25.1 C
Raipur
Friday, October 30, 2026
Home Blog Page 100

उत्तर बुनियादी सीबीएसई शाला, बेमेतरा में हरेली एवं विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

बेमेतरा, 09 अगस्त 2026।

उत्तर बुनियादी सीबीएसई शाला, बेमेतरा में हरेली पर्व एवं विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन सांस्कृतिक चेतना एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों ने आदिवासी समुदायों के पारंपरिक परिधान धारण कर ढोल-मांदर की थाप पर मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान आदिवासी संस्कृति, प्रकृति संरक्षण एवं “जल-जंगल-जमीन” के महत्व पर आधारित लघु नाटिका एवं भाषण भी प्रस्तुत किए गए।

वहीं हरेली उत्सव के उपलक्ष्य में विद्यालय में कृषि में प्रयुक्त होने वाले औजारों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। छात्राओं ने हरेली के विविध सांस्कृतिक परिधान धारण कर हरेली के पारंपरिक गीतों पर मोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हरेली गीतों की मधुर धुनों पर पूरा विद्यालय परिसर उत्सवमय हो गया।
संस्था प्रमुख थानेश्वर साहू ने कहा कि हरेली हमें कृषि और प्रकृति से जोड़ता है तथा विश्व आदिवासी दिवस हमें हमारी जड़ों, संस्कृति एवं विरासत से परिचित कराता है। ऐसे आयोजन बच्चों में पर्यावरण प्रेम, सांस्कृतिक सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर पालकों में दुर्गेश पटेल, श्रीमती सोनिया सिंह, गोपाल साहू, श्रीमती रश्मि साहू, सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में पालकगण भी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की।

कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटे वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाण्डेय का ब्राह्मण समाज ने किया सम्मान

बेमेतरा : 09 अगस्त 2026

विश्व प्रसिद्ध कैलाश मानसरोवर की सफल यात्रा कर लौटे बेमेतरा निवासी वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाण्डेय का सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया।

समारोह में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह बड़े गर्व का विषय है कि इतनी दुर्गम और जोखिमपूर्ण यात्रा को सफलतापूर्वक पूर्ण कर श्री पाण्डेय हमारे बीच उपस्थित हैं। निश्चित रूप से यह सभी सनातनियों और ब्राह्मण समाज के लिए प्रेरणा का विषय है। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए भोलेनाथ से प्रार्थना करते हैं कि उन पर अपनी विशेष कृपा बनाए रखें।

उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार राजेश पाण्डेय ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित इस यात्रा में 5 जुलाई से 26 जुलाई के बीच नाथुला बॉर्डर सिक्किम रूट से भाग लिया था। उनका चयन कंप्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से हुआ था। इस यात्रा में देशभर से 1000 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया था।

इस सम्मान समारोह में मुख्य रूप से सर्व ब्राह्मण समाज के उपप्रांताध्यक्ष लेखमणी पाण्डेय, सरयूपारीण ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अजय शर्मा (अज्जू दाऊ), सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश प्रचार सचिव दीपक पाण्डेय, सर्व ब्राह्मण समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा, जितेन्द्र शुक्ला, भूपेंद्र गौतम के साथ बड़ी संख्या में विप्रजन उपस्थित रहे।

अनुसूचित जनजाति छात्रावासी बच्चों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

कवर्धा/रायपुर — 09 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 8 अगस्त 2026 को कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास का दौरा किया और वहां रह रहे बच्चों से मुलाकात की। कवर्धा के शासकीय पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने छात्रों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी पढ़ाई, करियर प्लानिंग और भविष्य की तैयारियों पर विस्तृत संवाद किया।

कवर्धा के पोस्ट मैट्रिक अनु. जनजाति बालक छात्रावास में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छात्रों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई, करियर प्लानिंग और भविष्य की तैयारियों पर संवाद किया।

दौरे की मुख्य बातें

व्यक्तिगत संवाद: उन्होंने छात्रावास के प्रत्येक बच्चे से व्यक्तिगत रूप से बात की और उनकी दिनचर्या व जरूरतों का जायजा लिया।

