डिजिटल डेस्क – 16 मई 2026
15 से 20 मई 2026 तक यूनाइटेड अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की पांच देशों की यात्रा पर रवाना हो रहा हूं”- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पाँच देशों के दौरे के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुँच गए हैं। वहाँ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस यात्रा में वे नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच ट्रेड, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और क्लीन एनर्जी पर चर्चा होगी। इसके अलावा पीएम मोदी नीदरलैंड के महामहिम किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी भेंट करेंगे।
यूएई में क्या हुआ खास
इससे पहले पीएम मोदी का यूएई दौरा काफी अहम रहा। 15 मई को अबू धाबी में पीएम मोदी और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच मुलाकात हुई।
ऊर्जा सुरक्षा के मोर्चे पर यह दौरा बेहद नतीजेदार रहा। भारत और यूएई के बीच रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार और एलपीजी आपूर्ति पर समझौते हुए। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और ADNOC के बीच हुए इस समझौते से भारत को दीर्घकालिक और प्राथमिकता के आधार पर एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
गौरतलब है कि यूएई फिलहाल भारत की घरेलू एलपीजी ज़रूरत का करीब 40 फीसदी हिस्सा पूरा करता है।
रक्षा क्षेत्र में भी दोनों देश करीब आए। भारत और यूएई ने सामरिक रक्षा साझेदारी का ढाँचा तैयार किया जिसमें रक्षा उद्योग सहयोग, साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान पर सहमति बनी।
निवेश के मामले में भी बड़ी खबर आई। यूएई ने भारत के बुनियादी ढाँचे में 5 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की।
पीएम मोदी ने यूएई में कहा — “मैं अपने दूसरे घर आया हूँ।” यह बात उन्होंने वहाँ बसे 45 लाख भारतीयों के संदर्भ में कही।
अब नीदरलैंड के बाद पीएम मोदी स्वीडन, नॉर्वे और इटली भी जाएँगे।


