27.1 C
Raipur
Monday, October 5, 2026

पितृ पक्ष में श्री शिवरीनारायण मठ के पूर्वाचार्य महन्त लाल दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण

Must read

परंपरागत रूप से ब्राह्मण भोज का आयोजन, संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Raipur News – 05 अक्टूबर 2026

पितृ पक्ष के पावन अवसर पर श्री शिवरीनारायण मठ के पूर्वाचार्य श्री महन्त लाल दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने उनके व्यक्तित्व, धार्मिक एवं आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने प्रातः 6 बजे महानदी के त्रिवेणी संगम स्थित बावा घाट में श्री महन्त लाल दास जी महाराज सहित मठ के सभी पूर्वाचार्यों का विधिवत तर्पण किया। इसके बाद मठ पहुंचकर होम-हवन का आयोजन किया गया।

दोपहर में भगवान श्री शिवरीनारायण जी की पूजा-अर्चना संपन्न होने के पश्चात परंपरागत रूप से ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। नगर के विप्र बंधुओं ने इसमें शामिल होकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद उन्हें दक्षिणा सहित सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

इस अवसर पर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि श्री महन्त लाल दास जी महाराज ने धर्म, अध्यात्म और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए धार्मिक कार्य और समाज को दिए गए आध्यात्मिक संदेश आज भी श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

पितृ पक्ष के दौरान आयोजित इस पुण्य स्मरण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने श्री महन्त लाल दास जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति तथा भगवान श्री शिवरीनारायण जी के श्रीचरणों में उन्हें स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर पूरे मठ परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने धर्म, सेवा और सनातन परंपराओं के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article