34.6 C
Raipur
Saturday, June 13, 2026

FIFA WORLD CUP:भारत में भी दिखेगा फुटबॉल का जबरदस्त रोमांच : महाकुंभ शुरू, 48 टीमों के बीच विश्व विजेता बनने की जंग

Must read

न्यूज डेस्क/नई दिल्ली 12 जून 2026

लोकप्रिय खेलों में फुटबॉल का अपना अलग स्थान और अलग अंदाज है।दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल आयोजनों में शामिल FIFA वर्ल्ड कप 2026 का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। अगले एक महीने से अधिक समय तक फुटबॉल का रोमांच दुनिया भर के करोड़ों दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा।

FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक होगा। भारतीय समयानुसार टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून और फाइनल 20 जुलाई को देखा जाएगा

इस बार टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार इसकी मेजबानी तीन देश—अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा—संयुक्त रूप से कर रहे हैं।


पहली बार 48 टीमें, 104 मुकाबलों का महायुद्ध
FIFA वर्ल्ड कप 2026 में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 12 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी और सभी टीमें राउंड-रॉबिन प्रारूप में तीन-तीन मुकाबले खेलेंगी। इस नए प्रारूप के तहत कुल 104 मैच आयोजित होंगे, जो अब तक के किसी भी विश्व कप से अधिक हैं।

नया नॉकआउट फॉर्मेट बढ़ाएगा रोमांच
इस संस्करण में पहली बार ‘राउंड ऑफ 32’ को शामिल किया गया है। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सीधे अगले दौर में पहुंचेंगी, जबकि तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें भी नॉकआउट में जगह बनाएंगी। इससे खिताब जीतने वाली टीम को पहले की तुलना में एक अतिरिक्त मुकाबला खेलना होगा, जिससे प्रतियोगिता और चुनौतीपूर्ण हो जाएगी।

तीन देशों में होगा आयोजन
विश्व कप के अधिकांश मुकाबले अमेरिका में खेले जाएंगे, जबकि मेक्सिको और कनाडा भी मेजबानी की अहम जिम्मेदारी निभाएंगे। फाइनल मुकाबला अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार फाइनल में पहली बार हाफ-टाइम शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

भारत में ऐसे देख सकेंगे लाइव मुकाबले
भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए भी विश्व कप का पूरा रोमांच टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा। टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार जी ग्रुप के पास हैं। मैचों का सीधा प्रसारण Unite8 Sports 1, Unite8 Sports 1 HD, Unite8 Sports 2 और Unite8 Sports 2 HD चैनलों पर किया जाएगा। वहीं डिजिटल दर्शक Zee5 ऐप और वेबसाइट के जरिए लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकेंगे।

एक नजर में FIFA वर्ल्ड कप 2026
टूर्नामेंट की शुरुआत: 12 जून 2026 (भारतीय समयानुसार)
कुल टीमें: 48
कुल ग्रुप: 12
कुल मैच: 104
नया चरण: राउंड ऑफ 32
फाइनल: 20 जुलाई 2026 (भारतीय समयानुसार)


मेजबान देश: अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा
फुटबॉल के इस महाकुंभ में दुनिया की दिग्गज टीमें विश्व विजेता बनने के लिए मैदान में उतरेंगी, जबकि भारत के करोड़ों प्रशंसकों की निगाहें भी हर रोमांचक मुकाबले पर टिकी रहेंगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article