शैक्षणिक सुविधाएं: बच्चों की बेहतर तैयारी के लिए छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम, ऑनलाइन क्लास की सुविधा और इंटरनेटयुक्त कंप्यूटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

संसाधन: प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें और मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

प्रेरणा:छात्रों को स्पष्ट लक्ष्य बनाकर पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

छात्रों की बेहतर तैयारी के लिए छात्रावास में स्मार्ट क्लासरूम, ऑनलाइन क्लास की सुविधा, इंटरनेट युक्त कंप्यूटर, प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें और मासिक पत्रिकाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

NEET, JEE, लॉ, SSC, व्यापम और PSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अब उनकी जरूरत के अनुरूप अध्ययन सामग्री और तकनीकी सुविधाएं मिलेंगी।

सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार युवाओं की शिक्षा, तैयारी और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर सुविधाओं का विस्तार कर रही है।



छत्तीसगढ़ और भारत भर में राष्ट्रव्यापी गहन गुणवत्ता अभियान ने E20 पेट्रोल पर क्लोराइड संदूषण के दावों का खंडन किया

न्यूज -09 अगस्त 2026 | PIB

रिफाइनरियों, डिस्टिलरीज़, आपूर्ति डिपो और खुदरा बिक्री केंद्रों पर हुए कड़े गुणवत्ता परीक्षणों ने पुष्टि की है कि इथेनॉल मिश्रित मोटर स्पिरिट (E20 पेट्रोल) निर्धारित सुरक्षा विनिर्देशों का सख्ती से पालन करता है। वितरण नेटवर्क में व्यापक नमूनाकरण के दौरान क्लोराइड की मात्रा 0-3 ppm दर्ज की गई, जिससे उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया गया जिनमें 500 ppm तक के स्तर का दावा किया गया था।

जांच अभियान की शुरुआत कैसे हुई

E20 पेट्रोल में नमी की मौजूदगी और क्लोराइड के उच्च स्तर का आरोप लगाने वाली हालिया मीडिया रिपोर्टों के बाद, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मार्गदर्शन में और छत्तीसगढ़ सहित राज्य अधिकारियों के समन्वय से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने पूरी आपूर्ति श्रृंखला में एक राष्ट्रव्यापी गहन गुणवत्ता ऑडिट शुरू किया।

व्यापक प्रयोगशाला परीक्षणों ने पुष्टि की है कि खुदरा बिक्री केंद्रों पर आपूर्ति किया जाने वाला ईंधन निर्धारित सुरक्षा मापदंडों के भीतर है, जिससे छत्तीसगढ़ और देश के बाकी हिस्सों में वाहन मालिकों को आश्वस्त किया गया है।

रायपुर-बिलासपुर से लेकर पूरे नेटवर्क तक परीक्षण

रायपुर और बिलासपुर जैसे राज्य वितरण केंद्रों में स्रोत से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक ईंधन की अखंडता की रक्षा के लिए OMCs ने सभी लॉजिस्टिक्स नोड्स पर परीक्षण किया। परीक्षण के मुख्य आंकड़े इस प्रकार रहे:

–रिफाइनरियां: 100 से अधिक पेट्रोल नमूनों के विश्लेषण में क्लोराइड का स्तर लगातार 1 ppm या उससे कम पाया गया।
– डिस्टिलरीज़: 80 डिस्टिलरीज़ का निरीक्षण करने वाले संयुक्त कार्य बल ने इथेनॉल क्लोराइड का स्तर 3 ppm से नीचे दर्ज किया।
– डिपो और खुदरा केंद्र:80 से अधिक डिपो नमूनों और 160 खुदरा बिक्री केंद्र प्रयोगशाला रिपोर्टों में क्लोराइड सामग्री 0-3 ppm के भीतर पाई गई।

इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सामने आए चार अलग-अलग गैर-अनुपालन मामलों को मूल-कारण विश्लेषण के लिए तुरंत निलंबित कर दिया गया।

