17.9 C
Raipur
Tuesday, October 27, 2026
Home Blog Page 42

नौकरी लगाने का झांसा देकर 8.38 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा -05 अक्टूबर 2026

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस ने अवैध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मामला थाना साजा क्षेत्र का है। ग्राम बोतका निवासी खेमन लाल वर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपी शैलेन्द्र पात्रे ने मंत्रालय, रायपुर में वाहन चालक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 1 लाख रुपये, उसके फुफेरे भाई यशवंत वर्मा से 3 लाख 88 हजार रुपये और ग्राम लालपुर निवासी धर्मेन्द्र वर्मा से 3 लाख 50 हजार रुपये लिए। आरोपी ने कुल 8 लाख 38 हजार रुपये लेने के बाद न तो नौकरी लगवाई और न ही रकम वापस की।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शैलेन्द्र पात्रे, उम्र 36 वर्ष, निवासी तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये है, तथा 500 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी को 3 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में चौकी देवकर प्रभारी उप निरीक्षक अलील चंद, उप निरीक्षक असीम किर्तनिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंचल पांडेय सहित थाना साजा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गौवंश तस्करी पर साजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा 05 अक्टूबर 2026

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में साजा पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 नग गौवंश और तस्करी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि छोटा हाथी वाहन क्रमांक MP 50 ZX 2356 में मवेशियों को भरकर कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर गौसेवकों ने ग्राम कोदवा रोड स्थित शनि मंदिर के पास वाहन को रोककर जांच की।
वाहन में 7 पड़िया मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक परिवहन करते हुए कत्लखाने ले जाना पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिसन मरावी, उम्र 40 वर्ष, निवासी गोंदिया, महाराष्ट्र और राज रकवार, उम्र 26 वर्ष, निवासी बालाघाट, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 3 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में साजा थाना पुलिस, देवकर चौकी स्टाफ और गौवंश सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कांग्रेस बैठक में भूपेश बघेल और विकास उपाध्याय की हुंकार से गूंजा चरोदा

चरोदा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: उमड़े जनसैलाब से विपक्ष में हलचल, भूपेश बघेल और विकास उपाध्याय की हुंकार से मजबूत हुई कांग्रेस की सियासी जमीन!

​भिलाई/चरोदा:05 अक्टूबर 2026

नगर निगम चरोदा क्षेत्र में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित चुनावी बैठक ने राजनीतिक गलियारों में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं। स्वस्तिक पार्क में आयोजित इस बैठक में उमड़े भारी जनसैलाब ने यह साबित कर दिया है कि एक बार फिर छत्तीसगढ़ की आम जनता का झुकाव तेजी से कांग्रेस की तरफ लौट रहा है। कार्यकर्ताओं का यह उत्साह और जोश साफ बता रहा है कि आगामी चुनावों में कांग्रेस पूरी ताकत और आक्रामक तेवर के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है।

​दिग्गजों की मौजूदगी ने भरी नई ऊर्जा

​इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी जोश भर दिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, चुनावी ऑब्जर्वर व पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, प्रभारी राजेंद्र साहू, महापौर निर्मला कोसले, सभापति चंद्राकर सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारी, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल के ऊर्जावान कार्यकर्ता और नगर निगम के सभी पार्षद भारी संख्या में मौजूद रहे।

​बैठक के प्रमुख मुख्य बिंदु

भूपेश बघेल का सीधा आह्वान: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का मंत्र दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता हमेशा जनता के सुख-दुख की ढाल रहा है और जनता के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक पुरजोर संघर्ष जारी रहेगा।

विकास उपाध्याय की रणनीति: चुनावी ऑब्जर्वर विकास उपाध्याय ने बूथ से लेकर वार्ड स्तर तक मजबूत किलेबंदी का खाका खींचा। उन्होंने कहा कि चरोदा का बच्चा-बच्चा बदलाव चाहता है और कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता जनता के भरोसे को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

