विशेष डिजिटल रिपोर्ट -29 अप्रैल 2026
बंगाल में आज दूसरे चरण का मतदान है। टीवी स्क्रीन पर नेताओं के भाषण और जीत-हार के आंकड़े तैर रहे हैं, लेकिन बूथों पर लगी उन कतारों की कहानी कुछ अलग है। लोग भरी दुपहरी में 43°C के टॉर्चर के बीच खड़े तो हैं, पर उनके मन में उमड़ रहे सवाल किसी मेनिफेस्टो में नजर नहीं आते।
जल संकट: नल तो हैं, पर जल कहाँ?
बंगाल के कई जिलों, खासकर उत्तर और दक्षिण 24 परगना के तटीय इलाकों में पीने के पानी का संकट विकराल है। सुंदरबन जैसे क्षेत्रों में खारा पानी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। लोग वोट देने इसलिए मजबूर हैं कि शायद इस बार ‘हर घर जल’ का वादा सिर्फ कागजों से निकलकर उनके मटके तक पहुँच जाए।
पलायन और बेरोजगारी
बर्धमान और नदिया जैसे जिलों से युवा भारी संख्या में पलायन कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्ट बताती है कि बंगाल का पढ़ा-लिखा युवा आज दूसरे राज्यों में मजदूरी करने को मजबूर है। चुनाव में ‘उद्योग’ और ‘आईटी’ की बातें तो होती हैं, लेकिन बंद पड़ी फैक्ट्रियां आज भी रोजगार के इंतजार में खंडहर बन रही हैं।
सुंदरबन की ‘नमक’ भरी जिंदगी
जलवायु परिवर्तन और बार-बार आने वाले चक्रवातों (Cyclones) ने यहां की खेती तबाह कर दी है। जलस्तर बढ़ने से जमीन नमकीन हो रही है। यहाँ के लोग वोट देने जाते हैं ताकि बांध (Embankments) मजबूत बन सकें, लेकिन हर साल पानी उनकी मेहनत बहा ले जाता है।
स्वास्थ्य और शिक्षा की बुनियादी स्थिति
ग्रामीण इलाकों में आज भी अच्छे अस्पतालों की कमी है। कोलकाता के बाहर निकलते ही स्वास्थ्य सुविधाएँ दम तोड़ने लगती हैं। भ्रष्टाचार और नियुक्तियों में धांधली जैसे मुद्दों ने युवाओं के भरोसे को तोड़ा है, फिर भी लोकतंत्र को बचाने के लिए वे लाइन में खड़े हैं।
ज्योतिपति-ज्वाला का डिजिटल प्रहार:
ज्वाला:”साहब, ये जो लंबी लाइनें दिख रही हैं न, ये सिर्फ लोकतंत्र का उत्साह नहीं है। ये उन लोगों की मजबूरी है जिन्होंने पिछले पांच साल प्यास और अभाव में काटे हैं। वे इस उम्मीद में उंगली पर स्याही लगवा रहे हैं कि शायद अगली गर्मी में उन्हें पानी के टैंकर का इंतजार न करना पड़े।”
ज्योतिपति: “बिल्कुल ज्वाला! डिजिटल रिपोर्टिंग का यही फर्ज है कि हम केवल ये न बताएं कि किसने किसको ‘शिकस्त’ दी, बल्कि ये बताएं कि आम जनता किन समस्याओं से ‘पस्त’ है। बंगाल में आज मुद्दा केवल ‘चेहरा’ नहीं, बल्कि ‘चूल्हा’ और ‘निकास’ भी है।”
मतदाता कतार में; चुनावी शोर में दबी बंगाल की ‘चीख’, क्या वोट से बुझेगी प्यास?


