34.1 C
Raipur
Sunday, June 28, 2026

भारत: वैभव या भीड़? — एक नागरिक की बेबाक पड़ताल

Must read

रविवार / 28 जून 2026

ज्ञान के दो ही मुख्य स्त्रोत है किताब या संकलन, लेकिन यह कोई किताबी या संकलित ज्ञान नहीं, बल्कि एक तर्क के साथ नागरिक की अपनी मिट्टी और देश के प्रति चिंता है। आज हम ‘विश्व गुरु’ बनने की दौड़ में तो हैं, लेकिन हमारे पैरों में बढ़ती आबादी और घटती नैतिकता की बेड़ियाँ हैं। यह लेख संसाधनों की कमी, राजनीति के भटकाव और समाधान के कड़े रास्तों पर एक खुली चर्चा है।

आंकड़ों की जुबानी — जनसंख्या वृद्धि का असली सच
जब हम जनसंख्या की बात करते हैं, तो अक्सर हम केवल ‘भीड़’ देखते हैं, लेकिन आंकड़ों के पीछे छिपे संकेत भविष्य की रणनीति तय करते हैं। 1961-1981 के बीच भारत की वृद्धि दर लगभग 2.22% थी, जो अब घटकर 0.9% के पास है। लेकिन समस्या ‘आधार जनसंख्या’ की विशालता है। दर कम होने के बावजूद हम हर साल एक ऑस्ट्रेलिया जितना नया बोझ ढो रहे हैं।

संवाद – पहला
ज्वाला: “भैया, दर कम हो रही है तो चिंता क्यों?”
ज्योतिपति: “ज्वाला, मान ले एक भारी ट्रक 100 की रफ्तार से दौड़ रहा था, अब उसकी रफ्तार 60 है। रफ्तार कम हुई, लेकिन ट्रक अभी भी आगे बढ़ रहा है और उसका वजन उतना ही भारी है। सामने संसाधनों का छोटा पुल आया, तो खतरा तो रहेगा ही न?”

युवा भारत और घटते संसाधन
दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी (65%) हमारे पास है, लेकिन हमारे पास दुनिया की कुल जमीन का मात्र 2.4% हिस्सा है। पिछले दशकों में प्रति व्यक्ति खेती योग्य भूमि और पानी की उपलब्धता में 60% से अधिक की गिरावट आई है।

संवाद – दूसरा
ज्वाला: “भैया, जब बाप-दादा के समय जैसा पानी ही नहीं बचा, तो ये युवा करेंगे क्या?”
ज्योतिपति: “यही परीक्षा है ज्वाला! अब पुराने तरीके नहीं चलेंगे। अगर पानी कम है, तो हमें ‘ड्रिप इरिगेशन’ और नई तकनीक की तरफ जाना होगा। वरना ये 65% युवा आबादी केवल हताशा में बदल जाएगी।”

रोटी, रोजगार और बेरोजगारी का दर्द
युवा हैं, जोश है, डिग्री है — लेकिन नौकरी नहीं। हर साल दो करोड़ से अधिक युवा नौकरी बाजार में उतरते हैं और सरकारी नौकरियों की कुर्सियाँ गिनती की हैं। NEET का पेपर लीक हो जाता है, परीक्षाएं स्थगित होती हैं और युवा सड़कों पर थाली बजाने को मजबूर हैं। यह थाली किसी उत्सव की नहीं — यह व्यवस्था पर प्रहार है।

संवाद – तीसरा
ज्वाला: “भैया, पढ़ाई की, मेहनत की — फिर भी नौकरी नहीं। आखिर गलती किसकी है?”
ज्योतिपति: “गलती उस व्यवस्था की है ज्वाला, जो परीक्षा का पेपर बेचती है और युवा का सपना खरीद लेती है। लेकिन गलती हमारी भी है — हमने उस व्यवस्था को पालने में मत दिया, सवाल नहीं किया।”

नैतिकता का संकट — असली बेड़ी यही है
जनसंख्या बढ़ना प्रकृति है। लेकिन नैतिकता का गिरना — यह मनुष्य की चुनी हुई तबाही है। आज नेता झूठ बोलते हैं और हम ताली बजाते हैं। अधिकारी रिश्वत लेते हैं और हम चुप रहते हैं। परीक्षाओं में धांधली होती है और हम अगली परीक्षा का इंतजार करते हैं। जब तक नागरिक जागरूक नहीं होगा — कोई भी नीति, कोई भी योजना, कोई भी नेता देश नहीं बचा सकता।

संवाद – चौथा
ज्वाला: “भैया, हम आम आदमी क्या कर सकते हैं?”
ज्योतिपति: “ज्वाला, जब हर आम आदमी ने यह सोचना बंद कर दिया कि ‘मैं क्या कर सकता हूँ’ — तभी से देश बीमार हुआ। एक वोट सोचकर दो। एक सवाल नेता से पूछो। एक बच्चे को ईमानदारी सिखाओ। बदलाव वहीं से शुरू होता है।”

एक चिंतन— वैभव चाहिए तो भीड़ नहीं, चेतना चाहिए
भारत के पास सब कुछ है — इतिहास, संस्कृति, युवा, प्रतिभा।लेकिन जब तक हम संसाधनों को बचाना नहीं सीखेंगे, जब तक नैतिकता को राजनीति से ऊपर नहीं रखेंगे, जब तक हर नागरिक सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी नहीं समझेगा —

तब तक यह देश वैभव नहीं, सिर्फ भीड़ बना रहेगा।
विश्व गुरु बनना है — तो पहले खुद का गुरु बनो।

डिस्क्लेमर
“यह लेख उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी एवं लेखक के निजी विचारों पर आधारित है। इसमें किसी व्यक्ति, संस्था या विचारधारा पर कोई आरोप या दावा नहीं किया गया है। यह एक विचार मात्र है।”
(दीपक पाण्डेय)

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article