28.1 C
Raipur
Saturday, October 31, 2026
Home Blog Page 127

थाली रखी, मशाल जलती रही — जंतर मंतर से CJP विदा, लेकिन आंदोलन नहीं

0

नई दिल्ली/डिजिटल न्यूज – 20 जून 2026

जंतर मंतर का प्रदर्शन समाप्त हो गया।
लेकिन जो सवाल उठे — वो नहीं गए।

शाम पाँच बजे अनुमति खत्म हुई। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जगह खाली करने को कहा। और अंततः CJP के कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वहाँ से हट गए।

आज के प्रदर्शन में क्या हुआ
दोपहर एक बजे शुरू हुआ प्रदर्शन। थाली बजी। नारे गूंजे। पोस्टर उठे। उन छात्रों को 2 मिनट का मौन दिया गया जो परीक्षा व्यवस्था की विफलता से टूटकर दुनिया छोड़ गए।

दो मिनट का मौन।
उन छात्रों के लिए जो परीक्षा नहीं दे पाए — इसलिए नहीं कि तैयारी नहीं थी। बल्कि इसलिए कि व्यवस्था ने उनका सपना चुरा लिया और वे टूट गए।

CJP ने सरकार से माँग की है कि पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की विफलता के कारण डिप्रेशन में आकर जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
शाम पाँच बजे अनुमति खत्म हुई। दीपके ने गिरफ्तारी की परवाह किए बिना डटे रहने का ऐलान किया। पुलिस ने दबाव बनाया। और अंततः प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ।

खबर अनुसार कोई हिंसा नहीं। कोई गिरफ्तारी नहीं।

माँगें जो अभी भी जिंदा हैं
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।
NEET पेपर लीक की निष्पक्ष जाँच।
पेपर लीक से टूटकर जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा।
परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता।

खबर अनुसार शांति पूर्ण तरीके से जंतर मंतर खाली हो गया।

लेकिन वो पोस्टर जो मंच पर लगे थे — उन चेहरों के — वो आँखों से नहीं उतरते।CJP का यह दिल्ली में दूसरा प्रदर्शन था। और संगठन का साफ संदेश है —
“यह अंत नहीं — अगला पड़ाव तय होगा।”
थाली रख दी। मशाल नहीं बुझी।

(प्रस्तुत खबर डिजिटल जानकारी पर आधारित)


कुष्ठ-खोजी अभियान: घर-घर दस्तक देंगी मितानिन — कुष्ठ और पोलियो के खिलाफ चंदनू में कसी कमर

बेमेतरा/चंदनू – 20 जून 2026

बीमारी तब हारती है जब समाज एकजुट होकर उसके खिलाफ खड़ा हो जाता है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदनू में आज यही तस्वीर दिखी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. राज की उपस्थिति में कुष्ठ रोगी खोज अभियान और पल्स पोलियो अभियान के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ को मास्टर ट्रेनरों ने कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षण, घर-घर सर्वे की प्रक्रिया और संदिग्ध मरीजों की पहचान का प्रशिक्षण दिया। साथ ही शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो दवा पिलाने की रणनीति और कोल्ड चेन मेंटेनेंस पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

CMHO डॉ. रोहलेडर ने साफ शब्दों में कहा —

“कुष्ठ रोग अब लाइलाज नहीं है। समय पर पहचान और MDT दवा से यह पूरी तरह ठीक हो जाता है। सर्वे में एक भी संदिग्ध केस नहीं छूटना चाहिए।”

DHO डॉ. बी.एल. राज ने पोलियो अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों के कवरेज पर जोर दिया। प्रशिक्षण में हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस और प्रश्नोत्तरी सत्र भी रखे गए। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण किट और प्रचार सामग्री वितरित की गई।

यह मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ही हैं जो गाँव की गली-गली में जाकर उस बीमार तक पहुँचती हैं जो खुद अस्पताल नहीं आ सकता। यही असली स्वास्थ्य सेवा है — दरवाजे तक।

रक्त से लिखी सेवा की इबारत — महेश नवमी पर 52 वीरों ने दिया जीवन का उपहार

बेमेतरा – 20 जून 2026

पर्व हो और सेवा न हो — तो उत्सव अधूरा है।

महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी युवा संगठन बेमेतरा ने यह साबित कर दिया कि असली पूजा मंदिर में नहीं — जरूरतमंद की सेवा में होती है। माहेश्वरी भवन में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 52 रक्तवीरों ने अपनी बाँह आगे बढ़ाई और 52 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