निगरानी व्यवस्था और पारदर्शिता

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने छत्तीसगढ़ के सभी फ्यूल स्टेशनों पर उपभोक्ता विश्वास बनाए रखने के लिए क्षेत्र निगरानी को मजबूत किया है। देशभर में लगभग 90,000 खुदरा बिक्री केंद्रों पर भूमिगत भंडारण टैंकों में पानी के प्रवेश और घनत्व विविधताओं की प्रतिदिन 8 से 12 बार निगरानी की जाती है, जबकि मोबाइल गुणवत्ता-परीक्षण प्रयोगशालाएं मौके पर स्वतंत्र सत्यापन करती हैं।

पूर्ण परीक्षण सारांश सार्वजनिक रूप से सेंटर फॉर हाई टेक्नोलॉजी पोर्टल (www.cht.gov.in) पर उपलब्ध है, जो पुष्टि करता है कि छत्तीसगढ़ में उपभोक्ता पूर्ण विश्वास के साथ E20 पेट्रोल का उपयोग कर सकते हैं।

आज भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रहा है- पीएम मोदी

जिन लोगों में चुनौतियों के नए समाधान खोजने का साहस होता है, उनके लिए चुनौतियाँ अवसर बन जाती हैं: प्रधानमंत्री

जिन लोगों में चुनौतियों के नए समाधान खोजने का साहस होता है, उनके लिए चुनौतियाँ अवसर बन जाती हैं।

दिल्ली न्यूज 9 अगस्त 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आईआईटी दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह की झलकियां साझा करते हुए नए स्नातकों को जीवन के नए अध्याय की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा बड़े सपने देखें, चुनौतियों को स्वीकार करें और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपना योगदान दें। प्रधानमंत्री ने कोविड महामारी के दौरान वर्चुअल माध्यम से आईआईटी दिल्ली से जुड़ने की अपनी स्मृति का उल्लेख करते हुए परिसर में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने को विशेष अनुभव बताया।
बदलती तकनीक के साथ ढलना जरूरी
पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में खुद को नई परिस्थितियों के अनुरूप ढालना बेहद जरूरी है। तकनीक उद्योगों, पेशों और जीवन के लगभग हर क्षेत्र को बदल रही है। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों से घबराने के बजाय नए समाधान खोजने की क्षमता विकसित करने का आह्वान किया, ताकि कठिन परिस्थितियों को अवसरों में बदला जा सके।
जिंदगी का कोई तय सिलेबस नहीं
प्रधानमंत्री ने युवाओं को जीवन की अनिश्चितताओं के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का एक सिलेबस होता है, लेकिन जिंदगी का कोई सिलेबस नहीं होता। जीवन अक्सर तय सिलेबस से बाहर निकलकर ऐसी परिस्थितियां सामने लाता है, जिनका सामना अपनी समझ, अनुभव और निर्णय क्षमता से करना पड़ता है।
आत्मनिर्भर भारत में युवाओं की निर्णायक भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली पीढ़ी ने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया था। आज की युवा पीढ़ी के सामने जिम्मेदारी अलग है, लेकिन उसका महत्व कम नहीं है। आर्थिक और तकनीकी आत्मनिर्भरता, औद्योगिक सामर्थ्य तथा नवाचार के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक होगी।

रॉकेट, चिप और ड्रोन बनाने वाली पीढ़ी
पीएम मोदी ने कहा कि आज कई युवा ऐसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, जहां वे आने वाली पीढ़ियों के इतिहास में भारत के शुरुआती रॉकेट, चिप और ड्रोन बनाने वालों के रूप में याद किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से इसी आत्मविश्वास और नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

नए अध्याय की शुरुआत पर दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने आईआईटी दिल्ली के सभी स्नातकों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल शिक्षा पूरी होने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की नई जिम्मेदारियों और अवसरों की शुरुआत भी है। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश की प्रगति और समाज के कल्याण के लिए करने की अपील की।

“यूपीआई उपयोगकर्ताओं के लिए कोई शुल्क नहीं, व्यापारियों के लिए भी अधिकांश लेनदेन रहेंगे निःशुल्क”

