवश्यकता आविष्कार की जननी है। आग से चूल्हा बना, चूल्हे से गैस, गैस से इंडक्शन। हर बार आवश्यकता ने जरूरत को नया आकार दिया।
आवश्यकता भविष्य देखती है। इसमें चुनाव है, इच्छा है, तुलना है।

तीसरी बात कह सकते हैं अपेक्षा :
जो है भी नहीं, पर मन ने मान लिया कि होना चाहिए ।

अपेक्षा मन का सबसे सूक्ष्म खेल है। ये न देह की है, न भविष्य की प्लानिंग की। ये संबंधों का अदृश्य करार है।हम भगवान से अपेक्षा रखते हैं कि वो न्याय करेगा। माता-पिता से अपेक्षा कि वो समझेंगे। समाज से अपेक्षा कि वो प्रेम देगा।

यहां पर अपेक्षा (बराबर)= दूसरे के व्यवहार पर हमारी बिना-कही शर्त।

इसीलिए एक विचार आया कि जब तक अपेक्षाएं पूरी होती हैं, हम किसी की पूजा करते हैं। जब टूटती हैं, तो शैतान मान लेते हैं।

उपलब्ध जानकारी पर कहें तो,,
ईसा का उदाहरण भी यही है। समाज की अपेक्षा थी ‘मसीहा आएगा और रोमन शासन से मुक्ति देगा’। जब सूली मिली तो अपेक्षा टूटी — वही मसीहा अपराधी लगा। बाद में जब करुणा की अपेक्षा जागी, तो वही भगवान हो गया। देवता और शैतान के बीच की रेखा अपेक्षा खींचती है।

तो हम क्या हैं? जरूरत, आवश्यकता या अपेक्षा?

अब तीनों एक साथ हैं। परत-दर-परत:
धर्म, देवता, मजहब भी इसी क्रम में बने।
पहले जरूरत थी — आग से डर लगा तो अग्नि देवता। पानी डुबोए तो वरुण देवता। मृत्यु समझ न आई तो यम। फिर आवश्यकता बनी — धन चाहिए तो लक्ष्मी, विद्या चाहिए तो सरस्वती।

और अंत में अपेक्षा जुड़ी — ‘मेरी सुनोगे, मेरी रक्षा करोगे’। जहां अपेक्षा टूटी, वहां नास्तिकता जन्मी या देवता बदला।

डिस्क्लेमर:_आप एक वैचारिक लेख पढ़ रहे हैं जो सामान्य जानकारी पर आधारित एक विचार मात्र है कि ऐसा हो सकता है?!?!

कड़वा सत्य जो विवाद से बचाता है

हम किसी के लिए तभी तक जरूरी हैं जब तक उसकी जरूरत जिंदा है। ये स्वार्थ नहीं, प्रकृति का नियम है। पेड़ भी छाया तभी तक देता है जब तक धूप है।

आवश्यकता हमें इंसान से आविष्कारक बनाती है। पर जैसे-जैसे आवश्यकता बढ़ती है, संतोष घटता है। इसलिए दर्शन कहता है — संसार विषय-भोग का साधन है, साध्य नहीं।

अपेक्षा सबसे खतरनाक है क्योंकि ये अदृश्य है। हम खुद नहीं जानते हम दूसरे से क्या चाह रहे हैं। जब वो नहीं मिलता तो रिश्ता, श्रद्धा, विश्वास सब टूटता है।

तो रास्ता क्या है?
जरूरत को पहचानो — उसे इनकार मत करो।
आवश्यकता को सीमा दो — वरना वो कभी पूरी नहीं होगी।
अपेक्षा को कह दो — जो कह दिया वो बोझ नहीं रहता।

जब ये तीनों अपनी जगह पर दिखने लगते हैं, तो न कोई देवता बचता है न शैतान। बस एक इंसान बचता है — जो जानता है कि वो क्यों याद किया जा रहा है, और खुद कब, किसे, क्यों याद कर रहा है।

यही सत्य का असली फ्लेवर है — न मीठा, न कड़वा। बस वैसा जैसा है।

जो रास्ता जानता है जिसे मंज़िल पता है, वो अकेला चलने से डरता नहीं

आध्यात्मिक डेस्क/ 18 जून 2026

जो रास्ता जानता है वही अकेले चल सकता है जैसे कि संत अकेला चलता है और आम आदमी भीड़ में खोये रहता है क्योंकि भीड़ को रास्ता पता नहीं है कहां जाना है,वह भीड़ का अनुसरण करता है ।लेकिन कबीर ने कहा है

ऐसी गति संसार की ज्यूँ गाडर की ठाठ,
एक पड़ा जेहिं गाड में,सबै जाही तेहि बाट।।
अब वह तो नहीं है लेकिन भीड़ उनके तरफ बढ़ रही है।
संत को पता है कहां जाना है,भीड़ को नहीं??

