साजा पुलिस ने गौवंश तस्करी के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 4 गौवंश, एक पिकअप वाहन और 2 मोटरसाइकिलें, कुल करीब 3 लाख 39 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर को सूचना मिली थी कि 4 भैंसों को पिकअप वाहन से मध्यप्रदेश स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। वाहन के आगे दो मोटरसाइकिलों से कुछ लोग पायलेटिंग कर रहे थे।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए साजा पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। पूछताछ में मवेशियों के संबंध में वैधानिक दस्तावेज नहीं मिले। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।