34.3 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

“गृह मंत्री विजय शर्मा ने खुद पीड़ित बनकर डायल-112 में शिकायत दर्ज कराई, वाहन पहुंचने पर पूरे सिस्टम को परखा”

Must read

बेमेतरा-25 मई 2026

राजधानी से कबीरधाम जाते समय उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने दिनांक 24 मई 2026 को बेमेतरा के पास नेशनल हाईवे मार्ग पर रुककर नेक्स्ट जेन डायल-112 सेवा की कार्यप्रणाली का औचक परीक्षण किया। सेवा की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता एवं रिस्पॉन्स समय परखने के लिए उन्होंने स्वयं एक सड़क दुर्घटना पीड़ित बनकर डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराई और समीप के ढाबे पर वाहन पहुंचने की प्रतीक्षा की।

निर्धारित समय में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची, जिसके पश्चात उन्होंने वाहन एवं पूरे सिस्टम का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने वाहन में उपलब्ध लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कार्यप्रणाली, संचार व्यवस्था एवं हेल्पलाइन सहायता प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ में 400 नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेशवासियों को समर्पित किया गया था। इस उन्नत व्यवस्था में पुलिस सहायता, एम्बुलेंस, अग्निशमन तथा महिला सहायता हेल्पलाइन को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया गया है।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पैनिक बटन एवं विशेष निगरानी सुविधाएं भी इस प्रणाली में जोड़ी गई हैं।

बेमेतरा जिले में 11 नए आधुनिक डायल-112 वाहन थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा, बेरला, साजा, परपोडी, खम्हरिया, नवागढ़, नांदघाट, दाढ़ी एवं चंदनू को प्रदाय किए गए हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में ये वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात हैं। सेवा प्रारंभ से अब तक जिले में कुल 162 प्रकरण डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुए हैं।

बेमेतरा पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी, महिला संबंधी अपराध या किसी भी संकट की स्थिति में बिना संकोच 112 नंबर डायल करें।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article