  • ​बूथ स्तर पर अचूक तैयारी: बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि चुनाव केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जन-जन तक पहुंचने का महाअभियान है। हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की फौज विरोधी दलों की नींद उड़ाने के लिए तैयार है।
  • ​भारी जनसैलाब से स्पष्ट संकेत: बैठक में जिस प्रकार हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक जुटे, उससे साफ जाहिर होता है कि जनता अब मौजूदा व्यवस्था से ऊब चुकी है और उसकी निगाहें एक बार फिर कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व पर टिकी हैं।

​जीत का संकल्प और बुलंद हौसले

​चरोदा की इस बैठक के बाद राजनीतिक विश्लेषकों का भी मानना है कि कांग्रेस यहाँ मजबूत होती जा रही है और जमीनी स्तर पर पार्टी का ग्राफ तेजी से ऊपर उठ रहा है। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत, आपसी समन्वय और अटूट एकता के साथ आगामी चुनाव में कांग्रेस का परचम फहराने का ऐतिहासिक संकल्प लिया।

जन्मदिन की खुशी मातम में बदली, दूसरी तरफ पिता-पुत्र की मौत, 2 सड़क हादसों में 5 लोगों की गई जान

 Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ में शनिवार और रविवार के बीच हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पांच परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। राजनांदगांव में दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने निकले युवकों की कार पुलिया से टकरा गई, जबकि बालोद में बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। दोनों घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। हादसों में तीन लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

राजनांदगांव में जन्मदिन के बाद हुआ दर्दनाक हादसा

पहली घटना राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र की है। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पांच युवक कार से भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने जा रहे थे। टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर उनकी कार एक पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे में दुर्ग में इलेक्ट्रिकल और सिविल काम से जुड़े सरकारी ठेकेदार अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में प्रशांत दास को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। वहीं सूरज पांडे और चिंटू घायल हैं और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

परिवार के साथ मना चुके थे जन्मदिन, रात में दोस्तों के साथ निकले

परिजनों के मुताबिक, अभिषेक का जन्मदिन 3 अक्टूबर को था। उसने दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद रात में दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए निकला।बताया गया कि पांचों युवक कार से एक ढाबे पर पहुंचे थे, लेकिन वहां खाना नहीं मिला। इसके बाद वे दूसरे ढाबे की तरफ बढ़े। इसी दौरान कुछ दोस्त दूसरी कार से आगे निकल गए और अभिषेक अपने साथियों के साथ कार वापस मोड़कर लौट रहा था।सोमनी नाले के पास सड़क का हिस्सा संकरा होने और वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण कार अनियंत्रित हुई और पुलिया से टकरा गई। बताया जा रहा है कि अभिषेक जिस कार में सवार था, वह उसकी अपनी नहीं बल्कि दोस्त की थी। मृतक अभिषेक की दो छोटी बेटियां हैं।

बालोद में खड़े ट्रक से बाइक की भिड़ंत, पिता और 12 साल के बेटे की मौत

दूसरा हादसा बालोद जिले में हुआ। रविवार शाम करीब 7 बजे सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला में पेट्रोल पंप के सामने गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर एक बाइक खड़े ट्रक से जा टकराई।बाइक पर ग्राम कजराबांधा निवासी 34 वर्षीय डागेश्वर साहू अपने दो बेटों 12 वर्षीय वेद प्रकाश और 8 वर्षीय अनुराग साहू के साथ सवार थे। तीनों ग्राम मोहारा में एक सामाजिक पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे।इसी दौरान अरमरीकला के पास सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे वेद प्रकाश की मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।

अंधेरे में नहीं दिखा खड़ा ट्रक

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय मुख्य सड़क पर ट्रक खड़ा था। शाम के अंधेरे में बाइक सवारों को ट्रक नजर नहीं आया और बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी। सूचना मिलने के बाद सनौद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने पिता और बेटे के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए गुरुर मर्चुरी भेज दिया है। दोनों सड़क हादसों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सास को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का आरोप, एक हफ्ते वेंटिलेटर पर रही महिला , बहू के खिलाफ केस दर्ज

