प्रधानमंत्री के नीदरलैंड दौरे में भारत को मिली बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों को किया संबोधित
डिजिटल डेस्क/नमो ऐप -17/05/2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीदरलैंड दौरे के दौरान भारत और नीदरलैंड के संबंधों को नई मजबूती मिली। द हेग में आयोजित एक बड़े सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय प्रवासी समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
इस दौरान नीदरलैंड सरकार और लाइडेन यूनिवर्सिटी लाइब्रेरी ने भारत को 11वीं शताब्दी के चोल काल के दुर्लभ ताम्रपत्र लौटाए। लगभग 1000 साल पुराने इन ऐतिहासिक ताम्रपत्रों की वापसी को भारत की सांस्कृतिक धरोहर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
नीदरलैंड में बसे सूरीनामी हिंदुस्तानी समुदाय के लिए भी बड़ी घोषणा की गई। भारत सरकार ने ओसीआई कार्ड की पात्रता चौथी पीढ़ी से बढ़ाकर छठी पीढ़ी तक करने का निर्णय लिया है, जिसका वहां के भारतीय मूल के लोगों ने स्वागत किया।
दौरे के दौरान भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र को भी बड़ी मजबूती मिली। गुजरात के धोलेरा में बनने वाले भारत के पहले फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और ASML
के बीच समझौता हुआ। इस अवसर पर पीएम मोदी और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मौजूद रहे।
इसके अलावा संस्कृति, ऊर्जा, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्षा जैसे कई क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
- Advertisement -
- Advertisement -