26.4 C
Raipur
Tuesday, July 28, 2026

विद्यार्थियों ने किया श्रमदान,नो बैग डे पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में लगाए पौधे

Must read

सूरजपुर – 27 जुलाई 2026

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पोषण के महत्व को समझाना भी था।इस दौरान विद्यार्थियों ने श्रमदान कर पोषण वाटिका की साफ-सफाई की और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत मनाए गए नो बैग डे पर सूरजपुर जिले के बस्ता-मुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में पर्यावरण संरक्षण और पोषण को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विद्यार्थियों ने पोषण वाटिका की संभाली जिम्मेदारी

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में यूथ एवं इको क्लब के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने पोषण वाटिका से खरपतवार हटाए और पौधों की देखभाल की। संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी ने बताया कि क्लब प्रभारी श्रीमती एम. टोप्पो और क्लब अध्यक्ष वर्षा राजवाड़े के नेतृत्व में बच्चों ने उत्साह के साथ श्रमदान किया।

फलदार पौधे और सब्जियों के बीज लगाए गए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप शासकीय उद्यान दतिमा से पौधे लाकर विद्यालय परिसर में नीम, पीपल, आम, पपीता, मुनगा और केला जैसे फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। इसके साथ ही पोषण वाटिका में बरबटी, लौकी और करेला के बीज भी बोए गए।

बच्चों के पोषण में मदद कर रही है पोषण वाटिका

संस्था प्रमुख ने बताया कि विद्यालय परिसर में पहले से आम, जामुन, कटहल, अमरूद, पपीता, केला और अनानास के पेड़ हैं। इनसे मिलने वाले फल विद्यार्थियों के पोषण में उपयोग किए जाते हैं।

शिक्षकों और बाल कैबिनेट की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में शिक्षक रिजवान अंसारी, श्रीमती सुमित्रा राजवाड़े, नान दईया तथा बाल कैबिनेट के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। सभी ने मिलकर विद्यालय परिसर को हराभरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का संकल्प लिया।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article