17.9 C
Raipur
Tuesday, October 27, 2026
Home Blog Page 41

नक्सलवाद के काले दौर से निकलकर शांति, सुरक्षा और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रहा बस्तर – डिप्टी विजय शर्मा

रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर अंचल नक्सलवाद के लंबे और काले दौर से निकलकर अब शांति, सुरक्षा और समृद्धि की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कभी हिंसा और भय से प्रभावित रहे क्षेत्रों में आज शासन की योजनाएं और सेवाएं पहुंच रही हैं। विकास के साथ लोगों के जीवन में सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है।

उप मुख्यमंत्री शर्मा जगदलपुर के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ पात्र हितग्राहियों को वित्तीय सहायता, अधिकार अभिलेख, प्रमाण पत्र और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

हिंसा के जख्मों पर सेवा और संवेदना का मरहम

शिविर को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मां दंतेश्वरी की कृपा और शासन-प्रशासन के साझा प्रयासों से बस्तर में माओवादी हिंसा समाप्ति की ओर है। क्षेत्र में अब भय के स्थान पर विश्वास और हिंसा के स्थान पर विकास एवं सेवा का नया सवेरा दिखाई दे रहा है। उन्होंने नक्सली हिंसा और आईईडी विस्फोटों से प्रभावित आम नागरिकों एवं सुरक्षा जवानों के पुनर्वास का उल्लेख करते हुए कहा कि तीन दिवसीय विशेष शिविर के माध्यम से पीड़ितों और दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता वाले कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण शत-प्रतिशत निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने इस पहल से जुड़े एक भावुक प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि कृत्रिम हाथ लगने के बाद एक हितग्राही ने उसी हाथ से पानी की बोतल उठाकर पानी पिया। वर्षों बाद अपने हाथ से सामान्य काम कर पाने की यह खुशी बताती है कि ऐसी पहल किसी व्यक्ति के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है।

एक ही छत के नीचे मिला योजनाओं का लाभ

जिला स्तरीय सेवा संकल्प शिविर में विभिन्न विभागों ने मौके पर ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रदान किया। राजस्व विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन के अंतर्गत पांच बाढ़ प्रभावितों को कुल 6 लाख 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही 35 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को 20 हजार रुपए तथा मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत एक पात्र हितग्राही को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। कृषि विभाग ने पांच किसानों को फसल बीमा प्रमाण पत्र और मत्स्य पालन विभाग ने तीन मत्स्य पालकों को जाल वितरित किए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड और पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में 12 नागरिकों के आधार विवरण का अद्यतन करने के साथ जन्म एवं मृत्यु पंजीयन से संबंधित आवेदन भी लिए गए।

बस्तर में विकास की नई तस्वीर – सांसद महेश कश्यप

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों का सकारात्मक प्रभाव बस्तर में दिखाई दे रहा है। दशकों तक उग्रवाद के कारण बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे क्षेत्रों में अब सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण व्यवस्था, निःशुल्क राशन, पक्के आवास, शौचालय सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है। सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय मौके पर ही समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित थे।

सिंगापुर की Energy Capital Global छत्तीसगढ़ में करेगी AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस में 41750 करोड़ का निवेश

राज्य ने पहले SING फोरम 2026 में हासिल किया 43 करोड़ से ज्यादा के FDI निवेश का वादा

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने सोमवार को भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का केंद्र बनने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। सिंगापुर में आयोजित पहले ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ’ (SING) फोरम 2026 में राज्य को 43,250 करोड़ के विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) का वादा मिला। इसमें सबसे बड़ा योगदान AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के लिए 41,750 करोड़ का निवेश प्रस्ताव था। फोरम में राज्य के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के निमंत्रण पर छत्तीसगढ़ इस फोरम में शामिल हुआ है।

यह महत्वपूर्ण निवेश प्रस्ताव सिंगापुर स्थित Energy Capital Global Pte Ltd की ओर से आया है, जो छत्तीसगढ़ में 100 MW का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी। Energy Capital Global एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में ऑन-साइट क्लीन पावर (स्वच्छ ऊर्जा) के साथ AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है। मुख्यमंत्री ने फोरम में कंपनी को निवेश का निमंत्रण पत्र सौंपा।