जिला चिकित्सालय बेमेतरा के ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित इस शिविर का संचालन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर एवं सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू के निर्देशन में हुआ। डॉ. पी.आर. पोपटानी सहित पूरी चिकित्सकीय टीम ने शिविर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष हर्ष माहेश्वरी ने जो बात कही वो दिल को छू गई —

“एक यूनिट रक्त से तीन जिंदगियाँ बचती हैं।”

यानी आज जिन 52 हाथों ने रक्त दिया — उन हाथों ने 156 जिंदगियों को नई उम्मीद दी।

सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने कहा कि गर्मी के मौसम में ब्लड बैंक में रक्त की भारी कमी रहती है। ऐसे में यह शिविर उन मरीजों के लिए संजीवनी बना जो रक्त की कमी से जूझ रहे हैं।

सभी 52 रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रक्तदान महादान — यह सिर्फ एक नारा नहीं है।

जब कोई अपना खून देता है बिना किसी स्वार्थ के — तो वह भगवान का काम करता है। माहेश्वरी समाज ने महेश नवमी पर यही किया — शिव की पूजा नहीं, शिव का काम।

धरती की चीख —और प्यासा अंबर: क्या हम सुन और देख नहीं रहे

विशेष जागरूकता लेख/जल है तो कल है-
20 जून 2026

पहले एक सवाल
पृथ्वी पर 71% पानी है।
फिर भी पीने का पानी नहीं !!

यह विरोधाभास नहीं — यह हमारी करनी का नतीजा है।
हमने क्या किया धरती के साथ

पेड़ काटे — जो बादल बुलाते थे,पानी ऊपर भेजते थेl
जंगल उजाड़े — जो पानी रोकते थे।
कुआँ पाटा — जो भूजल भरते थे।
कॉन्क्रीट बिछाया — जो बारिश का पानी जमीन में नहीं जाने देता।
बादल से मिला पानी व्यर्थ बहा दिया — नालियों में, नदियों में, समुद्र में।

और अब —
कारखाने को पानी चाहिए।
वाहन धोने को पानी चाहिए।
स्विमिंग पूल को पानी चाहिए।

पीने के लिए पानी कहाँ बचे?
समुद्र का पानी पीयें? — नहीं पी सकते

धरती पर इतना पानी है तो समुद्र का पानी क्यों नहीं पीते?
क्योंकि समुद्र का पानी नमकीन है। उसे पीने योग्य बनाने की प्रक्रिया इतनी महंगी और ऊर्जा खपाने वाली है कि पूरी दुनिया की प्यास नहीं बुझा सकती।

और समुद्र की गहराई मात्र 14 किलोमीटर है शायद नहीं
समुद्र की औसत गहराई लगभग 3.5 किलोमीटर है।जानकारी आधार पर।अधिकतम गहराई मारियाना ट्रेंच — लगभग 11 किलोमीटर है।टाइटैनिक जहाज भी कितनी गहराई में पड़ा है यह पढ़ लेना।लेख कोई दस्तावेज नहीं है।
धरती की त्रिज्या लगभग 6,371 किलोमीटर है — यह सही हो सकता है।

धरती की गहराई 6000 किलोमीटर से भी ज्यादा ये समझने के लिए।

यानी समुद्र धरती की सतह पर बिछी एक पतली चादर भर है,मशीनरी तेल ईंधन के लिए उसे भी फाड़ा जा रहा है।पानी नहीं तेल का कुआं चाहिए , आदमी पानी पिए या ना पिए मशीन को पिलाने तेल ईंधन चाहिए ।
खाते तो दाल चावल है या मांस मटन है जिसे मशीन से पैदा नहीं कर सकते, इस धरती से ही पैदा किया जा सकता है पानी की जरूरत है।

जब यह चादर गर्म होगी — उबलेगी। बादल बनेंगे। लेकिन बरसेंगे कहाँ — जब जंगल ही नहीं बचे पानी रोकने को?
भूजल — आखिरी उम्मीद को भी खोद डाला

