26.1 C
Raipur
Friday, October 30, 2026
Home Blog Page 101

जिला जेल बेमेतरा में 28 बंदियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण

बेमेतरा, 7 अगस्त 2026

कृषि विज्ञान केंद्र, बेमेतरा द्वारा जिला जेल में बंदियों के कौशल विकास, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए 6 और 7 अगस्त को दो दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें 28 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख तोषण ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। वैज्ञानिक डॉ. राजनी डी. अगाशे और डोमन सिंह टेकाम ने प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को मशरूम उत्पादन के लिए आवश्यक सामग्री, सब्सट्रेट तैयार करने, स्पॉन, उत्पादन की विभिन्न अवस्थाओं, स्वच्छता, तापमान एवं नमी प्रबंधन, फसल की देखभाल और तुड़ाई की जानकारी दी गई। साथ ही मशरूम के विपणन और मूल्य संवर्धन से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाएं समझाई गईं।

वैज्ञानिकों ने बताया कि मशरूम उत्पादन कम लागत, कम स्थान और सीमित संसाधनों में स्वरोजगार का अच्छा माध्यम है। प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदियों को ऐसा रोजगारपरक कौशल देना है, जिसे वे जेल से बाहर आने के बाद भी अपनाकर आजीविका का साधन बना सकें।

कार्यक्रम में जिला जेल अधीक्षक राहुल पाण्डेय सहित जेल अधिकारियों-कर्मचारियों तथा कृषि विज्ञान केंद्र की टीम का सहयोग रहा।

पंडरिया शक्कर कारखाने में श्रमिकों का आक्रोश, 5 सूत्रीय मांगों पर 11 अगस्त से अनिश्चितकालीन टूलडाउन की चेतावनी

पंडरिया- कबीरधाम | 07 अगस्त 2026

संघ ने कारखाना प्रबंधन के सामने पांच सूत्रीय मांगें रखते हुए चेतावनी दी है कि यदि इनका जल्द समाधान नहीं किया गया तो 11 अगस्त 2026 से समस्त श्रमिकों के साथ अनिश्चितकालीन टूलडाउन और धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया में श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं और प्रबंधन के कथित तानाशाही रवैये को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने मोर्चा खोल दिया है।

संघ का आरोप है कि श्रमिक हितों की आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है और श्रमिकों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।

भारतीय मजदूर संघ की 5 प्रमुख मांगें

1. महामंत्री ललित चन्द्रवंशी की तत्काल बहाली संघ का आरोप है कि श्रमिक हितों की आवाज उठाने के कारण भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री एवं क्षेत्र सहायक ललित चन्द्रवंशी को 5 अगस्त 2026 की शाम मौखिक आदेश से कार्य से हटा दिया गया। संघ ने उन्हें तत्काल पूर्व कार्य एवं कार्यस्थल पर बहाल करने की मांग की है।

2. मेंटेनेंस कार्य में सभी पुराने श्रमिकों को अवसर मिले संघ का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेंटेनेंस कार्य में पूर्व से कार्यरत सभी श्रमिकों को बिना किसी भेदभाव के वापस काम पर लिया जाए और किसी के साथ पक्षपात न किया जाए।

3. ठेका श्रमिकों का कार्यस्थल न बदला जाए संघ ने कहा कि 9-10 वर्षों से एक ही स्थान पर कार्य कर रहे ठेका श्रमिकों को अन्य जगह भेजकर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। ऐसे श्रमिकों को उनके मूल कार्यस्थल पर ही बनाए रखने की मांग की गई है।

4. हड़ताल अवधि का लंबित भुगतान किया जाए संघ ने वर्ष 2024 और 2025 की हड़ताल के बाद हुए समझौते का हवाला देते हुए लंबित वेतन एवं भुगतान का तत्काल निराकरण करने की मांग की है।

5. सभी श्रमिकों का भुगतान एक साथ हो संघ का आरोप है कि जून 2025 से ठेका श्रमिकों के भुगतान में भेदभाव किया जा रहा है। अन्य कर्मचारियों का भुगतान समय पर हो जाता है, जबकि ठेका श्रमिकों का भुगतान रोका जा रहा है। इससे उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। संघ ने सभी श्रमिकों का समय पर और बिना भेदभाव भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

11 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
भारतीय मजदूर संघ ने प्रबंधन से पांचों मांगों पर लिखित रूप से समाधान की जानकारी देने की मांग की है। संघ ने कहा है कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 11 अगस्त 2026 से समस्त श्रमिकों के साथ अनिश्चितकालीन टूलडाउन और धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