लेकिन आज के समय में भीड़ के बिना आदमी अकेला है।लोगों को भीड़ चाहिए नेता राजनेता और प्रवचन-कर्ता सब भीड़ देख के प्रवचन (पर – वचन)भाषण देते है।

जिसे मंज़िल पता है, वो अकेला चलने से डरता नहीं।

संत का रास्ता भीतर का है — उसे पता है कहाँ जाना है, इसलिए भीड़ की तालियाँ नहीं चाहिए। वो चल देता है, चाहे कोई साथ हो या न हो। जैसे कबीर कह गए: साधो, राह दोऊ खड़ी… जिसने राह देख ली, वो रुकता नहीं।

आम आदमी को रास्ता पता नहीं, तो वो भीड़ में सेफ महसूस करता है। सब जिधर जा रहे हैं, उधर ही ठीक होगा — ये सोचकर चल देता है। भीड़ में अकेलापन नहीं खलता, मगर मंज़िल भी नहीं मिलती।

और नेता-राजनेता का खेल तो भीड़ से ही है।
संत भीड़ के बिना भी संत है, पर नेता भीड़ के बिना कुछ नहीं।

इसलिए मंच लगता है, माइक लगता है, नारे लगते हैं। भीड़ है तो भाषण है, भीड़ नहीं तो अस्तित्व नहीं।

मज़े की बात देखो — संत को भीड़ चाहिए नहीं, पर भीड़ को संत चाहिए।

नेता को भीड़ चाहिए, और भीड़ को भी नेता चाहिए।
एक को रास्ता पता है (अपनी सीट कैसे सुरक्षित करना है) दूसरे को रास्ता दिखाने वाला चाहिए मतदान कैसे करें!!??

तुलसीदास ने भी लिखा :
क्योंकि उस समय उसे भी समझ नहीं आया या कुछ कहना नहीं चाहा ,क्योंकि देश उस समय मुगलों के अधीन था।

तुलसी इस संसार में, भाँति भाँति के लोग,उसने तो नदी और नाव जैसे मिलकर रहने कहा जिससे लहर के थपेड़ो में डूबने की समस्या न रहे क्योंकि एक ही नाव चलाने वाला रहता है बाकी भीड़ तो उसी के सहारे सवार है।
कुछ अकेले चलकर रास्ता बनाते हैं, कुछ भीड़ के पीछे चलकर रास्ता ढूंढते हैं।

विचार बीज को मत मारो, बस नई शाखा उगा दो।
यही शब्द का संसार है, यही विचार का संसार है।एक आइडिया रास्ता बताता है, एक आइडल मंजिल दिखाता है, पर चलना तो अकेला ही पड़ता है — वही जिंदा रहने की शर्त है।

आप किस तरफ खुद को पाते हो — रास्ता जानने वालों में, या भीड़ में रास्ता ढूंढने वालों में?

ढाबे में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़:मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक छह आरोपी पहुंचे जेल

बेमेतरा 18 जून 2026

बेमेतरा शहर के एक ढाबे में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और तोड़फोड़ करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गुरुवार को रंजित बंजारे (33) और टीकेन्द्र बंजारे (28), दोनों निवासी लोलेसरा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, बहेरा स्थित भावेश ढाबा के संचालक कार्तिक राजपूत उर्फ भावेश (28) ने 31 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि प्रमोद बंजारे सहित कई लोग अलग-अलग वाहनों से ढाबे पर पहुंचे और जबरन अंदर घुसकर अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी तथा डंडे, रॉड और मुक्कों से कार्तिक राजपूत, नीरज सिंह राजपूत एवं अन्य लोगों के साथ मारपीट की।

आरोपियों ने ढाबे में रखी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें, प्लास्टिक कुर्सियां और सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया और मौके पर अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान इससे पहले प्रमोद कुमार बंजारे, राजकुमार बघेल, योगेश बंजारे और रूपेंद्र जांगड़े को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक रेशम लाल भास्कर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सूरज प्रकाश तथा थाना स्टाफ की टीम ने संपन्न की।

