नई दिल्ली 28 मई 2026
प्रसारित खबरें NEET घोटाले और पेपर लीक के सुलगते सवाल पर कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने CBSE परीक्षा परिणामों और ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि CBSE की मूल्यांकन प्रक्रिया में “भारी अनियमितताएं” हुई हैं, जिससे लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता और असंतोष का माहौल बना है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ी ने छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कंपनी को डिजिटल मूल्यांकन का कॉन्ट्रैक्ट दिया गया, उसका पहले भी विवादों से संबंध रहा है। कांग्रेस नेता ने इस पूरे मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच और विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की है।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा है।
वहीं, Central Board of Secondary Education यानी CBSE ने राहुल गांधी के आरोपों को “भ्रामक और तथ्यहीन” बताया है। बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के तहत संचालित की गई है तथा कॉन्ट्रैक्ट देने में सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
इस विवाद के बाद शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली को लेकर देशभर में नई बहस छिड़ गई है। छात्रों और अभिभावकों के बीच परीक्षा परिणामों की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जबकि राजनीतिक दल इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गए हैं।