यह निवेश छत्तीसगढ़ की बढ़ती डिजिटल गति को और बढ़ावा देगा, क्योंकि राज्य में पहले से ही भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क मौजूद है। ये सभी परियोजनाएं मिलकर छत्तीसगढ़ को भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के एक उभरते हुए केंद्र के रूप में स्थापित कर रही हैं।

Energy Capital Global के CEO श्री स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा, “छत्तीसगढ़ के पास वह ऊर्जा, ज़मीन और राजनीतिक इच्छाशक्ति है जिसकी AI इंफ्रास्ट्रक्चर को ज़रूरत होती है, और ये सब आज वहां मौजूद हैं। यह MOU एक लंबी अवधि की साझेदारी की शुरुआत है। हम मध्य भारत में सबसे बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस बनाने, राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा इसे चलाने के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने के लिए उत्सुक हैं।”

राज्य को सोलर सेक्टर (सौर ऊर्जा क्षेत्र) में Sunstream Green Energy Pvt Ltd से भी ₹1,500 करोड़ के FDI निवेश का वादा मिला, जिसमें संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री साई ने कहा कि ये कमिटमेंट्स छत्तीसगढ़ की नीतियों, क्षमता और लोगों में भरोसे का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इनसे राज्य के युवाओं के लिए नए मौके बनेंगे और छत्तीसगढ़ ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य के करीब पहुँचेगा।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित एक चर्चा में हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ भी हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के पक्ष में मज़बूत बात रखते हुए उन्होंने कहा, “हम बंद कमरों में चर्चा करके सुधार नहीं लाते। हम सीधे इंडस्ट्री से उनकी मुश्किलों के बारे में पूछते हैं और उसी हिसाब से अपने सिस्टम में बदलाव करते हैं। 450 से ज़्यादा सुधार किए जा चुके हैं, और यह ‘सुधार एक्सप्रेस’ तब तक नहीं रुकेगी जब तक लोग खुद यह न कहें कि अब और सुधार की ज़रूरत नहीं है।” उन्होंने कहा कि सुधारों, एक प्रगतिशील औद्योगिक नीति और एक सक्रिय सरकार के इस मेल से छत्तीसगढ़ को सिर्फ़ 18 महीनों में 8 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय और व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री सुश्री गैन सिओ हुआंग ने ‘गेस्ट ऑफ़ ऑनर’ के तौर पर फ़ोरम की शोभा बढ़ाई। उनकी मौजूदगी ने भारतीय राज्यों के साथ आर्थिक संबंध मज़बूत करने को लेकर सिंगापुर की प्राथमिकता को रेखांकित किया। मास्टरकार्ड, IHCL (ताज होटल्स) और नेस्ले जैसी ग्लोबल कंपनियों के सीनियर लीडर्स ने भी सभा को संबोधित किया।

फ़ोरम के दौरान, मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज़ प्राइवेट लिमिटेड के साथ आमने-सामने की बैठकें कीं। इन चर्चाओं में इंडस्ट्रीज़ के लिए वेस्टवॉटर (गंदे पानी) के दोबारा इस्तेमाल के इंफ्रास्ट्रक्चर और छत्तीसगढ़ में फ़ूड प्रोसेसिंग के बड़े मौकों पर ध्यान केंद्रित किया गया। फ़ोरम से बनी गति को आगे बढ़ाते हुए, मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर 2026 को एक CEO राउंडटेबल में सिंगापुर की बड़ी कंपनियों और निवेश संस्थानों के लीडर्स से मुलाक़ात करेंगे।

पंचांग: मंगलवार की एकादशी पर करें ये छोटा सा काम, पितरों की कृपा पाने का मौका

 पंचांग  : आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार, के दिन आश्विन महीने की कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि है. इस तिथि पर भगवान विष्णु का अधिकार है. नई ज्वैलरी खरीदने के साथ भगवान विष्णु की आराधना करने और उपवास करने के लिए यह दिन अच्छा माना जाता है.

