विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक “अजय चंद्राकर जी कुंठित मानसिकता से बयानबाजी कर रहे हैं। अपनी ही पार्टी में मंत्री पद न मिलने की कुंठा निकाल रहे हैं।”
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर द्वारा यूथ कांग्रेस चुनाव में फर्जी वोटिंग और चंदे के जरिए सदस्यता देने के आरोप लगाते हुए CBI जांच की मांग पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने अजय चंद्राकर के बयान को कुंठित मानसिकता से प्रेरित बताया है। विकास उपाध्याय ने कहा कि अजय चंद्राकर जी यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर CBI जांच की मांग कर रहे हैं, तो अगर उन्हें इतनी ही चिंता है तो अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और अनियमितताओं के मामले में भी CBI जांच की मांग क्यों नहीं करते?
उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावे के मामले में SIT जांच और कार्रवाई की रिपोर्ट सामने आ चुकी है, उस पर भाजपा के नेता चुप क्यों हैं।
विकास उपाध्याय ने आगे कहा कि अजय चंद्राकर जी ऐसे बयान देकर शायद अपने ही संगठन में अपनी राजनीतिक उपयोगिता साबित करना चाहते हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अजय चंद्राकर जी को मंत्री पद मिलने वाला नहीं है, इसलिए वे इस तरह के बयान देकर अपनी कुंठा निकाल रहे हैं।
गौरतलब है कि अजय चंद्राकर ने आरोप लगाया था कि यूथ कांग्रेस में चंदे के जरिए सदस्यता दी जा रही है और चुनाव में फर्जी वोटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।