 बिलासपुर :  सिविल लाइन थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गंगानगर निवासी 57 वर्षीय रूखमणी ठाकुर उर्फ भूखिन ठाकुर ने अपनी बहू कविता ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि बहू ने जान से मारने की नीयत से कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर उसे पिला दिया। पेय पीने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर उपचार चला।पुलिस ने महिला की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर बहू कविता ठाकुर के खिलाफ धारा 118(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

उपवास के दौरान बहू ने दी कोल्ड ड्रिंक, कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत

रूखमणी के बयान के मुताबिक, 17 जुलाई को वह उपवास पर थी। सुबह करीब 11 बजे वह काम से घर लौटी। कुछ देर बाद उसकी बहू कविता ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। महिला ने कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद चाय भी पी।इसके कुछ ही समय बाद उसे उल्टी और चक्कर आने लगे। देखते ही देखते वह बेहोश हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए मंगला चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया।

एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर चला इलाज

सिम्स में भर्ती होने के बाद रूखमणी की हालत काफी गंभीर बताई गई। उसे करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर रखा गया। गंभीर स्थिति के कारण वह तत्काल पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराने की स्थिति में नहीं थी।जब स्वास्थ्य में सुधार हुआ तो 2 अगस्त को पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को रूखमणी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

अस्पताल में भर्ती सास के घर से जेवर और नकदी ले जाने का आरोप

रूखमणी ने अपनी शिकायत में बहू पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, जब वह अस्पताल में भर्ती थी, उसी दौरान कविता घर से चली गई। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने मायके के लोगों को बुलाया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर के अलावा करीब 3.50 लाख रुपये नकद लेकर मुंगेली जिले के ग्राम टिंगीपुर चमारी चली गई।महिला का यह भी आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बहू और उसके मायके वालों ने उसकी तबीयत की जानकारी लेने में भी कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।

बहू के कथित प्रेम संबंध को लेकर पहले से चल रहा था विवाद

पुलिस को दिए बयान में रूखमणी ने बताया कि उसे कविता के एक युवक के साथ कथित प्रेम संबंध की जानकारी मिली थी। महिला के अनुसार उसने कविता को युवक से फोन पर बातचीत करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद उसने अपने पति राजकुमार को इसकी जानकारी दी और कविता का मोबाइल अपने पास रखने को कहा।रूखमणी के मुताबिक, 10 जुलाई को राजकुमार ने कविता का मोबाइल अपने पास रख लिया था। इसके बाद घर में तनाव बढ़ गया और दोनों के बीच विवाद तथा गाली-गलौज होने लगी। महिला ने आशंका जताई है कि इसी विवाद और कथित प्रेम संबंध की जानकारी सामने आने की रंजिश में उसे कीटनाशक मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई।

करीब दो महीने बाद FIR, पीड़ित पक्ष ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल

मामले में शिकायत और कार्रवाई में देरी को लेकर पीड़ित पक्ष ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद महिला की हालत बेहद गंभीर रही और उसे कई दिनों तक अस्पताल में इलाज कराना पड़ा, इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई में काफी समय लगा।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि महिला ने जो आरोप लगाए हैं, उनके समर्थन में क्या साक्ष्य मौजूद हैं और कथित तौर पर कीटनाशक दिए जाने की घटना वास्तव में कैसे हुई। पीड़ित पक्ष ने मामले में प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।

छत्तीसगढ़ में चुनावी मैदान में उतरेगी चिराग पासवान की पार्टी, जानें किस आधार पर बढ़ा रहे राजनीतिक सक्रियता

 छत्तीसगढ़ : राजनीति में आने वाले दिनों में एक नया राजनीतिक समीकरण देखने को मिल सकता है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने संकेत दिया है कि उनकी पार्टी अब छत्तीसगढ़ में भी चुनावी राजनीति में उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी राज्य में अपना संगठन मजबूत करने के साथ चुनाव लड़ने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

छत्तीसगढ़ पर क्यों है चिराग पासवान की नजर

चिराग पासवान ने छत्तीसगढ़ में अपनी पार्टी की संभावनाओं को लेकर कहा कि राज्य में उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान के समर्थकों का पुराना आधार रहा है। पार्टी इसी जनसमर्थन को अपनी राजनीतिक गतिविधियों के विस्तार का आधार बनाना चाहती है।उनके मुताबिक, छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक स्तर पर भी पार्टी की मौजूदगी है। ऐसे में आने वाले समय में इस नेटवर्क को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।

