छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल:हॉकी एशिया कप में गीता-मधु ने दागे 4-4 गोल
रायपुर 18 सितंबर 2026
भारत की जीत में अहम भूमिका।
चीन के मोकी शहर में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। बिलासपुर की बहतराई आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं गीता यादव और मधु सिदार ने पूरे टूर्नामेंट में चार-चार गोल दागे और भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबले में मधु सिदार ने एक गोल कर भारत की जीत में योगदान दिया। वहीं मलेशिया के खिलाफ 11-1 की शानदार जीत में गीता यादव ने दो गोल दागे। भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भारत ने 19-0 से जीत दर्ज की, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गोल कर भारतीय आक्रमण को मजबूती दी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मिलकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीता और मधु ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल कौशल से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है, विभाग की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग मिलेगा।
इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर के हाई परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बरार और खेल अधिकारी सुशील भी मौजूद थे।
- Advertisement -
- Advertisement -