संघ का कहना है कि श्रमिकों की जायज मांगों की अनदेखी करना श्रमिक विरोधी रवैया है और संगठन लोकतांत्रिक तरीके से श्रमिक हितों की लड़ाई जारी रखेगा। साथ ही आंदोलन से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी कारखाना प्रशासन एवं प्रबंधन की होगी।

समोदा में सामूहिक इस्तीफे के बाद आरंग नगर पालिका में बगावत, पूर्व मंत्री डॉ. डहरिया ने सरकार पर बोला हमला

आरंग / रायपुर 07 अगस्त 2026

नगर पंचायत समोदा में भाजपा पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे के बाद अब आरंग नगर पालिका में भी सत्ता पक्ष के भीतर बगावत के सुर तेज हो गए हैं। आरंग नगर पालिका के भाजपा पार्षदों द्वारा अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपने और एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति के नीचे अनिश्चितकालीन धरने का अल्टीमेटम देने के बाद सियासत गरमा गई है।

डॉ. डहरिया ने कहा कि आरंग में भाजपा की ही सरकार है, नगर पालिका में भाजपा का अध्यक्ष है और यह क्षेत्र खुद कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का गृह क्षेत्र है, इसके बावजूद भाजपा के पार्षदों को ही अपनी सरकार के खिलाफ धरने की चेतावनी देनी पड़ रही है। उन्होंने इसे सरकार की नाकामी और अंतर्कलह करार दिया।

इस मुद्दे पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और आरंग के पूर्व विधायक डॉ. शिवकुमार डहरिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विष्णुदेव साय सरकार और स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब पर निशाना साधा है।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि, “आरंग क्षेत्र में खुलेआम अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण का कारोबार चल रहा है और प्रशासन मौन है। कैबिनेट मंत्री का अपने क्षेत्र और अधिकारियों पर नियंत्रण नहीं है।”

उन्होंने समोदा नगर पंचायत का उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में वहां भाजपा पार्षदों ने मुख्यमंत्री को सामूहिक इस्तीफा सौंपा था और अब आरंग में पार्षदों का आंदोलन की चेतावनी देना बताता है कि प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है।

डॉ. डहरिया ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भू-माफियाओं और अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

छत्तीसगढ़ को मिलेगा पहला मदर मिल्क बैंक, विश्व स्तनपान सप्ताह पर स्वास्थ्य मंत्री ने की घोषणा

रायपुर 07 अगस्त 2026

विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर छत्तीसगढ़ को बड़ी स्वास्थ्य सौगात मिली है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश के पहले ‘मातृ दूध कोष – मदर मिल्क बैंक’ की घोषणा की है।

रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह घोषणा की गई।

यह पहल उन नवजात शिशुओं के लिए जीवनदायी साबित होगी, जिन्हें किसी कारण से अपनी माँ का दूध नहीं मिल पाता। मदर मिल्क बैंक के जरिए जरूरतमंद नवजातों को सुरक्षित दान किया हुआ मातृ दूध उपलब्ध कराया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान मातृ दुग्ध दान के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए 10 माताओं को ‘माता यशोदा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कहा गया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सरकार स्वस्थ शिशु, सशक्त माताएं और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के संकल्प के साथ काम कर रही है।

विशेषज्ञों ने कहा कि माँ का दूध नवजात के लिए पहला टीका और सबसे संतुलित आहार है, जो उसे कई गंभीर बीमारियों से बचाता है।

रिसॉर्ट में शराब पार्टी पर पुलिस का छापा, 200 से ज्यादा युवक-युवतियां मिले, संचालक पर केस

0

इंदौर / शिप्रा 07 अगस्त 2026

ग्रामीण एसपी को मिली शिकायत के बाद शिप्रा पुलिस ने लसूड़िया परमार गांव स्थित मामा बोका फार्म हाउस रिसॉर्ट पर देर रात छापेमारी की। मौके पर 200 से अधिक युवक-युवतियां शराब पार्टी करते हुए मिले।

पुलिस के मुताबिक रिसॉर्ट में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। कई युवक-युवतियां नशे की हालत में मिले। कई लड़के-लड़कियां रिसॉर्ट के कमरों में रुके हुए थे।

जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट संचालक ने कलेक्टर के आदेशों का उल्लंघन किया है। रिसॉर्ट में रुकने वाले किसी भी व्यक्ति का नाम-पता रजिस्टर में दर्ज नहीं था। आयोजकों ने एंट्री तक नहीं की थी और थाने को भी सूचना नहीं दी गई थी।

एसपी ग्रामीण राजेंद्र वर्मा को सूचना मिली थी कि फार्म हाउस में बिना अनुमति के बड़ी पार्टी चल रही है। उनके निर्देश पर शिप्रा थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने पार्टी में मौजूद सभी युवक-युवतियों को समझाइश देकर छोड़ दिया। वहीं रिसॉर्ट संचालक विवेक उर्फ गोलू पटेल पिता विष्णु पटेल निवासी डकाच्या के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

शराब दुकानों में गड़बड़ी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, दो उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर – 07 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवर रेट बिक्री और अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने एक ही दिन में दो आबकारी उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक सहायक जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा शासन को भेजी गई है।

पहला मामला – बलौदाबाजार-भाटापारा
रोहासी देशी कंपोजिट शराब दुकान में अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत मिली थी। जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारी ने शिकायत पर सही कार्रवाई नहीं की और दुकान का सीसीटीवी सिस्टम भी अपडेट नहीं रखा। इस लापरवाही पर आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

दूसरा मामला – बालोद / धमतरी
25 जुलाई को धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र में 53 पेटी अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त हुई थी। होलोग्राम जांच में इसका स्रोत बालोद जिले की अरकार देशी कंपोजिट दुकान निकला। जांच में दुकान से तय सीमा से ज्यादा थोक बिक्री का खुलासा हुआ। इस पर वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक आशा राम शाक्य को निलंबित किया गया है।

इसी प्रकरण में अरकार दुकान की प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। विभाग ने उनके शिथिल नियंत्रण और लापरवाही को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग को भेजी है।

सीएम का बयान –
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने
कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शराब दुकानों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पद्मश्री बुधरी ताती हुईं 10 वर्षीय अरुणिमा की गायकी की मुरीद, कलेक्टर ने किया सम्मानित

रायपुर / बेमेतरा | 06 अगस्त 2026

राजधानी के वृंदावन हॉल में अनूठा दिव्यांग तीज मिलन उत्सव, पद्मश्री बुधरी ताती ने बाल कलाकार अरुणिमा शर्मा के गायन की सराहना की।

रायपुर के वृंदावन हॉल में बुधवार को एक अनूठे समारोह का आयोजन किया गया। अपनी तरह के पहले दिव्यांग तीज मिलन उत्सव एवं सम्मान समारोह में वर्ष 2026 की पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती विशेष रूप से शामिल हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत बेमेतरा जिले की 10 वर्षीय बाल कलाकार अरुणिमा शर्मा की संगीतमय प्रस्तुति से हुई। अरुणिमा ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजगीत की प्रस्तुति दी। जब उन्होंने हारमोनियम वादन के साथ सुमधुर गायन प्रस्तुत किया तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।

अरुणिमा के लाइव गायन और वादन को देखकर पद्मश्री बुधरी ताती खुद को रोक नहीं पाईं। उन्होंने मंच से उतरकर अरुणिमा को बाहों में भर लिया और उसकी गायकी की दिल खोलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बिटिया खूब आगे जाएगी और छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन करेगी।

इस अवसर पर अरुणिमा शर्मा को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग महिलाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में तीज मिलन के अवसर पर दिव्यांग महिलाओं को तीज सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं दिव्यांग बच्चों ने सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया।

विप्र सुरभि पत्रिका विप्र समाज की धरोहर है – राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज

बलौदाबाजार – 06 अगस्त 2026

सर्व ब्राह्मण समाज बलौदाबाजार द्वारा विप्र सुरभि पत्रिका का विमोचन, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजेश्री महंत शामिल हुए।

सर्व ब्राह्मण समाज बलौदाबाजार द्वारा विप्र वाटिका में विप्र सुरभि पत्रिका के विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर अपने आशीर्वचन में राजेश्री महंत जी महाराज ने कहा कि विप्र सुरभि पत्रिका को मूर्त रूप देने में समाज के अनेक साहित्यकारों ने अपनी लेखनी से सहयोग किया है। यह पत्रिका आने वाले समय में समाज के लिए धरोहर साबित होगी। जब भी कोई व्यक्ति विप्र समाज के संदर्भ में कुछ उल्लेख करना चाहेगा तो इस पत्रिका का स्मरण निश्चित रूप से होगा।

