शराब दुकानों में गड़बड़ी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, दो उपनिरीक्षक निलंबित
रायपुर – 07 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवर रेट बिक्री और अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने एक ही दिन में दो आबकारी उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक सहायक जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा शासन को भेजी गई है।
पहला मामला – बलौदाबाजार-भाटापारा
रोहासी देशी कंपोजिट शराब दुकान में अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत मिली थी। जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारी ने शिकायत पर सही कार्रवाई नहीं की और दुकान का सीसीटीवी सिस्टम भी अपडेट नहीं रखा। इस लापरवाही पर आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
दूसरा मामला – बालोद / धमतरी
25 जुलाई को धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र में 53 पेटी अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त हुई थी। होलोग्राम जांच में इसका स्रोत बालोद जिले की अरकार देशी कंपोजिट दुकान निकला। जांच में दुकान से तय सीमा से ज्यादा थोक बिक्री का खुलासा हुआ। इस पर वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक आशा राम शाक्य को निलंबित किया गया है।
इसी प्रकरण में अरकार दुकान की प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। विभाग ने उनके शिथिल नियंत्रण और लापरवाही को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग को भेजी है।
सीएम का बयान –
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
आबकारी आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शराब दुकानों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
- Advertisement -
- Advertisement -