न्यूज डेस्क(नई दिल्ली) 28 मई 2026
बदलते मौसम ने आहट के साथ देशभर में अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले 20 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
आईएमडी द्वारा जारी अलर्ट में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों को सतर्क रहने को कहा गया है। कई स्थानों पर बिजली गिरने और पेड़ उखड़ने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। वहीं बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण कई राज्यों में अचानक मौसम बदल रहा है। तेज हवाओं और बारिश से तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि खराब मौसम के कारण फसलों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है।
आईएमडी ने लोगों से मौसम विभाग की आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।