6 अक्टूबर का पंचांग :

  1. विक्रम संवत : 2083
  2. मास : आश्विन
  3. पक्ष : कृष्ण पक्ष की एकादशी
  4. दिन : मंगलवार
  5. तिथि : कृष्ण पक्ष की एकादशी
  6. योग : सिद्धि
  7. नक्षत्र : अश्लेषा
  8. करण : बव
  9. चंद्र राशि : कर्क
  10. सूर्य राशि : कन्या
  11. सूर्योदय : 06:16:00 AM
  12. सूर्यास्त : 06:01:00 PM
  13. चंद्रोदय : 02:52 AM, 7th अक्टूबर
  14. चंद्रास्त : 03:23 PM
  15. राहुकाल : 15:05 से 16:33
  16. यमगंड : 10:41 से 12:09

आज का नक्षत्र
आज के दिन चंद्रमा कर्क राशि और अश्लेषा नक्षत्र में रहेगा. कर्क राशि में अश्लेषा नक्षत्र का विस्तार 16:40 से 30 डिग्री तक है. इसके देवता सर्प हैं और नक्षत्र स्वामी बुध है. इस नक्षत्र को अच्छा नक्षत्र नहीं माना जाता है. किसी भी तरह का शुभ कार्य करने से इस नक्षत्र में बचना चाहिए. हालांकि युद्ध में सफलता की तैयारी, तांत्रिक कार्य, कारावास या अलगाव से जुड़े कार्य, विनाश के कार्य और वरिष्ठों के साथ गठबंधन तोड़ने के लिए इस नक्षत्र में कार्य किए जा सकते हैं.

आज के दिन का वर्जित समय
आज के दिन 15:05 से 16:33 बजे तक राहुकाल रहेगा. ऐसे में कोई शुभ कार्य करना हो, तो इस अवधि से परहेज करना ही अच्छा रहेगा. इसी तरह यमगंड, गुलिक, दुमुहूर्त और वर्ज्यम से भी परहेज करना चाहिए.

राशिफल: आज मेष राशि वालों को मिलेंगे मौके, लेकिन इस एक बात से रहना होगा सावधान

 मेष- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से चौथे भाव में होगा. आपका आज का दिन मानसिक चिंता से भरा रहेगा. आज भावना के प्रवाह में बह सकते हैं. कार्यस्थल पर आपका मन नहीं लगेगा. वाणी पर संयम नहीं रहने के कारण ग्लानि का भी अनुभव हो सकता है. माता के स्वास्थ्य की चिंता आपको हो सकती है. स्थायी संपत्ति से संबंधित चर्चा को आज टालें. वाहन चलाते समय ध्यान रखें. विद्यार्थियों के लिए समय मध्यम है. प्रेम जीवन में साथी की बात का बुरा भी आपको लग सकता है.

मिथुन- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से दूसरे भाव में होगा. आज आपको काम में निश्चित रूप से सफलता मिलेगी, परंतु इसमें विलंब हो सकता है. प्रयत्न जारी रखें. आपकी आर्थिक योजनाओं में थोड़े विघ्न आएंगे लेकिन बाद में सारे काम आसानी से बन जाएंगे. ऑफिस में सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा. परिवार में आनंद का वातावरण बना रहेगा. आज प्रेम जीवन के लिए दिन अच्छा है. अविवाहितों का रिश्ता पक्का हो सकता है. स्वास्थ्य की दृष्टि से दिन मध्यम है.
वृषभ- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से तीसरे भाव में होगा. आज आप तन और मन से हल्कापन अनुभव करेंगे. आपके उत्साह में वृद्धि होगी. मन भी संवेदनशीलता से भरा रहेगा. आज अपनी कल्पनाशक्ति से कोई अच्छा काम कर पाने की स्थिति में रहेंगे. व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए नए लोगों से मुलाकात कर सकते हैं. पारिवारिक विषयों में रुचि लेंगे. किसी छोटी यात्रा का आयोजन हो सकता है. आर्थिक उन्नति की ओर अधिक ध्यान देंगे. रुचिकर भोजन भी मिल सकता है. स्वास्थ्य की दृष्टि से समय अच्छा है.
कर्क- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से पहले भाव में होगा. आज भावनाओं के प्रवाह में सराबोर रहेंगे. परिजन, मित्र तथा सगे-संबंधी इसमें सहभागी बनेंगे. किसी से उपहार की प्राप्ति होगी. स्वादिष्ट भोजन करने और बाहर घूमने जाने का कार्यक्रम बन सकता है. मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा. आनंददायक प्रवास होगा. धन लाभ होगा. दांपत्यजीवन में घनिष्ठता का अनुभव करेंगे.

सिंह- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से बारहवें भाव में होगा. चिंता के चलते शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थता होगी. गलत दलील और वाद-विवाद से मुश्किल हो सकती है. कोर्ट-कचहरी के मामलों में सावधानी रखें. वाणी और व्यवहार में संयम रखना आवश्यक है. आय की अपेक्षा धन खर्च अधिक होगा. गलतफहमी न हो इसका ध्यान रखें. आज कार्यस्थल पर आपके काम में विलंब हो सकता है.

