प्रकृति श्रृंगार अभियान – समग्र ब्राह्मण परिषद् की रायपुर बैठक में बड़े फैसले
प्रांत स्तरीय युवक-युवती एवं पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
रायपुर छत्तीसगढ़ 20 जुलाई 2026
परिषद की बैठक में परिषद् के “प्रकृति श्रृंगार” अभियान के तहत 26 जुलाई अथवा 2 अगस्त को रायपुर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की रायपुर शहर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की सामाजिक, धार्मिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी आगामी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
साथ ही संगठन को प्रदेशभर में अधिक सक्रिय एवं जनसरोकारों से जोड़ने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है। पदाधिकारियों ने इस अभियान को पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ संचालित करने का आह्वान किया।
सावन माह के धार्मिक आयोजनों के तहत 25 अगस्त को भौम प्रदोष के अवसर पर भगवान एकलिंग जी का विशेष पूजन, रुद्राभिषेक तथा मांगलिक दोष से प्रभावित जातकों की मंगल शांति के लिए विशेष वैदिक अनुष्ठान आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इस आयोजन में अधिकाधिक श्रद्धालुओं एवं समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय दिसंबर 2026 अथवा जनवरी 2027 में “प्रांत स्तरीय समग्र ब्राह्मण युवक-युवती एवं पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन” आयोजित करने का रहा।
सम्मेलन का उद्देश्य योग्य युवक-युवतियों एवं पुनर्विवाह के इच्छुक पात्रों को सामाजिक मंच उपलब्ध कराना, पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा समाज में सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
आयोजन की तैयारियों के लिए शीघ्र विभिन्न समितियों का गठन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में सामाजिक सेवा, युवा सहभागिता, मातृशक्ति की सक्रिय भूमिका तथा संगठन के विस्तार पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश सचिव पं. सजल तिवारी ने कहा कि समग्र ब्राह्मण परिषद् केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, संगठन और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम है। परिषद् भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक जागरण और सामाजिक एकता के लिए जनहितकारी अभियान चलाती रहेगी।
बैठक में श्रीमती खुशबु शर्मा, श्रीमती संध्या उपाध्याय, श्रीमती प्रीति तिवारी, पं. विजय पांडेय, पं. श्रीकांत तिवारी, डॉ. भावेश शुक्ला “पराशर” सहित रायपुर शहर के अनेक पदाधिकारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
- Advertisement -