0

09 अगस्त 2026, PIB भोपाल

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यूपीआई उपयोगकर्ताओं को किसी भी लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं देना होगा और सभी पी2पी (व्यक्ति-से-व्यक्ति) लेनदेन पूरी तरह निःशुल्क रहेंगे। व्यापारियों के लिए भी अधिकांश लेनदेन मुफ्त रहेंगे; यदि भविष्य में एमडीआर लागू होता है, तो वह केवल एक तय सीमा से ऊपर के सीमित व्यापारी लेनदेन पर, नाममात्र दर पर लगेगा—जो डेबिट-क्रेडिट कार्ड एमडीआर से काफी कम होगा।

पीएसएस अधिनियम में संशोधन क्यों

संसद द्वारा कराधान और अन्य कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 पारित होने के बाद भुगतान एवं निपटान प्रणाली अधिनियम, 2007 की धारा 10ए में संशोधन प्रस्तावित है। इसके बाद एनपीसीआई की अध्यक्षता वाली “यूपीआई और सेवा संचालन समिति” एमडीआर पर निर्णय लेगी। सरकार के अनुसार यह कदम यूपीआई की दीर्घकालिक स्थिरता, तकनीकी उन्नयन, साइबर सुरक्षा और बाजार प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए जरूरी है, क्योंकि केवल सब्सिडी पर निर्भर रहना व्यवहार्य नहीं है।

बाहरी दबाव की अटकलें खारिज

सरकार ने इन दावों को निराधार बताया कि बाहरी प्रभाव इस नीतिगत बदलाव को प्रेरित कर रहे हैं। सरकार ने कहा कि 2016 में यूपीआई लॉन्च करना और जनवरी 2020 से इसे निःशुल्क रखना इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

आंकड़ों में यूपीआई की ताकत

2016-17 में शुरू हुआ यूपीआई अब दुनिया की सबसे बड़ी रीयल-टाइम भुगतान प्रणाली है। अकेले जुलाई 2026 में इसने ₹29.9 लाख करोड़ मूल्य के 2,366 करोड़ लेनदेन संसाधित किए और यह 11 विदेशी देशों में भी सक्रिय है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल वित्त मंत्रालय, आरबीआई और एनपीसीआई की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और भ्रामक संदेश आगे न बढ़ाएं।


शिवरीनारायण में शिव महापुराण कथा में शामिल हुए राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास

शिवरीनारायण – 07 अगस्त 2026

मेला ग्राउंड शिवरीनारायण में केसरवानी परिवार की ओर से आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं श्री शिवरीनारायण मठ तथा श्री दूधाधारी मठ रायपुर के पीठाधीश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज शामिल हुए।

इस अवसर पर राजेश्री महन्त जी महाराज ने व्यास पीठ पर विराजित आचार्य युवराज पांडे जी का शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। वहीं आचार्य युवराज पांडे जी ने भी पुष्पमाला और शाल भेंट कर राजेश्री महन्त जी महाराज का स्वागत एवं अभिवादन किया।

राजेश्री महन्त जी महाराज ने अपने सहयोगियों के साथ शिव महापुराण की कथा का श्रवण किया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की और कथा का आध्यात्मिक लाभ लिया।

कार्यक्रम में तेलंगाना से पहुंचे दक्षिण भारतीय अग्रवाल समाज के सह सचिव एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा के तेलंगाना प्रदेशाध्यक्ष महेश अग्रवाल, पौनी महाराष्ट्र से सोमा कावड़े, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंस, राघवेंद्र प्रताप सिंह, योगेश शर्मा, सुखराम दास, निर्मल दास वैष्णव, पुरेंद्र सोनी, गोपाल केवट, खगेश वर्मा, हर्ष दुबे, अंकित दुबे सहित अनेक प्रतिष्ठित नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य किरण उमेश महाल्ले ने BJMTUC के महाराष्ट्र उपाध्यक्ष सिद्धार्थ वानखेड़े को दी बधाई