चुनाव में उतरने को लेकर चिराग ने क्या कहा

चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में राजनीतिक गतिविधियों को तेज करने और संगठन को चुनावी स्तर पर सक्रिय करने की बात कही है।पार्टी की ओर से छत्तीसगढ़ में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति होगी और किन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, इसे लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

दूसरे राज्यों में भी संगठन विस्तार पर जोर

लोक जनशक्ति पार्टी की ओर से हाल के समय में दूसरे राज्यों में संगठन विस्तार और चुनावी गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया गया है। बिहार में NDA के साथ गठबंधन के बाद पार्टी की राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ी है।अब छत्तीसगढ़ को लेकर चिराग पासवान की घोषणा को पार्टी के विस्तार की इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। आने वाले समय में राज्य में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ती हैं तो इसका असर छत्तीसगढ़ के चुनावी समीकरणों पर भी देखने को मिल सकता है।

Raipur Cyber Fraud: CBI और IPS अधिकारी बनकर 64 वर्षीय दुकानदार को 44 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट में, 8.50 लाख गंवाए, गहने बेचकर जुटाई रकम

 रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। उरकुरा के बजरंग नगर निवासी 64 वर्षीय किराना कारोबारी को साइबर ठगों ने CBI और IPS अधिकारी बनकर अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने बुजुर्ग को करीब 44 दिनों तक वीडियो कॉल के जरिए निगरानी में रखा और मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर 8.50 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम जुटाने के लिए पीड़ित को अपनी बचत के साथ सोने के जेवर तक बेचने पड़े।

एक फोन कॉल से शुरू हुआ ठगी का पूरा खेल

पीड़ित देवसिंह साहू के मुताबिक, 18 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे उनके पास एक महिला का फोन आया। महिला ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला बताते हुए उन्हें आदित्य नाम के व्यक्ति से बात कराई। इसके बाद आरोपी ने देवसिंह से उनके परिवार, जमीन और बैंक खातों से जुड़ी निजी जानकारी हासिल की।कुछ समय बाद बलराज सिंह नाम के शख्स ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए प्रदीप सिंह नाम के व्यक्ति से संपर्क कराया गया, जिसने खुद को IPS अधिकारी बताया।

6.80 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाया

ठगों ने बुजुर्ग को बताया कि उनके नाम पर ICICI बैंक में 6.80 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग हुई है और वह इस मामले में आरोपी हैं। इसके बाद कथित अधिकारियों ने खाते में रकम जमा कराने के नाम पर पैसे की मांग शुरू कर दी।आरोपियों ने देवसिंह को डराया कि अगर उन्होंने बताए गए खातों में रकम नहीं भेजी तो CBI उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार किए जाने की धमकी भी दी गई। लगातार दबाव और डर के कारण बुजुर्ग उनकी बातों में फंसते चले गए।

44 दिन तक वीडियो कॉल पर निगरानी में रखा

साइबर ठगों ने कथित तौर पर देवसिंह और उनकी पत्नी इंदु साहू को लगातार वीडियो कॉल पर रहने के लिए कहा। उन्हें समय-समय पर अपनी गतिविधियों की जानकारी देने के लिए मजबूर किया गया। इस तरह दोनों पति-पत्नी करीब 44 दिनों तक डर और मानसिक दबाव में रहे।

9 बार में 8.50 लाख रुपये ट्रांसफर

लगातार पैसों की मांग के बाद देवसिंह ने 4 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच PhonePe के जरिए कुल 9 बार रकम अलग-अलग बैंक खातों में भेजी। इन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 8.50 लाख रुपये ठगों तक पहुंच गए।बताया गया है कि रिद्धिमा ऑटो और राकेश ट्रेडर्स के खातों में 2-2 लाख रुपये भेजे गए। इसके अलावा यूको बैंक में 1 लाख, कैपवाइज ट्रेडिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में 1 लाख, कोटक महिंद्रा बैंक में 50 हजार, गणेश भंडार में 1 लाख और सृजन लाइफ मैनेजमेंट के खाते में 1 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।

