अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कबीरधाम: सामूहिक योगाभ्यास- योग ऋषि-मुनियों की अमूल्य विरासत-उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
कवर्धा- 21 जून 2026
छत्तीसगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के पीजी कॉलेज डोम में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से योग आज विश्वव्यापी आंदोलन बन चुका है और दुनिया के अनेक देशों में इसे अपनाया जा रहा है।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे देश के ऋषि-मुनियों ने विकसित कर मानवता को अमूल्य विरासत के रूप में सौंपा है।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिलने के पीछे भारत की सांस्कृतिक शक्ति और योग की वैज्ञानिक उपयोगिता प्रमुख कारण है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि निरोगी काया और स्वस्थ चित्त का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग सत्र का संचालन पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ प्रशिक्षक सुरेश चंद्रवंशी एवं अन्य प्रशिक्षकों ने किया।
प्रार्थना से शुरू हुए सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, वक्रासन, भुजंगासन, उत्तान मंडूकासन, मकरासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन तथा विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को इन आसनों के स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी। ध्यान और प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- Advertisement -
- Advertisement -