दिवाली की रौनक बाजारों में, राजनीतिक गलियारों में या जनता की गली चौबारों में
डिजिटल डेस्क – 09 नवंबर 2026
ज्योतिपति: कहो ज्वाला सिंह, इस बार दिवाली कैसी रही? तुम्हारा पटाखा कहीं फुस्स तो नहीं हो गया?
ज्वाला सिंह: पटाखा फुस्स होता तो शायद सुकून रहता, ज्योतिपति! इस बार तो दिवाली के मौक़े पर भी बस्तर से जो आवाज़ें आईं, उन्होंने सारा मज़ा किरकिरा कर दिया। देश के शीर्ष नेतृत्व ने जवानों के बीच वर्दी पहनकर भाषण तो दिया, लेकिन उस उत्सव में खुशियों से ज़्यादा राजनीतिक तल्ख़ी साफ़ दिख रही थी।
त्योहार के दिन भी विपक्षी दलों पर निशाना साधना बंद नहीं हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्य विपक्षी दल और उसके सहयोगियों को ‘दिमागी नक्सली’ तक कह डाला गया।
ज्योतिपति: ज़रा सोचिए! जिस पार्टी का इतिहास 1885 यानी डेढ़ सदी के करीब का रहा हो, जिसने देश की सियासत की धुरी संभाली हो, उसे 1980 में बनी पार्टी के मंच से ऐसा तंज कसा जा रहा है। 44 साल पुरानी पार्टी के नेता का 140 साल से ज़्यादा पुराने राजनीतिक इतिहास वाले दल को ‘दिमागी नक्सली’ कहना अजीब ज़रूर लगता है।
इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे राजनीति में परिपक्वता की कमी के कारण, सत्तारूढ़ पार्टी का इस दिवाली दिमागी दिवालियापन साफ नज़र आ रहा है, जब विरोधियों को ‘दिमागी नक्सली’ कहा जाए।
ज्वाला सिंह: बात सिर्फ़ बयानों की नहीं है, ज़मीन की भी है। विज्ञान के नियम कहते हैं कि हवाई जहाज़ भी हवा में एक तय वक़्त (यानी अधिकतम 18-19 घंटे) तक ही रह सकता है—उसके बाद उसे उतरने के लिए रनवे और ज़मीन की ज़रूरत होती ही है। लेकिन मौजूदा सियासत को देखकर लगता है कि राजनीतिक ज़मीन धीरे-धीरे खिसक रही है और समर्थन के दायरे सिमट रहे हैं। आज हालात यह हैं कि कई जगह गठजोड़ और सीटों के समीकरणों के सहारे सत्ता चल रही है।
ज्योतिपति: यही तो जीवन और राजनीति का कड़वा सच है। इंसान चाहे कितनी भी ऊंचाइयों पर उड़ ले, उसके पैर ज़मीन पर होने ही चाहिए। आज चारों तरफ़ देखिए—कोई खुद को चाणक्य बता रहा है, कोई अजातशत्रु कहलवा रहा है, तो कोई खुद को ही इकलौता लोकप्रिय अवतार मान बैठा है। लेकिन सच तो यह है कि लोकतंत्र में कोई भी नेता अपने बूते नहीं, बल्कि जनता के अमूल्य वोटों के दम पर कुर्सी पर बैठता है।
ज्वाला सिंह: और जब मुद्दों की बात आती है, तो कई अहम सवालों पर चुप्पी साध ली जाती है। चाहे चुनाव प्रक्रिया और तंत्र से जुड़े तकनीकी सवाल हों, जिन पर विपक्ष मुखर है, लेकिन सत्ता पक्ष की तरफ से स्पष्ट जवाब नदारद रहते हैं। आखिर हर प्रणाली किसी न किसी तंत्र और नियंत्रण पर चलती है, तो जनता के मन में शंकाएं होना स्वाभाविक है। उनका समाधान देना ज़िम्मेदारी है।
ज्योतिपति: जब कोई दशक भर सत्ता का आनंद लेने के बाद व्यक्तिवादी हो जाता है, तो वह पार्टी की वैचारिक नींव और उन संस्थाओं को भी नज़रअंदाज़ करने लगता है जिन्होंने उसे खड़ा किया था। नेता खुद को ही सब कुछ समझने लगता है—जैसे वही देश के कर्णधार और पार्टी के सूत्रधार हों। यह सोच लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। सत्ता का अंहकार उस व्यक्ति के लिए भी हानिकारक साबित होता है जो जनता की कोख से निकले लोकतंत्र के ज़रिए आगे बढ़ा हो।
ज्वाला सिंह: आज की राजनीति में लोकतंत्र कम और एक कॉरपोरेट मॉडल ज़्यादा दिखाई देने लगा है। नेता व्यापारी की तरह सोचने लगे हैं, जहां वोट बैंक उनका ग्राहक है और रेवड़ियां (फ्रीबीज़) उस बाज़ार की मार्केटिंग।
ज्योतिपति: बिल्कुल। भारत एक महान लोकतांत्रिक देश है जहां जनता ही सर्वोपरि है। लेकिन विडंबना देखिए कि आज आम आदमी की थाली महंगी होती जा रही है, महंगाई की मार से रसोई का बजट बिगड़ रहा है, जबकि नेताओं की शान-ओ-शौकत और जीवनशैली लगातार भव्य होती जा रही है। लग्जरी गाड़ियों के काफिले और आलीशान महलों सी कोठियां इस बात की गवाही देती हैं।
ज्वाला सिंह: सोचना इस बात पर है कि जिस जनता के वोटों से कोई नेता फर्श से अर्श तक पहुंचता है और खुद को सबसे ताकतवर व धनवान मान बैठता है, वही आम जनता आज भी वहीं की वहीं खड़ी है और देश पर कर्ज़ का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। सुधार की यह दिशा नहीं, बल्कि आत्ममंथन का वक़्त है।
- Advertisement -![spot_img]()
- Advertisement -![spot_img]()