कांग्रेस ने कहा बिजली दर वृद्धि जनविरोधी: सरकार पर जनता के सिर बोझ लादने का आरोप

बेमेतरा 18 जून 2026

छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बेमेतरा के बेरला रोड स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे साथ में पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल सिंह बंजारे और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे

पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि किसान हितैषी होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार लगातार बिजली दर बढ़ाकर प्रदेश की जनता और किसानों पर आर्थिक बोझ लाद रही है।

प्रेस वार्ता की अध्यक्षता करते हुए रविंद्र चौबे ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिजली दरों में लगातार पांचवीं बार वृद्धि की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में सरकार ने विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीपीएस) के नाम पर 12 प्रतिशत तक अतिरिक्त भार डाला है, जिससे पहले से ही महंगे बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी क्या भाजपा सरकार मंहगाई के दम में छत्तीसगढ़ विकास की झूठी कहानी लिखेगी।

चौबे ने दावा किया कि भाजपा भूल गई कि कांग्रेस सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में केवल दो पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की थी और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना के माध्यम से आम लोगों को राहत दी गई थी।

पूर्व मंत्री ने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ेगा। उनके अनुसार धान की बुवाई और रोपाई का समय नजदीक है, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में किसान लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं और समय पर ट्रांसफार्मर भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने में विफल रही है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल सिंह बंजारे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भी बिजली दर वृद्धि को जनविरोधी फैसला बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।

कांग्रेस ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मंजूर नई बिजली दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। इसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंप उपभोक्ताओं के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है।

हालांकि आयोग ने बिजली कंपनी के 24 प्रतिशत वृद्धि प्रस्ताव के बजाय औसतन 6.23 प्रतिशत दर वृद्धि को मंजूरी दी है, लेकिन कांग्रेस का कहना है कि इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा।
रविंद्र चौबे ने बताया कि कांग्रेस आंदोलन के तीसरे चरण में कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और बिजली दरों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर जनजागरण अभियान चलाएंगे।

इस अवसर पर मंगत साहू प्रणीश चौबे प्रांजल तिवारी मिथलेश वर्मा रश्मि मिश्रा रोशन सिन्हा देवेंद्र साहू रीता पांडे झम्मन बघेल सनत धर दिवान विजय बघेल रवि रजक ललित विश्वकर्मा मनोज शर्मा जावेद खान शक्ति धर दिवान आरिफ़ भाटिया मोहित वर्मा लीलाराम निषाद योगिता साहू हेमिन यादव सहोदरा नवरंगे सीताराम यदु विकाश चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मोदी-ट्रंप वार्ता: G-7 शिखर सम्मेलन में व्यापार, रक्षा और पश्चिम एशिया में शांति पर बनी सहमति

डिजिटल न्यूज डेस्क/एवियन 18/06/2026

भारत और अमेरिका के रिश्तों को नई गति देने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई।दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की तथा आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में पश्चिम एशिया में जारी तनाव प्रमुख विषय रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से होर्मुज जलडमरूमध्य का निर्बाध रूप से खुला रहना बेहद आवश्यक है।

दोनों नेताओं ने नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने और नाविकों सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

वार्ता के दौरान भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने अधिकारियों को जल्द से जल्द एक ऐसा समझौता तैयार करने का निर्देश दिया जो संतुलित, पारस्परिक रूप से लाभकारी और व्यावसायिक दृष्टि से प्रभावी हो।

इसी क्रम में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के अगले सप्ताह भारत दौरे का भी उल्लेख किया गया।
दोनों नेताओं ने रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और द्विपक्षीय व्यापार के क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त करते हुए फरवरी 2025 में वाशिंगटन में हुई पिछली बैठक के बाद हासिल प्रगति की समीक्षा की।

दोनों नेताओं ने व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और दोनों देशों के नागरिकों के हित में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मुलाकात सकारात्मक और उपयोगी रही। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की तथा पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के प्रयासों का समर्थन किया।

तात्कालिक लाभ
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को गति मिलने की संभावना बढ़ेगी।रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग के नए अवसर खुल सकते हैं।पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय समर्थन मिलेगा।

दीर्घकालिक परिणाम
भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी और अधिक मजबूत हो सकती है।व्यापार एवं निवेश बढ़ने से दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलने की संभावना है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिरता बनी रहने पर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार को मजबूती मिलेगी, जिसका सकारात्मक प्रभाव विश्व अर्थव्यवस्था और भारत के ऊर्जा हितों पर पड़ सकता है।