नई दिल्ली / अमरावती, दिनांक 03 अगस्त 2026


राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (भारत के संविधान के अनुच्छेद 338B के तहत एक संवैधानिक निकाय), सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सदस्य किरण उमेश महाल्ले ने भारतीय जनता मज़दूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) के महाराष्ट्र क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं विदर्भ क्षेत्र के प्रभारी श्री सिद्धार्थ वानखेड़े को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

अपने बधाई संदेश में श्री महाल्ले ने कहा कि, “भारतीय जनता मज़दूर ट्रेड यूनियन काउंसिल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को कुशलतापूर्वक निभाते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए आपका समर्पित कार्य, प्रभावी नेतृत्व और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा व उनके समग्र कल्याण के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता अत्यंत प्रेरणादायक और सराहनीय है।”

उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को समझने और उनके उचित अधिकारों के लिए श्री वानखेड़े द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयास, संगठनात्मक कार्यों के प्रति निष्ठा और समाज के प्रति सेवाभावी दृष्टिकोण अनुकरणीय है।

श्री महाल्ले ने कहा कि श्री वानखेड़े का कार्य संगठन को नई ऊर्जा और दिशा दे रहा है तथा श्रमिकों में विश्वास और भरोसा जगा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री वानखेड़े के नेतृत्व में BJMTUC निरंतर प्रगति करेगी और श्रमिक कल्याण में इसका बहुमूल्य योगदान लगातार बढ़ता रहेगा।

अंत में उन्होंने ईश्वर से श्री सिद्धार्थ वानखेड़े के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर सफलता की प्रार्थना की।


कुत्ते को भगाने की बात पर विवाद, डंडे-पत्थर से हमला; एक की मौत, 4 गिरफ्तार

बेमेतरा, 7 अगस्त 2026

साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में कुत्ते को भगाने की बात को लेकर विवाद में चार लोगों ने ओमप्रकाश प्रजापति पर डंडे और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते एक राय होकर ओमप्रकाश को जान से मारने की बात कहते हुए आसपास पड़े डंडे और पत्थर उठा लिए और उस पर हमला कर दिया। हमले में ओमप्रकाश के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने के दौरान उनकी पत्नी ललिता के पैर में भी चोट लगी।

पुलिस के अनुसार, घटना 6 अगस्त की सुबह हुई। मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर साजा पुलिस ने शिवकुमार श्रीवास, रोशन श्रीवास, दीपक श्रीवास और सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुरानी रंजिश और आपसी मनमुटाव की बात सामने आई है।
घटना के बाद डायल-112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। ओमप्रकाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साजा ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे, पत्थर और अन्य साक्ष्य जब्त किए। चारों आरोपियों को 7 अगस्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में BNS की धारा 103(1), 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में साजा थाना प्रभारी निरीक्षक जनक साहू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला जेल बेमेतरा में 28 बंदियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण

बेमेतरा, 7 अगस्त 2026

कृषि विज्ञान केंद्र, बेमेतरा द्वारा जिला जेल में बंदियों के कौशल विकास, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए 6 और 7 अगस्त को दो दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें 28 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख तोषण ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। वैज्ञानिक डॉ. राजनी डी. अगाशे और डोमन सिंह टेकाम ने प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को मशरूम उत्पादन के लिए आवश्यक सामग्री, सब्सट्रेट तैयार करने, स्पॉन, उत्पादन की विभिन्न अवस्थाओं, स्वच्छता, तापमान एवं नमी प्रबंधन, फसल की देखभाल और तुड़ाई की जानकारी दी गई। साथ ही मशरूम के विपणन और मूल्य संवर्धन से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाएं समझाई गईं।

वैज्ञानिकों ने बताया कि मशरूम उत्पादन कम लागत, कम स्थान और सीमित संसाधनों में स्वरोजगार का अच्छा माध्यम है। प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदियों को ऐसा रोजगारपरक कौशल देना है, जिसे वे जेल से बाहर आने के बाद भी अपनाकर आजीविका का साधन बना सकें।

कार्यक्रम में जिला जेल अधीक्षक राहुल पाण्डेय सहित जेल अधिकारियों-कर्मचारियों तथा कृषि विज्ञान केंद्र की टीम का सहयोग रहा।