उन्होंने कहा कि विप्र समाज को प्रतिष्ठित करने के लिए हमारे पूर्वजों ने कठिन तपस्या की है। ब्राह्मण समाज सदियों से ‘सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया’ के सूत्र वाक्य के साथ संपूर्ण जगत के कल्याण का कार्य करता आया है। उन्होंने समाज हित में सुमति से कार्य करने का आह्वान करते हुए श्रीमद् भागवत गीता के दृष्टांत प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व ब्राह्मण समाज बलौदाबाजार के अध्यक्ष श्याम शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि श्रावण कृष्ण सप्तमी, 5 अगस्त को आयोजित यह कार्यक्रम विशेष है, संयोग से आज मेरा जन्मदिवस भी है। हम आगे भी समाज हित में कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन विष्णुधर दीवान ने किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेंद्र मिश्रा, अशोक तिवारी, प्रभा शुक्ला, प्रभाशंकर मिश्र, संजय पांडे, राम शुक्ला, एस.पी. पांडे, यू.के. मिश्रा, राजकुमार तिवारी, सुशील तिवारी, शिव नरेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



महंगाई भत्ता और चार स्तरीय वेतनमान की मांग को लेकर राज्य कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की भेंट

रायपुर -06 अगस्त 2026

राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि मंडल ने आज शंकर नगर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की।

प्रतिनिधि मंडल ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांग की है कि राज्य के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता दिया जाए। संघ ने जनवरी 2026 से एरियर सहित महंगाई भत्ते के भुगतान की मांग की है।

इसके साथ ही प्रतिनिधि मंडल ने मध्यप्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को संपूर्ण सेवाकाल में चार स्तरीय वेतनमान का लाभ देने की मांग रखी।

संघ ने स्वास्थ्य विभाग के कुष्ठ कार्यक्रम में कार्यरत एन.एम.ए. और पी.टी. कर्मचारियों को नियमों में एक बार शिथिलता देकर पदोन्नति देने तथा अन्य विभागों में लंबित पदोन्नति प्रकरणों के निराकरण की भी मांग की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधि मंडल को सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी चेलक, प्रदेश महामंत्री बोधीराम निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष खुमान सिंह ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. विनोद वर्मा एवं धमतरी जिलाध्यक्ष डी.एन. साहू प्रमुख रूप से शामिल रहे।

पंचायतों में कामकाज होगा और पारदर्शी, अधिकारियों को मिला ऑनलाइन रिपोर्टिंग का प्रशिक्षण

रायपुर -5 अगस्त 2026

प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायतों में ऑनलाइन रिपोर्टिंग व्यवस्था को आसान, समयबद्ध और प्रभावी बनाना है, ताकि योजनाओं की सही जानकारी समय पर शासन तक पहुंच सके।
छत्तीसगढ़ में पंचायतों के कामकाज को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए राज्य संपरीक्षा कार्यालय ने एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) मॉड्यूल का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया।

राज्य संपरीक्षा कार्यालय, रायपुर की सात सदस्यीय टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को एटीआर मॉड्यूल के संचालन, ऑनलाइन रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही मॉड्यूल का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

महासमुंद जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनपद पंचायत महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली के पंचायत अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान सहायक संचालक कदम सिंह सिदार सहित राज्य संपरीक्षा कार्यालय के अधिकारियों यू.के. कोसरिया, सौरभ तिग्गा, सुमित साहू और ज्येष्ठ संपरीक्षक फैजान अहमद ने जिला पंचायत के अशोक चंद्राकर और योगेश साहू के सहयोग से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।

अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करने, जरूरी दस्तावेजों को सही तरीके से संधारित करने, डेटा की शुद्धता बनाए रखने और तय समय-सीमा में जानकारी अपलोड करने पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की तकनीकी समस्याओं का भी समाधान किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, एटीआर मॉड्यूल के नियमित उपयोग से पंचायतों के कार्यों की प्रगति की ऑनलाइन जानकारी समय पर उपलब्ध होगी।

इससे सरकारी योजनाओं की निगरानी बेहतर होगी, समीक्षा आसान होगी और पंचायतों की जवाबदेही भी बढ़ेगी। साथ ही शासन की डिजिटल और पारदर्शी कार्यप्रणाली को मजबूती मिलेगी।

प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे एटीआर मॉड्यूल का नियमित उपयोग करें और तय समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।