नेशनल स्टॉक एक्सचेंज :भारत में सबसे बड़े IPO की तैयारी, सेबी के पास जमा दस्तावेज

0

नई दिल्ली/मुंबई 18 जून 2026

NSE द्वारा बाजार में अब बड़ा IPO लाने सेबी के पास दस्तावेज जमा किया है।अनुमान है कि यह IPO 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है, जो अब तक का भारत का सबसे बड़ा IPO साबित होगा।

भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने की तैयारी है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अपने बहुप्रतीक्षित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास आधिकारिक दस्तावेज जमा कर दिए हैं।

कई वर्षों से नियामकीय प्रक्रियाओं और अन्य कारणों से लंबित यह प्रस्ताव अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि NSE के सूचीबद्ध होने से भारतीय पूंजी बाजार में पारदर्शिता और निवेशकों का भरोसा और मजबूत होगा। साथ ही घरेलू और विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी भी बढ़ने की संभावना है

यदि यह IPO तय योजना के अनुसार आता है तो यह भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम होगा और वित्तीय क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जाएगी।

NSE के IPO की घोषणा से शेयर बाजार में सकारात्मक माहौल बनने की संभावना है। निवेशकों को देश के सबसे बड़े एक्सचेंज में हिस्सेदारी का अवसर मिलेगा, जबकि पूंजी बाजार में नई पूंजी का प्रवाह बढ़ सकता है। इससे वित्तीय क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भी उत्साह देखने को मिल सकता है।

दीर्घकालिक परिणाम
लंबी अवधि में NSE का सूचीबद्ध होना भारतीय पूंजी बाजार को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बना सकता है। इससे वैश्विक निवेशकों का भरोसा मजबूत होगा, विदेशी निवेश बढ़ने की संभावना बनेगी और भारत अंतरराष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारतीय अर्थव्यवस्था के औपचारिक वित्तीय ढांचे को भी मजबूती देगा।

युद्ध विराम का दावा : अमेरिका-ईरान समझौते से वैश्विक बाजारों में राहत, तेल कीमतों पर नजर

डिजिटल न्यूज डेस्क –18 जून 2026

खाड़ी तनाव और पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी संघर्ष के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों ने वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बनाया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच युद्धविराम और समझौते पर हस्ताक्षर होने का दावा किया है, हालांकि अंतिम सहमति और उसके क्रियान्वयन को लेकर अभी भी कई सवाल बने हुए हैं।

समझौते की खबर सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया और निवेशकों ने राहत की सांस ली। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह समझौता पूरी तरह लागू होता है तो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति सामान्य हो सकती है और तेल की कीमतों पर दबाव कम पड़ सकता है।

हालांकि विश्लेषकों का कहना है कि समझौते की आधिकारिक पुष्टि और दोनों देशों के ठोस कदमों के बाद ही इसके वास्तविक प्रभाव का आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर टिकी हुई है।

तात्कालिक लाभ
यदि दोनों देशों के बीच तनाव कम होता है तो सबसे पहले इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ सकता है। तेल की कीमतों में स्थिरता आने से भारत जैसे आयातक देशों को राहत मिलेगी, परिवहन और उत्पादन लागत पर दबाव कम होगा तथा वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक माहौल बन सकता है।

दीर्घकालिक परिणाम
यदि शांति प्रक्रिया सफल रहती है तो पश्चिम एशिया में स्थिरता बढ़ेगी, जिससे वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला अधिक सुरक्षित होगी। भारत को ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ व्यापारिक और रणनीतिक सहयोग के नए अवसर मिल सकते हैं। साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता कम होने से निवेश और आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है।

दोहरे हत्या के प्रकरण में आरोपी गिरफ्तार: चंद घंटे के भीतर दाढ़ी पुलिस ने सुझाई गुत्थी

थाना दाढ़ी 17 जून 2026

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बेमेतरा जिले के थाना दाढ़ी पुलिस टीम ने 16 जून की शाम को हुई दोहरे हत्या के प्रकरण में चंद घंटे के भीतर सुझाई गुत्थी।


दाढ़ी पुलिस कार्यवाही में पारिवारिक विवाद के चलते झगड़ा मारपीट कर बांस डण्डा से सिर में गंभीर चोट पहुंचा कर भतीजी और भाभी की हत्या करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