कन्या- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से ग्यारहवें भाव में होगा. आज लाभ का दिन है. व्यापार में विकास के साथ-साथ आय भी बढ़ेगी. नौकरीपेशा लोगों को लाभ का अवसर मिलेगा. वैवाहिक जीवन में सुख और संतोष की अनुभूति होगी. पत्नी, पुत्र और बुजुर्गों से लाभ होगा. मित्रों संगथ बाहर जाने का कार्यक्रम बन सकता है. मित्र विशेष लाभकारी साबित होंगे. संतान से शुभ समाचार मिलेंगे. स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है.

तुला- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से दसवें भाव में होगा. परिवार में आनंद और उत्साह का वातावरण रहेगा. नौकरी और व्यवसाय में आय वृद्धि के योग बन रहे हैं. मां से आर्थिक लाभ होगा. गृह सजावट का काम हाथ में लेंगे. ऑफिस में उच्च पदाधिकारी आपके काम की सराहना करेंगे. काम करने का उत्साह बढ़ेगा. सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा. शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा. प्रेम जीवन के लिए आज का दिन सकारात्मक है. हालांकि नए रिश्तों को लेकर आज ज्यादा उत्साहित नहीं रहें.

वृश्चिक- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से नवें भाव में होगा. आज सभी विषय के नकारात्मक पहलुओं का अनुभव होगा. थकान और आलस से स्फूर्ति का अभाव रहेगा. मन में किसी बात की चिंता हो सकती है. नौकरी और व्यवसाय में विरोधी आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे. उच्च पदाधिकारियों के साथ वाद-विवाद में न पड़ें. विदेश जाने के इच्छुक लोग आज से अपनी तैयारी शुरू कर सकते हैं. विदेश में बसनेवाले निकटस्थ संबंधियों के समाचार मिलेंगे. संतान के संबंध में चिंता होगी.

धनु- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से आठवें भाव में होगा. आज का दिन नए काम करने के लिए अच्छा नहीं है. सर्दी, खांसी या पेट की तकलीफ हो सकती है. किसी भी तरह का ऑपरेशन कराने के लिए आज का दिन अच्छा नहीं है. आपके मन में चिंता और बेचैनी रह सकती है. अचानक कोई समस्या खड़ी हो सकती है. आपके खर्च की मात्रा बढ़ेगी. बोलने में सावधानी रखें. कार्यस्थल पर काम ज्यादा रहने से आप चिड़चिड़े हो सकते हैं. जीवनसाथी के साथ किसी बात पर मतभेद रहेगा.

मकर- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से सातवें भाव में होगा. आज आप कुछ इमोशनल रहेंगे. आप परिजनों और मित्रों संग खुशी से दिन व्यतीत करेंगे. तन और मन में ताजगी और प्रसन्नता रहेगी. व्यवसाय में वृद्धि होगी. आपकी आय में वृद्धि होगी. भागीदारी में लाभ होगा. सार्वजनिक जीवन में आपकी मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी. यात्रा की संभावना है. किसी नए व्यक्ति के प्रति आकर्षण बढ़ेगा. स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह आपको दी जाती है.

कुंभ- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से छठे भाव में होगा. आज किए गए काम में आपको यश, कीर्ति और सफलता मिलेगी. परिवार में मेल-जोल रहेगा. शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. नौकरी में साथी कर्मचारियों का सहयोग प्राप्त होगा. आज व्यापारी भी नए ग्राहकों को आकर्षित करने में कामयाब रहेंगे. व्यापार बढ़ाने की किसी नई योजना पर कार्य कर सकेंगे. नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा. जरूरी काम में धन खर्च होगा. विरोधियों की पराजय होगी.

मीन- चंद्रमा आज 06 अक्टूबर, 2026 मंगलवार को कर्क राशि में है. यह आपकी राशि से पांचवें भाव में होगा. आज आपकी कल्पनाशक्ति में बहुत निखार आएगा. आप साहित्यसृजन कर सकेंगे. विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा है. आपके स्वभाव में प्रेम की मात्रा अधिक होगी. पेट की तकलीफ और मानसिक अस्वस्थता का अनुभव होगा. आपको अपना मन स्थिर रखना पड़ेगा. प्रेमीजनों के लिए भी अच्छा समय है. जीवनसाथी के साथ भी विचारों का मतभेद दूर हो सकेगा. आज कुछ नया करने के बार में विचार कर सकते हैं.