भाई को बताई पूरी कहानी तो खुला साइबर ठगी का राज

लगातार रकम मांगने से परेशान होकर देवसिंह ने 3 अक्टूबर को अपने छोटे भाई सुंदर लाल साहू को पूरी घटना बताई। भाई ने बातचीत सुनने के बाद उन्हें समझाया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।इसके बाद 4 अक्टूबर को पीड़ित ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को बैंक स्टेटमेंट, चैट, मैसेज और पैसों के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

570 करोड़ के कथित कोल लेवी मामले में आज बड़ा अपडेट, देवेंद्र यादव समेत 9 आरोपियों की कोर्ट में पेशी, EOW दाखिल करेगी अंतिम चार्जशीट

 छत्तीसगढ़ :  चर्चित कथित कोल लेवी मामले में सोमवार, 5 अक्टूबर को जांच और कानूनी कार्रवाई से जुड़ा अहम घटनाक्रम सामने आने वाला है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो यानी EOW इस मामले में रायपुर की विशेष अदालत के सामने अंतिम आरोप पत्र पेश करने की तैयारी में है। इसी सिलसिले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, कारोबारी रामगोपाल अग्रवाल और IAS अधिकारी जयप्रकाश मौर्य समेत 9 आरोपियों को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

इन 9 आरोपियों को कोर्ट ने किया तलब

विशेष अदालत की ओर से जिन आरोपियों को 5 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा गया है, उनमें भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, कारोबारी रामगोपाल अग्रवाल, IAS अधिकारी जयप्रकाश मौर्य और दीपेश टांक समेत 9 लोग शामिल हैं। अदालत में इनकी पेशी सुबह 10:30 बजे निर्धारित बताई गई है।EOW का कहना है कि मामले की जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अभियोग पत्र अदालत में पेश किया जाएगा। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

क्या है 570 करोड़ रुपये के कथित कोल लेवी मामले की पूरी कहानी

यह मामला वर्ष 2020 से 2022 के बीच कोयला परिवहन से जुड़ी कथित अवैध वसूली से संबंधित है। जांच एजेंसियों के अनुसार, ऑनलाइन परमिट व्यवस्था में बदलाव के बाद मैनुअल NOC व्यवस्था के जरिए कोयला परिवहन पर अवैध लेवी वसूले जाने का आरोप है।जांच में प्रति टन कोयले पर रकम वसूलने और इससे रोजाना करोड़ों रुपये की कथित अवैध कमाई होने की बात सामने आई है। अलग-अलग रिपोर्टों में इस मामले में कथित वसूली का आंकड़ा करीब 500 से 570 करोड़ रुपये तक बताया गया है।

जांच में नेताओं और अफसरों तक रकम पहुंचने का दावा

EOW और अन्य जांच एजेंसियों की जांच के मुताबिक, कथित वसूली से हासिल रकम को अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने का आरोप है। एजेंसियों ने चुनावी गतिविधियों, संपत्ति खरीद और अन्य इस्तेमाल से जुड़े दावे भी किए हैं। हालांकि इन आरोपों पर अंतिम स्थिति अदालत में होने वाली सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

कोडवर्ड से लेकर चुनावी फंडिंग तक, जांच में क्या सामने आया

मामले की जांच से जुड़ी रिपोर्टों में पैसों के लेनदेन के लिए कथित तौर पर कोडवर्ड का इस्तेमाल किए जाने का भी उल्लेख है। इनमें ‘D नवाज’ नाम के कोड का जिक्र सामने आया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि कथित अवैध वसूली से जुड़ी रकम का एक हिस्सा चुनावी गतिविधियों में भी इस्तेमाल किया गया था।