प्रार्थी नंदकुमार गंधर्व (47 वर्ष, निवासी घोरेघाट) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16.06.2026 को शाम लगभग 7 बजे दाढ़ी से अपने घर गांव घोरेघाट जा रहा था, बस्ती में लाईट जल रही थी, गांव के खेलन आडिल के घर के सामने पहुंचा तो देखा कि हेमलाल आडिल अपने भतीजी को गाली-गलौच कर हाथ में पकड़े बांस डण्डा से मार कर नाली में चेहरे, सिर को दबा रखा था।

तब वह चिल्लाया तो हेमलाल आडिल बांस के डण्डा को लेकर “रोज मेरे साथ झिक-झिक लडाई झगडा करते हो, परिवार के किसी सदस्य को जिन्दा नहीं छोडूंगा, अभी दो लोगो को मारा हूं, और लोगो को मारूंगा” कहकर चिल्लाते हुए बस्ती तरफ भाग गया।

घर सामने लाईट जल रही थी, पास जाकर देखा तो सकुंतला आडिल (18 वर्ष) का चेहरा सिर नाली में कीचड़ पानी में डुबा था, बाकी शरीर पेट के बाहर पडी थी, जिसे हिला डुला कर आवाज दिया तो कोई जवाब नहीं दे रही थी, आस-पास खुन फैला हुआ था।

हेमलाल आडिल ने बांस डण्डा से झगडा मारपीट कर सिर में गंभीर चोट पहुंचा कर सकुंतला आडिल (18 वर्ष) और उसकी मां कुमारी बाई आडिल (पति खेलनदास आडिल, 50 वर्ष) की हत्या किया है, जिस पर थाना दाढी में अपराध सदर धारा 296, 103(1) BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

उक्त घटना के संबंध में वरिष्ट अधिकारियो को अवगत कराया गया, जिस पर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने तत्काल आरोपी के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करने निर्देश दिए।

जिसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दाढी उप निरीक्षक राकेश साहू को अपराध विवेचना हेतु थाना स्टाफ के साथ लगाया गया।

प्रकरण में विवेचना में आरोपी हेमलाल आडिल को हिरासत में लेकर पुछताछ करने पर अपना अपराध करना स्वीकार किया। पुछताछ करने पर पता चला कि पारिवारिक विवाद के चलते बांस डण्डा से मारपीट कर सिर में प्राण घातक वार कर गंभीर चोट पहुंचा कर हत्या करना। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक बांस का डण्डा व अन्य साक्ष्य जप्त कर कब्जा पुलिस लिया गया।

खबर अनुसार आरोपी वर्ष 2016 में एक प्रकरण में जेल गया था, आरोपी को 10 साल की कठोर सजा मिली, आरोपी करीब 08 वर्ष तक जेल में था, वर्ष 2024 में जेल से छुटकर गांव आ गया था।

प्रकरण में आरोपी हेमलाल आडिल (पिता धनीराम आडिल, 45 वर्ष, निवासी घोरेघाट, थाना दाढी, जिला बेमेतरा) को आज दिनांक 17 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी चंदनू निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी, थाना प्रभारी दाढी उप निरीक्षक राकेश साहू, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव, सीन ऑफ क्राइम यूनिट (FSL) टीम, प्रधान आरक्षक अशरफ खान, विक्रम सिंह, आरक्षक चंद्रकुमार पटेल, रतन श्रीवास, रोहित ध्रुव, संजय चंद्राकर, हेम प्रसाद साहू, चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, बिरेन्द्र चंद्रवंशी एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भुमिका रही।

भारी अनियमितता : गैस एजेंसी की जांच में 346 सिलेंडर कम मिले, प्रकरण दर्ज

रायपुर 17 जून 2026

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने मंगलवार को बम्लेश्वरी गैस एजेंसी के निरीक्षण के दौरान भारी अनियमितता पाए जाने पर एजेंसी संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

कलेक्टर के निर्देश पर जिले में गैस एजेंसियों की जांच अभियान चल रहा है, और इसी क्रम में ऑयल कंपनी के सेल्स ऑफिसर, तहसीलदार और खाद्य निरीक्षक की टीम ने बम्लेश्वरी गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान एजेंसी के ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में गंभीर अंतर मिला, जिनके बाद संबंध मामले की सूचना इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को आगे की कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

जांच में ऑनलाइन दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध सिलेंडरों के मिलान में 346 रिफिल सिलेंडर कम और 296 खाली सिलेंडर अधिक पाए गए, जिसे द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण) विनियमन, 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए एजेंसी संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जांच प्रतिवेदन संबंधित ऑयल कंपनी को भेज दिया गया है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता तथा उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ी शिकायतों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।