34.3 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

20,400 टन LPG लेकर ‘जग विक्रम’ आज कांडला पहुंचेगा, समुद्री आपूर्ति सामान्य

Must read

नई दिल्ली/डिजिटल डेस्क, 14 अप्रैल 2026

देश की ऊर्जा आपूर्ति को मजबूती देने के बीच भारतीय ध्वज वाला एलपीजी जहाज ‘जग विक्रम’ आज मंगलवार को कांडला बंदरगाह पहुंचने वाला है। यह जहाज 20,400 टन एलपीजी लेकर आ रहा है और हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर चुका है, जिससे आपूर्ति को लेकर सरकार की तैयारियों को बल मिला है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी हुई है। सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी बीच, खाड़ी क्षेत्र से भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी का अभियान भी जारी है। अब तक कुल 2,177 भारतीय नाविकों को स्वदेश लाया जा चुका है, जिनमें पिछले 24 घंटे में 93 लोग शामिल हैं। विदेश मंत्रालय और भारतीय मिशन 24 घंटे हेल्पलाइन के जरिए नागरिकों को सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक फिलहाल सुरक्षित हैं। डीजी शिपिंग कंट्रोल रूम ने अब तक हजारों कॉल और ईमेल के जरिए सहायता प्रदान की है, जिससे संकट के समय त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हुई है।

देश के सभी प्रमुख बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी जाम या अवरोध की स्थिति नहीं है। पश्चिमी तट के बंदरगाहों पर वेस्ट एशिया से जुड़े हजारों कंटेनरों का संचालन सुचारु रूप से किया गया है, जिनमें अधिकांश की समय पर निकासी हो चुकी है।


पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय विदेश मंत्रालय और खाड़ी क्षेत्र में स्थित भारतीय मिशनों के साथ समन्वय कर लगातार काम कर रहा है, ताकि समुद्री संचालन प्रभावित न हो और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


विदेश मंत्री ने भी हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात का दौरा कर वहां के हालात की समीक्षा की। सरकार का कहना है कि वह खाड़ी और पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के साथ समन्वय कर रही है।


सरकार ने दोहराया है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, सहायता और भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।


- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article