बेमेतरा 27 जून 2026
विद्यालयों एवं पंचायतों में हुआ आयोजन।26 जून को “मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस” के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं, ताकि विशेषकर युवा वर्ग को नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा सके।
शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों एवं आमजनों को मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम, नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा उपलब्ध विधिक सहायता संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्ति से जुड़े प्रेरक संदेश एवं जानकारी साझा कर जागरूकता बढ़ाई गई।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की DAWN (Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug Free India) योजना तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार, माननीय अध्यक्ष/प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती सरोजनंद दास के मार्गदर्शन में जिले में जागरूकता अभियान चलाया गया।
श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा की उपस्थिति में शासकीय हाई स्कूल लोलेसरा, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल सिंघौरी, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोबिया तथा ग्राम पंचायत कुसमी, बहेरा, पीपरभट्ठा, अमोरा एवं तालुका साजा की ग्राम पंचायत माटरा में मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
सचिव श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव ने विद्यार्थियों को नशे की लत के दुष्परिणामों तथा इसके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज के विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।