घर के ऊपर छत की टंकी साफ करने का अलग एक आसान तरीका
स्वास्थ्य डेस्क – 17 जुलाई 2026
दैनिक ज़रुरत के हिसाब से लोग घरों में छत पर कहीं बड़े तो कहीं छोटे टैंक लगाये रहते हैं जिसकी सफाई की उतनी ही आवश्यकता है जितना पानी ।अगर आपकी टंकी छत पर रखी है और महीनों से साफ नहीं हुई, तो अब वक्त आ गया है। हर 4-6 महीने में सफाई न हो तो अंदर काई, कीचड़ और बैक्टीरिया जमने लगते हैं, और यही गंदा पानी नल तक पहुंचता है।
शुरू करने से पहले सप्लाई बंद कर दीजिए और नल खोलकर जितना पानी इस्तेमाल हो सके, कर लीजिए। पूरा पानी निकालना जरूरी नहीं, 20-30% बचा रहने पर भी काम चल जाता है।
अब बचा हुआ पानी छोटे पंप या बाल्टी से निकाल लीजिए। बड़ी टंकी है तो सबमर्सिबल पंप लगाना आसान पड़ेगा।
इसके बाद टंकी के लिए बना नॉन-टॉक्सिक क्लीनिंग सॉल्यूशन डालिए। घर में मौजूद बेकिंग सोडा और सिरके का घोल भी चल जाता है, पर मार्केट वाला टैंक-सेफ सॉल्यूशन ज्यादा बेहतर काम करता है।
लंबे हैंडल वाले ब्रश से दीवारों, कोनों और तली को रगड़िए। जहां काई ज्यादा जमी दिखे, वहां थोड़ी और मेहनत लगेगी। सॉल्यूशन डालने के बाद 30-45 मिनट का इंतजार कर लीजिए ताकि जमी गंदगी ढीली हो जाए।
फिर वेट वैक्यूम, पंप या बाल्टी-मग से नीचे की कीचड़ और गंदा पानी बाहर निकाल दीजिए। इसके बाद साफ पानी से एक-दो बार धो लीजिए ताकि सॉल्यूशन का कोई अंश न बचे।
आखिर में टंकी को थोड़ी देर खुला छोड़कर सुखा लीजिए, फिर ढक्कन कसकर बंद कर दीजिए — इससे धूल-मिट्टी और कीड़े अंदर नहीं जा पाएंगे।
अगर सोसाइटी या फैक्ट्री की बड़ी टंकी है और मैन्युअल सफाई मुश्किल लगे, तो प्रोफेशनल सर्विस बुलाई जा सकती है। वो पंप, स्लज पंप और हाई-प्रेशर जेट से सफाई करते हैं, कुछ जगह छोटे रोबोट भी उतारे जाते हैं जो अंदर घूमकर दीवारें साफ करते हैं।
एक आखिरी बात — अगर कभी पानी में बदबू या अजीब रंग दिखे, तो 4-6 महीने का इंतजार मत कीजिए, तुरंत सफाई करा लीजिए।
- Advertisement -
- Advertisement -