जगन्नाथपुरी रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए जारी की जरूरी एडवाइजरी
जगन्नाथपुरी/न्यूज 18 जुलाई 2026
हिंदुओं के प्रथम धाम श्रद्धा स्थल जगन्नाथपुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान भारी भीड़ उमड़ने के बाद ओडिशा पुलिस के महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने शुक्रवार को श्रद्धालुओं से खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को साथ लेकर पुरी न आएं, ताकि उनकी सुरक्षा और सेहत को कोई खतरा न हो। उन्होंने प्रशासन की तरफ से समय-समय पर जारी होने वाली एडवाइजरी का पालन करने का भी अनुरोध किया।
छोटे बच्चों को न लाने की सलाह
मीडिया से बातचीत में डीजीपी खुरानिया ने कहा कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु एक-दो साल से छोटे बच्चों को अपने साथ न लाएं। उनका कहना था कि इतनी बड़ी भीड़ में नन्हे बच्चों की सेहत और सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ जाता है।
ग्रैंड रोड पर उमड़ा जनसैलाब
डीजीपी ने बताया कि बड़ा दांडा यानी ग्रैंड रोड पूरी तरह श्रद्धालुओं से भरा हुआ है और पूरे पुरी शहर में लाखों की तादाद में लोग मौजूद हैं। हर दिशा से लगातार श्रद्धालुओं का आना जारी है और पूरे शहर का माहौल उत्सव और भक्ति से भरा हुआ है। उन्होंने एक बार फिर श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पूरी सख्ती से पालन करने की गुजारिश की, ताकि रथ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। इसके लिए इस साल सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
103 झपटमार गिरफ्तार, सैकड़ों मोबाइल बरामद
इसी बीच पुरी पुलिस ने चोरी-झपटमारी रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में अब तक 103 झपटमारों को दबोच लिया है। इनके पास से श्रद्धालुओं के 203 चोरी हुए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
हर कोने पर सुरक्षा का पहरा
पुलिस के मुताबिक ग्रैंड रोड, जगन्नाथ मंदिर परिसर, समुद्र तट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्किंग स्थल और भीड़भाड़ वाली दूसरी जगहों पर पुलिस टीमें चौबीसों घंटे मुस्तैद हैं। सीसीटीवी कैमरों और खुफिया जानकारी की मदद से हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भीड़ वाले इलाकों में अपने मोबाइल, पर्स, गहने और कीमती सामान की खास हिफाजत करने की अपील भी की है।
- Advertisement -
- Advertisement -