34.3 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

परफेक्ट प्रेजेंटेशन ही आर्ट है और बिना आर्ट के सब कुछ होकर भी बेकार

Must read

डिजीटल डेस्क – 16/05/2026

सोचिए एक पल के लिए।
एक आदमी के पास पैसा है, पढ़ाई है, ताकत है, चेहरे पर आकर्षण भी है — फिर भी कमरे में घुसता है तो कोई नोटिस नहीं करता। और दूसरा आदमी सादे कपड़ों में आता है, बस दो जुमले बोलता है — और पूरा कमरा उसकी तरफ मुड़ जाता है।

फर्क क्या है?प्रेजेंटेशन।
दुनिया रंगमंच है — और रंगमंच पर सिर्फ तैयारी काम नहीं करती।

शेक्सपियर ने यूँ ही नहीं कहा था कि यह दुनिया एक रंगमंच है। यहाँ हर इंसान एक किरदार है। लेकिन किरदार चाहे कितना भी गहरा हो — अगर अदायगी कमज़ोर है तो दर्शक उठकर चले जाते हैं।

यही ज़िंदगी में भी होता है।
आपका ज्ञान किताबों में बंद रहा तो किसी काम का नहीं। आपकी शक्ति अगर दिखती नहीं तो है भी तो क्या। आपका आकर्षण अगर व्यक्त नहीं होता तो वह सिर्फ आईने तक सीमित है।

जो दिखता है, वही बिकता है — यह कड़वा सच है।
आर्ट ऑफ लाइफ — जीना भी सीखना पड़ता है,
ज़िंदगी अपने आप नहीं जी जाती। इसे जीने की एक कला होती है।

कुछ लोग साधनों के बिना भी भरपूर जीते हैं और कुछ लोग सब कुछ होते हुए भी खालीपन में जीते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले वाले को पता है — कैसेजीना है।वह अपनी ज़िंदगी को एक कलाकार की तरह रचता है, रोज़ थोड़ा-थोड़ा।

आर्ट ऑफ लिविंग — रिश्ते, बातें, व्यवहार
घर में दो लोग हैं। एक वही बात कहता है जो दूसरा सुनना चाहता है, लेकिन इस तरह कहता है कि सामने वाला आहत हो जाता है। दूसरा कभी-कभी कड़वी बात भी कहता है, लेकिन इतने प्यार से कि सामने वाला स्वीकार कर लेता है।एक सोच में,
यही आर्ट ऑफ लिविंग है।
बात क्या कही — यह उतना ज़रूरी नहीं। बात कैसे कही— यही सब कुछ तय करता है।

आर्ट ऑफ थॉट — सोचने का भी एक तरीका होता है
एक ही घटना को हज़ार लोग देखते हैं। अखबार वाला उसमें खबर देखता है, कवि उसमें कविता देखता है, चित्रकार उसमें रंग देखता है और फिलॉसफर उसमें सवाल देखता है।
घटना एक है — नज़रिए अलग।
जिसकी सोच में कला है, वह साधारण चीज़ों में भी असाधारण अर्थ खोज लेता है। और यही सोच उसकी प्रेजेंटेशन को बाकियों से अलग बनाती है।

आर्ट ऑफ सेक्स — संवेदनशीलता सबसे बड़ी कला है
हज़ारों साल पहले भारत ने कामसूत्र को शास्त्र का दर्जा दिया। क्यों? क्योंकि यह समझा गया कि प्रेम और शरीर का संबंध भी एक कला माँगता है — संवेदनशीलता, समझ और उपस्थिति।
जहाँ सिर्फ शरीर है, संवेदना नहीं — वहाँ कला नहीं, सिर्फ क्रिया है।

आर्ट ऑफ थीम — बिना थीम के सब बिखरा है
हर बड़ी फिल्म के पीछे एक थीम होती है। हर बड़े नेता की राजनीति के पीछे एक थीम होती है। हर कामयाब ब्रांड के पीछे एक थीम होती है।
जिसकी ज़िंदगी में थीम नहीं — वह हर रोज़ अलग दिशा में भागता है और कहीं नहीं पहुँचता।
थीम तय करना मतलब — यह तय करना कि मैं कौन हूँ और मुझे कहाँ जाना है।

तो आखिर में क्या!?
धन हो, ज्ञान हो, शक्ति हो, सौंदर्य हो — सब हो।
लेकिन अगर प्रेजेंटेशन नहीं है तो यह सब एक बंद तिजोरी में रखे हीरे जैसा है।
चमक तभी है जब रोशनी पड़े
और वह रोशनी डालने का काम करती है — कला।
इसीलिए कहते हैं —”जहाँ आर्ट नहीं, वहाँ जिंदगी नहीं

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article