पहले कुआँ हमारी सभ्यता की धरोहर था।

प्रकृति सदियों से बारिश का पानी छानकर, रिसाकर जमीन के अंदर सहेजती थी। हमने नल लगाए, मोटर लगाई और उस संचित पानी को दशकों में खींच लिया।

अब भूजल स्तर हर साल नीचे जा रहा है।
जो पानी प्रकृति ने हजारों साल में जमा किया — हमने पचास साल में खाली कर दिया क्यों विकास ही विकास।

विकास से हमने क्या पैदा किया प्लास्टिक — जो मरता नहीं, बस छुप जाता है। पहले देखा था लकड़ी की गाड़ी बचपन में लकड़ी के खिलौने बाजार में लकड़ी की बैल-गाड़ी सवारी गाड़ी,छकड़ा फिर लकड़ी की छड़ी बुढ़ापे में ।

अब जंगल तो है नहीं लकड़ी युग खतम।

और इस सबके ऊपर —
वो प्लास्टिक जो हमने धरती पर फेंका, नदियों में बहाया, समुद्र में डाला वो क्या!!

प्रकृति लोहे को सड़ा सकती है। मुर्दे को पचा सकती है। लेकिन प्लास्टिक को नहीं।

हजारों साल बाद भी प्लास्टिक ज्यों का त्यों रहेगा। बस टूटता रहेगा — इतना छोटा कि दिखे नहीं।
माइक्रोप्लास्टिक!!

वो मिट्टी में मिला। पानी में घुला। पौधों में पहुँचा। जानवरों में गया। और अब —हमारे खून में है।स्पर्म काउंटिंग कमजोर फिर कभी।


मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मु को जन्मदिन की बधाई दी, ओडिशा कार्यक्रम में मिलने की जताई उत्सुकता

0

नई दिल्ली – 20 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि साहस, सादगी, विनम्रता और लोक सेवा के प्रति अडिग प्रतिबद्धता से भरी राष्ट्रपति की जीवन-यात्रा देशभर के लोगों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत रही है।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मु के दीर्घ सार्वजनिक जीवन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव उत्कृष्ट ढंग से राष्ट्र की सेवा की है। विशेष रूप से वंचितों और समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों के कल्याण के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय रहा है। उन्होंने भारत के विकास के प्रति राष्ट्रपति की अटूट प्रतिबद्धता को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ईश्वर से कामना की कि राष्ट्रपति मुर्मु को देश सेवा के लिए लंबी एवं स्वस्थ आयु प्राप्त हो। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वे आज ओडिशा में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति से व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए उत्सुक हैं।

रिश्वत लेने पर सहायक ग्रेड-02 निलंबित, कलेक्टर ने की कड़ी कार्रवाई

बेमेतरा-19 जून 2026

अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने के बदले अनुचित रूप से राशि वसूलने की शिकायत सही पाए जाने पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कार्यालय कलेक्टर बेमेतरा के सहायक ग्रेड-02 विनय कुमार कुर्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामले की शुरुआत 11 जून 2026 को हुई, जब ग्राम सिंघनपुरी निवास दिलेश बंजारे ने शिकायत दर्ज कराई कि उक्त कर्मचारी द्वारा विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के एवज में अनुचित राशि की मांग की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कार्यालय ने अगले ही दिन 12 जून को जांच समिति गठित कर त्वरित जांच के आदेश दिए।
जांच समिति ने 19 जून को प्रस्तुत अपनी रिपोर्ट में शिकायत की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि श्री कुर्रे का यह कृत्य कदाचार की श्रेणी में आता है तथा इससे कार्यालय की छवि को भी नुकसान पहुंचा है। जांच में पाया गया कि यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3(ख) का स्पष्ट उल्लंघन है।
रिपोर्ट प्राप्त होते ही कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत निलंबन आदेश जारी कर दिए। निलंबन अवधि के दौरान श्री कुर्रे का मुख्यालय तहसील कार्यालय साजा, जिला बेमेतरा निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के लिए भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

नशामुक्ति संकल्प आवास सर्वे सत्यापन को लेकर विशेष ग्राम सभाएं 24 जून से

बेमेतरा- 20 जून 2026

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार बेमेतरा जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं उनके आश्रित ग्रामों में 24 जून 2026 से एक सप्ताह तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने इस संबंध में सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

इन ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2024 सर्वे सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों की स्थायी प्रतीक्षा सूची को भी स्वीकृति दी जाएगी, ताकि आवासहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जा सके।