पितृ पक्ष में श्री शिवरीनारायण मठ के पूर्वाचार्य महन्त लाल दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण

परंपरागत रूप से ब्राह्मण भोज का आयोजन, संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Raipur News – 05 अक्टूबर 2026

पितृ पक्ष के पावन अवसर पर श्री शिवरीनारायण मठ के पूर्वाचार्य श्री महन्त लाल दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने उनके व्यक्तित्व, धार्मिक एवं आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने प्रातः 6 बजे महानदी के त्रिवेणी संगम स्थित बावा घाट में श्री महन्त लाल दास जी महाराज सहित मठ के सभी पूर्वाचार्यों का विधिवत तर्पण किया। इसके बाद मठ पहुंचकर होम-हवन का आयोजन किया गया।

दोपहर में भगवान श्री शिवरीनारायण जी की पूजा-अर्चना संपन्न होने के पश्चात परंपरागत रूप से ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। नगर के विप्र बंधुओं ने इसमें शामिल होकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद उन्हें दक्षिणा सहित सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

इस अवसर पर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि श्री महन्त लाल दास जी महाराज ने धर्म, अध्यात्म और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए धार्मिक कार्य और समाज को दिए गए आध्यात्मिक संदेश आज भी श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

पितृ पक्ष के दौरान आयोजित इस पुण्य स्मरण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने श्री महन्त लाल दास जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति तथा भगवान श्री शिवरीनारायण जी के श्रीचरणों में उन्हें स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर पूरे मठ परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने धर्म, सेवा और सनातन परंपराओं के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, जानें आपके शहर में आज कितना है एक लीटर का भाव

 पेट्रोल और डीजल की कीमतों में होने वाला छोटा सा बदलाव भी आम लोगों के महीने के बजट पर सीधा असर डालता है। खासकर रोजाना वाहन से सफर करने वालों के लिए फ्यूल रेट की जानकारी बेहद जरूरी होती है। तेल कंपनियों ने 5 अक्टूबर के लिए पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी कर दी हैं। ऐसे में गाड़ी की टंकी फुल कराने से पहले जान लें कि आज आपके शहर में पेट्रोल और डीजल कितने रुपये लीटर मिल रहा है।

सुबह 6 बजे से लागू होती हैं नई कीमतें

देश में पेट्रोल और डीजल के दाम रोजाना अपडेट किए जाते हैं। तेल मार्केटिंग कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे नई दरें जारी करती हैं। हालांकि, अलग-अलग शहरों में ईंधन की कीमत एक जैसी नहीं होती। स्थानीय टैक्स, वैट, कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय दाम और रुपये की डॉलर के मुकाबले स्थिति समेत कई फैक्टर पेट्रोल और डीजल की अंतिम कीमत तय करते हैं।

आज दिल्ली से मुंबई तक क्या है पेट्रोल-डीजल का भाव

5 अक्टूबर 2026 को सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.31 रुपये और डीजल 97.97 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है।

इन प्रमुख शहरों में आज इतना है फ्यूल रेट

शहर | पेट्रोल | डीजल

दिल्ली | 102.12 रुपये | 95.20 रुपये
मुंबई | 111.31 रुपये | 97.97 रुपये
तिरुवनंतपुरम | 115.49 रुपये | 104.40 रुपये
चेन्नई | 107.78 रुपये | 99.56 रुपये
जयपुर | 113.19 रुपये | 98.25 रुपये
पटना | 113.35 रुपये | 99.36 रुपये
हैदराबाद | 115.69 रुपये | 103.82 रुपये
चंडीगढ़ | 98.10 रुपये | 86.09 रुपये
मेरठ | 101.44 रुपये | 94.91 रुपये

इन आंकड़ों पर नजर डालें तो चंडीगढ़ में दिए गए शहरों के मुकाबले पेट्रोल और डीजल अपेक्षाकृत सस्ता है। दूसरी ओर हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम में ईंधन की कीमत ज्यादा है।

