रायपुर छत्तीसगढ़ 26 जून 2026
रायपुर की महिमा राजपूत अंतरराष्ट्रीय छात्र सैटेलाइट मिशन ‘ShakthiSAT’ में नेशनल फाइनलिस्ट चयनित।स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा चांद के लिए बनाएगी सैटेलाइट, अक्टूबर 2026 में होगा लॉन्च।
छत्तीसगढ़ की 10वीं कक्षा की छात्रा महिमा राजपूत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा महिमा का चयन वैश्विक अंतरिक्ष परियोजना ‘Mission ShakthiSAT’ के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। यह एक अंतरराष्ट्रीय छात्र सैटेलाइट मिशन है जिसमें दुनिया के 108 देशों के छात्र-छात्राएं मिलकर चांद के लिए सैटेलाइट विकसित करेंगे।
महिमा को इस मिशन की जानकारी अपने स्कूल के माध्यम से मिली थी। पंजीकरण के बाद उन्हें विज्ञान, उपग्रह तकनीक और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े 21 मॉड्यूल और 365 पाठों का गहन ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। इस कठिन चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उनका चयन फाइनलिस्ट के तौर पर किया गया।
योजना के अनुसार, महिमा अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 8 दिवसीय विशेष कार्यशाला में हिस्सा लेंगी। इस कार्यशाला में 108 देशों के प्रतिभागी वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में स्पेस साइंस और सैटेलाइट निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और उपग्रह निर्माण का कार्य करेंगे। मिशन के तहत तैयार किए गए इन उपग्रहों को अक्टूबर 2026 में श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाना प्रस्तावित है।
महिमा की इस शानदार उपलब्धि पर रायपुर के कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनसे मुलाकात कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। महिमा की यह सफलता छत्तीसगढ़ के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी अंतरिक्ष विज्ञान में करियर बनाने की प्रेरणा बनेगी।


