रायपुर/छत्तीसगढ़ – 30 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ऑब्जर्वर एवं पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने इस संबंध में जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचकर महारैली में शामिल होने का आह्वान किया है।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा बेहद जरूरी है।
वोट केवल चुनाव में सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक ताकत और संवैधानिक अधिकार का प्रतीक है।
उन्होंने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए नागरिकों को अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
उपाध्याय ने कांग्रेसजनों, युवाओं और आम नागरिकों से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर इस महारैली में सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आपका वोट, आपका अधिकार है और इस अधिकार की रक्षा करना हर जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है।
