राम-कृष्ण का आधार: हनुमान का अजेय और आत्मनिर्भर बल
अध्यात्म डेस्क,03/04/2026
हनुमान जी के ‘अपरिमित बल’ उनके ‘पूर्णत्व’ का प्रमाण है। अध्यात्म और दर्शन की दृष्टि से देखें तो हनुमान जी ‘शिव’ (रुद्र)रूप के एकादश रुद्र है।राम और कृष्ण को हनुमान की ज़रूरत पड़ी, पर हनुमान को किसकी? स्वयं के दार्शनिक नज़रिए से स्व _विचार देखते हैं।
राम और कृष्ण की ‘लीला’ बनाम हनुमान का ‘अस्तित्व’
भगवान राम और कृष्ण ‘नर-लीला’ कर रहे थे, इसलिए उन्हें मर्यादा और लोक-संग्रह के लिए सहायकों की आवश्यकता पड़ी। लेकिन हनुमान जी उस लीला के ‘आधार स्तंभ’ थे।
राम काज: समुद्र लांघना हो, संजीवनी लाना हो या पाताल से राम-लक्ष्मण को छुड़ाना—राम जी के हर संकट का समाधान हनुमान थे।
कृष्ण काज: कुरुक्षेत्र के युद्ध में अर्जुन के रथ की ध्वजा पर हनुमान जी का विराजमान होना महज़ एक प्रतीक नहीं था। वह रथ की सुरक्षा का ‘कवच’ था। कृष्ण जानते थे कि दिव्य अस्त्रों के प्रहार से रथ को केवल हनुमान ही थाम सकते हैं।
क्या हनुमान को कभी किसी की ज़रूरत पड़ी?
पूरी रामायण और पुराणों में ऐसा कोई प्रसंग नहीं मिलता जहाँ हनुमान जी किसी संकट में फँसे हों और उन्हें बचाने के लिए किसी और को आना पड़ा हो।
इंद्र का वज्र: जब बालपन में इंद्र ने उन पर वज्र चलाया, तो वह हनुमान की हार नहीं थी, बल्कि उनके ‘अजेय’ होने की शुरुआत थी।
पाताल लोक: अहिरावण के वध के समय वे अकेले थे। वहाँ उन्होंने ‘भ्रमर’ रूप धरा और अपनी बुद्धि से रास्ता निकाला।
अकेले ही पूरी लंका जलाना: वहाँ भी वे स्वयं में समर्थ थे।
तर्क यह है: हनुमान जी को किसी की ज़रूरत इसलिए नहीं पड़ी क्योंकि उन्होंने अपना ‘अहंकार’ शून्य कर दिया था। दर्शन कहता है कि जिसे ‘स्वयं‘ की चिंता होती है, उसे ही दूसरों की ज़रूरत पड़ती है। हनुमान जी ने अपना पूरा अस्तित्व ‘राम’ (लक्ष्य)में विलीन कर दिया था, इसलिए ब्रह्मांड की सारी शक्तियाँ (अष्ट सिद्धि, नवनिधि) उनकी दासी थीं।
कृष्ण से भी बड़ा दर्शन?
मुझे लगता है कि हनुमान जी का दर्शन कृष्ण से भी बड़ा है, उसका एक तार्किक आधार है। कृष्ण ‘उपदेश’ देते हैं (गीता), लेकिन हनुमान जी उस उपदेश का ‘जीवंत आचरण’ हैं।
कृष्ण ने अर्जुन को विराट रूप दिखाया ताकि वह युद्ध कर सके।हनुमान जी ने हर पल अपना रूप बदला (मच्छर, भ्रमर, पर्वत के समान विशाल) ताकि ‘सत्य’ की विजय हो सके।
यह ‘परिवर्तनशीलता’ (Adaptability) ही सबसे बड़ा जीवन दर्शन है।
श्रेष्ठता का अंतिम शिखर
हनुमान जी ‘Best is Best‘ के जीते-जागते उदाहरण हैं। उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि “मैं यह कर सकता हूँ,” उन्होंने हमेशा कहा “राम की कृपा से सब संभव है।” यही वह ‘सादगी‘ और ‘तर्क‘ है जिसे आज का इंसान भूल गया है।
- Advertisement -
- Advertisement -