ग्राम सभाओं के दौरान पंचायतों के वार्षिक बजट की समीक्षा के साथ-साथ मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी। स्वीकृत एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की स्थिति भी ग्रामीणों के समक्ष रखी जाएगी।

इन विशेष बैठकों में दो महत्वपूर्ण संकल्प भी पारित किए जाएंगे। पहला, 16वें वित्त आयोग के समक्ष पंचायतों की स्थानीय विकास प्राथमिकताओं एवं आवश्यकताओं को शामिल कराने हेतु संकल्प, और दूसरा, नशा मुक्त ग्राम निर्माण के संकल्प के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का अभियान। इसके अतिरिक्त रोजगार, महिला स्व-सहायता समूहों का सशक्तिकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे विषय भी चर्चा में शामिल रहेंगे।

जिला प्रशासन ने समस्त जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीण नागरिकों से इन बैठकों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय व्यापक जनसहभागिता के साथ लिए जा सकें।

अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई: ट्रैक्टर चालक ने किया जहर का सेवन, हालत स्थिर, जांच के आदेश

रायपुर -19 जून 2026

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल तहसील के ग्राम सिनोधा में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर चालक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है।

प्रशासन ने तत्काल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार वह अब खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना कसडोल के सुपुर्द किया। कार्रवाई से क्षुब्ध होकर ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

सूचना मिलते ही प्रशासन ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

इस मामले की जांच के लिए कलेक्टर ने एसडीएम कसडोल आर.आर. दुबे के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है। टीम को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम आर.आर. दुबे ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई थी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर चालक ने नायब तहसीलदार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में नायब तहसीलदार से स्पष्टीकरण मांगा गया, जिसमें उन्होंने आरोपों को निराधार बताया है।

पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रेत भरे 10 हाइवा जब्त: अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

रायपुर 19 जून 2026

अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर बलौदाबाजार जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण व छापेमारी की कार्यवाही भी लगातार की जा रही है।

इसी कड़ी में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार शुक्रवार को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के द्वारा अवैध रेत परिवहन करते 10 हाइवा को जब्त किया गया।

एसडीएम सिमगा ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः 6 बजे सिमगा के जायसवाल फैमिली ढाबा के पास राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान हाइवा वाहन क्रमांक CG09JT3532, CG09JQ9614, CG09JC8879, CG25A1429, CG25G7400, CG09JT9184, CG25N2896, CG25P9074, CG09JT9614, CG09J50181 एवं CG09JS6362 में रेत परिवहन करते पाया गया।

उक्त वाहनों को रोककर परिवहन पास मांगे जाने पर वाहन क्रमांक CG09JS6362 के द्वारा परिवहन पास प्रस्तुत किया गया एवं शेष 10 वाहन चालकों द्वारा परिवहन पास संबंधी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

वाहन चालक वाहन की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गए। टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

अपेक्षा, आवश्यकता और जरूरत : इंसान के होने की तीन परतें

डिजिटल डेस्क-19 जून 2026

विचार की धार तीखी हो सकती है, बस थोड़ी और परत खोल दें तो “सत्य का असली फ्लेवर” आ जाएगा। हम इसे 3 प्वाइंट पर रख कर समझेंगे , “”जरूरत ,आवश्यकता और अपेक्षा।””

पहली बात जरूरत
जो है, अभी, इसी पल के लिए ।जरूरत देह की पुकार है। भूख, प्यास, नींद, सुरक्षा, साथ — ये टाली नहीं जा सकती। इसलिए कि हम दूसरे की याद में तभी आते हैं जब हम उसकी जरूरत बनते हैं। मां को बच्चा रात में याद आता है क्योंकि रो रहा है। दोस्त को दोस्त तभी याद आता है जब अकेलापन काटता है।

जरूरत = (बराबर) उपलब्ध साधन से तत्काल अभाव मिटाना।
ये स्वार्थ नहीं, अस्तित्व है। यहां कोई विकल्प नहीं होता, जो सामने है उसी से काम चलाना पड़ता है।