नायरा एनर्जी ने क्यों बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम

जहां सरकारी तेल कंपनियों ने कीमतों में बड़ा बदलाव नहीं किया है, वहीं निजी क्षेत्र की नायरा एनर्जी ने अपने नेटवर्क पर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। कंपनी ने 3 अक्टूबर से पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।कंपनी के मुताबिक पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संघर्ष का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर पड़ा है। कीमतों में तेज उछाल के कारण कंपनी के मुनाफे पर दबाव बढ़ा, जिसके बाद खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की गई।

हाईकोर्ट के आदेश का 9 महीने तक नहीं हुआ पालन, आबकारी कमिश्नर समेत दो अधिकारियों को अवमानना का नोटिस

 बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग से जुड़े एक पदोन्नति मामले में हाईकोर्ट के आदेश का समय पर पालन नहीं करना अधिकारियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार शर्मा की आबकारी उप निरीक्षक पद पर पदोन्नति से संबंधित मामले में हाईकोर्ट ने उनके प्रकरण पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया था। इसके लिए 90 दिनों की समय सीमा तय की गई थी, लेकिन करीब नौ महीने बीत जाने के बाद भी आदेश का पालन नहीं किया गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने आबकारी कमिश्नर पी.एस. एल्मा और अपर आबकारी आयुक्त रायपुर पी.एल. साहू को नोटिस जारी किया है। अदालत ने दोनों अधिकारियों से जवाब मांगा है कि हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना के लिए उनके खिलाफ न्यायालय अवमानना अधिनियम 1971 के तहत कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।

पदोन्नति परीक्षा में कम अंक मिलने के बाद हाईकोर्ट पहुंचे थे मुकेश शर्मा

यह मामला बिलासपुर के महर्षि स्कूल रोड निवासी मुकेश कुमार शर्मा से जुड़ा है। वे जांजगीर-चांपा जिले में आबकारी विभाग के प्रधान आरक्षक के रूप में पदस्थ हैं। आबकारी उप निरीक्षक पद के लिए आयोजित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा में उनके सर्विस रिकॉर्ड यानी एसीआर के आधार पर 15 अंक कम कर दिए गए थे। इसके चलते वे परीक्षा में सफल नहीं हो सके।इसी निर्णय से असंतुष्ट होकर मुकेश कुमार शर्मा ने अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय के माध्यम से बिलासपुर हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की थी।

पुराने एसीआर में प्रतिकूल टिप्पणी को लेकर उठे थे सवाल

याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के सामने यह तथ्य रखा गया कि वर्ष 2017, 2018 और 2019 के सर्विस रिकॉर्ड में प्रतिकूल टिप्पणियां दर्ज की गई थीं। याचिकाकर्ता की ओर से तर्क दिया गया कि इन प्रतिकूल टिप्पणियों से पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं दिया गया।हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न न्याय दृष्टांतों का हवाला देते हुए इस पहलू को महत्वपूर्ण माना। अदालत ने निर्देश दिया कि अन्य एसीआर के आधार पर याचिकाकर्ता के मामले पर दोबारा विचार किया जाए। इसके लिए 90 दिन की समय सीमा निर्धारित की गई थी।

आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो दायर हुई अवमानना याचिका

हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद तय अवधि में मामले पर दोबारा विचार नहीं किया गया। दिसंबर 2025 में जारी आदेश के करीब नौ महीने बाद भी जब आदेश का पालन नहीं हुआ तो मुकेश कुमार शर्मा ने फिर हाईकोर्ट का रुख किया।इस बार उन्होंने अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय के माध्यम से अवमानना याचिका दाखिल की। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि अधिकारियों ने अदालत के स्पष्ट निर्देश के बावजूद निर्धारित समय सीमा में कोई कार्रवाई नहीं की।

अदालत ने जताई नाराजगी, अधिकारियों से मांगा जवाब

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने आदेश के पालन में हुई देरी को गंभीरता से लिया। अदालत ने आबकारी कमिश्नर पी.एस. एल्मा और अपर आबकारी आयुक्त पी.एल. साहू को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।नोटिस में पूछा गया है कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने के मामले में दोनों अधिकारियों के खिलाफ न्यायालय अवमानना अधिनियम 1971 के तहत कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। अब अधिकारियों के जवाब के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।

