बेमेतरा,09 नवंबर 2026
बेमेतरा जिले में पुलिस ने 8 नवंबर को जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल सहित विभिन्न थाना और चौकी की टीमों ने जिले के कई स्थानों पर छापेमारी कर 122 लोगों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार उनके पास से 86,370 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश बरामद हुए हैं।
25 प्रकरण दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत 25 प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई खण्डसरा, अतरिया, भिलौनी, नवागढ, सुकुलपारा, सोनपुरी, जुनवानी कला, कुसमी, सुरहोली, भटगांव, तिलाईपार, मेहना, डोंगीतराई, पडकी टोला, बेलतरा, बेलगांव, ठेलका, मक्खनपुर, ढेकापुर, खपरी, सब्जीमंडी बेमेतरा और मुडपार सहित अन्य स्थानों पर की गई।
पुलिस के मुताबिक इन स्थानों पर सार्वजनिक जगहों में ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा था। छापेमारी के दौरान कुछ लोग भाग निकले, जबकि 122 लोगों को मौके पर पकड़ा गया।
चार दिन में 416 आरोपी
पुलिस ने बताया कि पिछले चार दिनों में जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में जुआ से जुड़े कुल 85 प्रकरण दर्ज किए गए। इन कार्रवाइयों में 416 लोगों को पकड़ा गया और 2,90,955 रुपए नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जुआ, सट्टा, अवैध शराब और नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर।