दूसरी बात आवश्यकता :
जो नहीं है, पर कल चाहिए ,,
जरूरत पूरी होते ही मन का दूसरा तल जागता है — सुविधा, विस्तार, सुरक्षा का भरोसा।बिजली आई तो पंखा चाहिए। पंखा आया तो AC की आवश्यकता जन्मी।
मतलब यहां पर आवश्यकता = जीवन को बेहतर, आसान, टिकाऊ बनाने की योजना।

इसीलिए कहते हैं आवश्यकता आविष्कार की जननी है। आग से चूल्हा बना, चूल्हे से गैस, गैस से इंडक्शन। हर बार आवश्यकता ने जरूरत को नया आकार दिया।
आवश्यकता भविष्य देखती है। इसमें चुनाव है, इच्छा है, तुलना है।

तीसरी बात कह सकते हैं अपेक्षा :
जो है भी नहीं, पर मन ने मान लिया कि होना चाहिए ।

अपेक्षा मन का सबसे सूक्ष्म खेल है। ये न देह की है, न भविष्य की प्लानिंग की। ये संबंधों का अदृश्य करार है।हम भगवान से अपेक्षा रखते हैं कि वो न्याय करेगा। माता-पिता से अपेक्षा कि वो समझेंगे। समाज से अपेक्षा कि वो प्रेम देगा।

यहां पर अपेक्षा (बराबर)= दूसरे के व्यवहार पर हमारी बिना-कही शर्त।

इसीलिए एक विचार आया कि जब तक अपेक्षाएं पूरी होती हैं, हम किसी की पूजा करते हैं। जब टूटती हैं, तो शैतान मान लेते हैं।

उपलब्ध जानकारी पर कहें तो,,
ईसा का उदाहरण भी यही है। समाज की अपेक्षा थी ‘मसीहा आएगा और रोमन शासन से मुक्ति देगा’। जब सूली मिली तो अपेक्षा टूटी — वही मसीहा अपराधी लगा। बाद में जब करुणा की अपेक्षा जागी, तो वही भगवान हो गया। देवता और शैतान के बीच की रेखा अपेक्षा खींचती है।

तो हम क्या हैं? जरूरत, आवश्यकता या अपेक्षा?

अब तीनों एक साथ हैं। परत-दर-परत:
धर्म, देवता, मजहब भी इसी क्रम में बने।
पहले जरूरत थी — आग से डर लगा तो अग्नि देवता। पानी डुबोए तो वरुण देवता। मृत्यु समझ न आई तो यम। फिर आवश्यकता बनी — धन चाहिए तो लक्ष्मी, विद्या चाहिए तो सरस्वती।

और अंत में अपेक्षा जुड़ी — ‘मेरी सुनोगे, मेरी रक्षा करोगे’। जहां अपेक्षा टूटी, वहां नास्तिकता जन्मी या देवता बदला।

डिस्क्लेमर:_आप एक वैचारिक लेख पढ़ रहे हैं जो सामान्य जानकारी पर आधारित एक विचार मात्र है कि ऐसा हो सकता है?!?!

कड़वा सत्य जो विवाद से बचाता है

हम किसी के लिए तभी तक जरूरी हैं जब तक उसकी जरूरत जिंदा है। ये स्वार्थ नहीं, प्रकृति का नियम है। पेड़ भी छाया तभी तक देता है जब तक धूप है।

आवश्यकता हमें इंसान से आविष्कारक बनाती है। पर जैसे-जैसे आवश्यकता बढ़ती है, संतोष घटता है। इसलिए दर्शन कहता है — संसार विषय-भोग का साधन है, साध्य नहीं।

अपेक्षा सबसे खतरनाक है क्योंकि ये अदृश्य है। हम खुद नहीं जानते हम दूसरे से क्या चाह रहे हैं। जब वो नहीं मिलता तो रिश्ता, श्रद्धा, विश्वास सब टूटता है।

तो रास्ता क्या है?
जरूरत को पहचानो — उसे इनकार मत करो।
आवश्यकता को सीमा दो — वरना वो कभी पूरी नहीं होगी।
अपेक्षा को कह दो — जो कह दिया वो बोझ नहीं रहता।

जब ये तीनों अपनी जगह पर दिखने लगते हैं, तो न कोई देवता बचता है न शैतान। बस एक इंसान बचता है — जो जानता है कि वो क्यों याद किया जा रहा है, और खुद कब, किसे, क्यों याद कर रहा है।

यही सत्य का असली फ्लेवर है — न मीठा, न कड़वा। बस वैसा जैसा है।