अब आगे क्या होगा

5 अक्टूबर को विशेष अदालत में EOW की ओर से अंतिम आरोप पत्र पेश किए जाने और आरोपियों की उपस्थिति के बाद मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। चार्जशीट में जांच एजेंसी ने किन आरोपों और साक्ष्यों को शामिल किया है, यह अदालत में दस्तावेज पेश होने के बाद अधिक स्पष्ट होगा। फिलहाल मामले से जुड़े आरोप जांच एजेंसियों के दावों के आधार पर हैं और आरोपियों के खिलाफ अंतिम निष्कर्ष अदालत की प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।

रायखेड़ा अडानी फैक्ट्री में मजदूरों के दो गुट भिड़े, जमकर तोड़फोड़ के बाद पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी समेत कई जवान घायल

 रायपुर :  छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अडानी फैक्ट्री में मजदूरों के दो गुटों के बीच विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच हुई झड़प के बाद फैक्ट्री परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम को भी मजदूरों के विरोध का सामना करना पड़ा और उन पर हमला कर दिया गया।

शराब बिक्री के विरोध से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर में कथित तौर पर शराब बेचे जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कुछ मजदूरों द्वारा परिसर में शराब बेचने का विरोध किया गया। इसको लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला दो गुटों के बीच झड़प तक पहुंच गया।बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीण भी फैक्ट्री परिसर में शराब की बिक्री का विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर मजदूरों के बीच तनाव बढ़ता गया और कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई।

हंगामे के दौरान सरपंच की गाड़ी में भी तोड़फोड़

विवाद बढ़ने के बाद फैक्ट्री परिसर में मजदूरों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में भी तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। अचानक बिगड़े हालात के चलते इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

समझाने पहुंची पुलिस पर भी बरसी भीड़

फैक्ट्री में हंगामे की सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, आक्रोशित मजदूरों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया।इस घटना में खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिस जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।

आज का पंचांग: सोमवार को प्रदोष काल में शिवजी की पूजा से मिलेगा लाभ, जानें शुभ मुहूर्त

पंचांग  : आज 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार, के दिन आश्विन महीने की कृष्ण पक्ष दशमी तिथि है. इस दिन पर देवगुरु बृहस्पति और धर्म के देवता का अधिकार है. किसी भी तरह के शुभ काम करने, बड़े लोगों से मीटिंग करने के लिए यह दिन अच्छा माना जाता है.

  • विक्रम संवत : 2083
  • मास : आश्विन
  • पक्ष : कृष्ण पक्ष दशमी
  • दिन : सोमवार
  • तिथि : कृष्ण पक्ष दशमी
  • योग : शिव
  • नक्षत्र : पुष्य
  • करण : वणिज
  • चंद्र राशि : कर्क
  • सूर्य राशि : कन्या
  • सूर्योदय : 06:16:00 AM
  • सूर्यास्त : 06:03:00 PM
  • चंद्रोदय : 01:48 ए एम,
  • चंद्रास्त : 02:42 पी एम
  • राहुकाल : 07:44 से 09:12
  • यमगंड : 10:41 से 12:09

आज का नक्षत्र
आज के दिन चंद्रमा कर्क राशि और पुष्य नक्षत्र में रहेगा. यह नक्षत्र कर्क राशि में 3:20 से 16:40 तक विस्तार लिया हुआ है. इसके देवता बृहस्पति है और नक्षत्र के स्वामी ग्रह शनि है. किसी भी शुभ कार्य के लिए इसे सर्वश्रेष्ठ नक्षत्र माना जाता है. खेलकूद, विलासिता की वस्तुओं का आनंद लेने, उद्योग शुरू करने, कुशल श्रम, चिकित्सा उपचार, शिक्षा शुरू करने, यात्रा शुरू करने, दोस्तों को मिलने, कुछ सामान खरीदने और बेचने, आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ, सजावट, ललित कलाओं को सीखने के लिए यह एक अच्छा नक्षत्र है.

आज के दिन का वर्जित समय
आज के दिन 07:44 से 09:12 बजे तक राहुकाल रहेगा. ऐसे में कोई शुभ कार्य करना हो, तो इस अवधि से परहेज करना ही अच्छा रहेगा. इसी तरह यमगंड, गुलिक, दुमुहूर्त और वर्ज्यम से भी परहेज करना चाहिए.