अदालती आदेशों का पालन नहीं होने पर बढ़ता है न्यायिक बोझ

याचिकाकर्ता की ओर से सुनवाई के दौरान यह भी तर्क दिया गया कि हाईकोर्ट के आदेशों का समय पर पालन नहीं होने से अवमानना याचिकाओं की संख्या बढ़ती है। इससे अदालत का महत्वपूर्ण समय ऐसे मामलों की सुनवाई में खर्च होता है और दूसरे लंबित मामलों पर सुनवाई प्रभावित हो सकती है।इसी पहलू को देखते हुए मामले में अदालत की नाराजगी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब दोनों आबकारी अधिकारियों को नोटिस का जवाब देना होगा और उनके स्पष्टीकरण के आधार पर हाईकोर्ट आगे का निर्णय लेगा।

चिराग पासवान के छत्तीसगढ़ एंट्री के ऐलान पर कांग्रेस का BJP पर हमला

विकास उपाध्याय बोले- “NDA के सहयोगी अपनी राह तलाश रहे हैं”।

रायपुर – 05 अक्टूबर 2026

केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के रायपुर दौरे में छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ने के संकेत देने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। चिराग ने रविवार को रायपुर में कहा था कि पार्टी छत्तीसगढ़ में अपनी राज्य इकाई का गठन कर संगठन विस्तार करेगी और आने वाले चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

इस पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने BJP की गठबंधन रणनीति पर सवाल उठाए हैं।

विकास उपाध्याय ने कहा:
“चिराग पासवान केंद्र में BJP के सहयोगी हैं, लेकिन अब उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ में भी चुनाव लड़ने की बात कह रही है। इससे साफ है कि NDA के भीतर सीटों और राजनीतिक रणनीति को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं।”
​
“पंजाब में भी LJP (रामविलास) ने विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा की है। अब छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ने की बात सामने आना BJP के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण संकेत है।”

“BJP को पहले अपने गठबंधन और सहयोगी दलों के साथ संबंधों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आज सहयोगी दल अलग-अलग राज्यों में अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। जनता अब सवाल पूछ रही है कि आखिर BJP के सहयोगी दलों को अलग-अलग राज्यों में अपनी राह क्यों तलाशनी पड़ रही है? BJP को इसका जवाब देना चाहिए।”

गौरतलब है कि चिराग पासवान ने रायपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कहा था कि छत्तीसगढ़ उन राज्यों में है जहां उनके पिता स्व. रामविलास पासवान के समर्थक बड़ी संख्या में हैं, इसी जनाधार पर पार्टी अपनी जमीन तलाशेगी।

सवाल यह है एनडीए कई दलों का समूह है। एलजीपी जैसे अन्य दल भी अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे तो एनडीए मतलब मुख्य धड़ा,बीजेपी में, दरार पैदा होने की संभावना से इनकार कैसे किया जा सकता है?!

नौकरी लगाने का झांसा देकर 8.38 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा -05 अक्टूबर 2026

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस ने अवैध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मामला थाना साजा क्षेत्र का है। ग्राम बोतका निवासी खेमन लाल वर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपी शैलेन्द्र पात्रे ने मंत्रालय, रायपुर में वाहन चालक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 1 लाख रुपये, उसके फुफेरे भाई यशवंत वर्मा से 3 लाख 88 हजार रुपये और ग्राम लालपुर निवासी धर्मेन्द्र वर्मा से 3 लाख 50 हजार रुपये लिए। आरोपी ने कुल 8 लाख 38 हजार रुपये लेने के बाद न तो नौकरी लगवाई और न ही रकम वापस की।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शैलेन्द्र पात्रे, उम्र 36 वर्ष, निवासी तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है, तथा 500 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी को 3 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में चौकी देवकर प्रभारी उप निरीक्षक अलील चंद, उप निरीक्षक असीम किर्तनिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंचल पांडेय सहित थाना साजा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गौवंश तस्करी पर साजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा 05 अक्टूबर 2026

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में साजा पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 नग गौवंश और तस्करी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि छोटा हाथी वाहन क्रमांक MP 50 ZX 2356 में मवेशियों को भरकर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर गौसेवकों ने ग्राम कोदवा रोड स्थित शनि मंदिर के पास वाहन को रोककर जांच की।
वाहन में 7 पड़िया मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन करते हुए कत्लखाने ले जाना पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिसन मरावी, उम्र 40 वर्ष, निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र और राज रकवार, उम्र 26 वर्ष, निवासी बालाघाट, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 3 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में साजा थाना पुलिस, देवकर चौकी स्टाफ और गौवंश सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।