23.1 C
Raipur
Tuesday, October 27, 2026
Home Blog Page 43

रायखेड़ा अडानी फैक्ट्री में मजदूरों के दो गुट भिड़े, जमकर तोड़फोड़ के बाद पुलिस पर हमला, थाना प्रभारी समेत कई जवान घायल

 रायपुर :  छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अडानी फैक्ट्री में मजदूरों के दो गुटों के बीच विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच हुई झड़प के बाद फैक्ट्री परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम को भी मजदूरों के विरोध का सामना करना पड़ा और उन पर हमला कर दिया गया।

शराब बिक्री के विरोध से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर में कथित तौर पर शराब बेचे जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कुछ मजदूरों द्वारा परिसर में शराब बेचने का विरोध किया गया। इसको लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला दो गुटों के बीच झड़प तक पहुंच गया।बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीण भी फैक्ट्री परिसर में शराब की बिक्री का विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर मजदूरों के बीच तनाव बढ़ता गया और कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई।

हंगामे के दौरान सरपंच की गाड़ी में भी तोड़फोड़

विवाद बढ़ने के बाद फैक्ट्री परिसर में मजदूरों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी में भी तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है। अचानक बिगड़े हालात के चलते इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

समझाने पहुंची पुलिस पर भी बरसी भीड़

फैक्ट्री में हंगामे की सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, आक्रोशित मजदूरों ने पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया।इस घटना में खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिस जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।

आज का पंचांग: सोमवार को प्रदोष काल में शिवजी की पूजा से मिलेगा लाभ, जानें शुभ मुहूर्त

पंचांग  : आज 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार, के दिन आश्विन महीने की कृष्ण पक्ष दशमी तिथि है. इस दिन पर देवगुरु बृहस्पति और धर्म के देवता का अधिकार है. किसी भी तरह के शुभ काम करने, बड़े लोगों से मीटिंग करने के लिए यह दिन अच्छा माना जाता है.

  • विक्रम संवत : 2083
  • मास : आश्विन
  • पक्ष : कृष्ण पक्ष दशमी
  • दिन : सोमवार
  • तिथि : कृष्ण पक्ष दशमी
  • योग : शिव
  • नक्षत्र : पुष्य
  • करण : वणिज
  • चंद्र राशि : कर्क
  • सूर्य राशि : कन्या
  • सूर्योदय : 06:16:00 AM
  • सूर्यास्त : 06:03:00 PM
  • चंद्रोदय : 01:48 ए एम,
  • चंद्रास्त : 02:42 पी एम
  • राहुकाल : 07:44 से 09:12
  • यमगंड : 10:41 से 12:09

आज का नक्षत्र
आज के दिन चंद्रमा कर्क राशि और पुष्य नक्षत्र में रहेगा. यह नक्षत्र कर्क राशि में 3:20 से 16:40 तक विस्तार लिया हुआ है. इसके देवता बृहस्पति है और नक्षत्र के स्वामी ग्रह शनि है. किसी भी शुभ कार्य के लिए इसे सर्वश्रेष्ठ नक्षत्र माना जाता है. खेलकूद, विलासिता की वस्तुओं का आनंद लेने, उद्योग शुरू करने, कुशल श्रम, चिकित्सा उपचार, शिक्षा शुरू करने, यात्रा शुरू करने, दोस्तों को मिलने, कुछ सामान खरीदने और बेचने, आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ, सजावट, ललित कलाओं को सीखने के लिए यह एक अच्छा नक्षत्र है.

आज के दिन का वर्जित समय
आज के दिन 07:44 से 09:12 बजे तक राहुकाल रहेगा. ऐसे में कोई शुभ कार्य करना हो, तो इस अवधि से परहेज करना ही अच्छा रहेगा. इसी तरह यमगंड, गुलिक, दुमुहूर्त और वर्ज्यम से भी परहेज करना चाहिए.

आज का राशिफल: इन राशियों की चमकेगी किस्मत, करियर और पैसों को लेकर मिल सकती है बड़ी खुशखबरी

 मेष- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए चौथे भाव में होगा. आज आपको सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. किसी बात को लेकर इमोशनल बने रहेंगे. किसी बात से आपका मन दु:खी हो सकता है. माता के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी. विद्यार्थियों के लिए दिन मध्यम फलदायी है. संपत्ति संबंधित कोई भी काम करने के लिए आज का दिन अनुकूल नहीं है. लोगों से बातचीत में आपके स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है. आज किसी बात का तनाव रहने से आपका मन काम में नहीं लगेगा. स्वास्थ्य सुख औसत रहेगा.

वृषभ- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए तीसरे भाव में होगा. आज आपकी चिंता कम होगी और उत्साह बढ़ेगा. मन खुश रहेगा. आज आप अधिक संवेदनशीलता और भावुकता का अनुभव करेंगे. भाई-बहनों के साथ आपके संबंध अच्छे बने रहेंगे. साहित्य में आपकी रुचि बढ़ेगी. आज आपको रुचिपूर्ण भोजन मिल सकता है. घर में परिजन विशेषकर माता के साथ तालमेल अच्छा बना रहेगा. किसी छोटे प्रवास का आयोजन हो सकता है. कुंटुंबजनों के साथ विवाद से बचें. आर्थिक मामलों पर अधिक ध्यान देंगे.

मिथुन- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए दूसरे भाव में होगा. निर्धारित काम पूरे हो जाने से आप खुशी का अनुभव कर सकेंगे. आर्थिक योजनाएं बना सकेंगे. कठिन काम भी आप सरलतापूर्वक पूरे कर सकेंगे. व्यवसाय या नौकरी में साथियों से मेल-जोल रहेगा. उनकी मदद मिलती रहेगी. आप मित्रों और स्नेहीजनों से मिलकर खुशी प्राप्त कर सकेंगे. आपके परिवार में भी खुशी का वातावरण होगा. किसी नए काम की शुरुआत के लिए अभी इंतजार करें.

कर्क- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए पहले भाव में होगा. आज का दिन मित्रों और परिजनों के साथ आनंद में व्यतीत कर सकेंगे. उनसे मिलने वाले उपहार से आपको खुशी महसूस होगी. घूमने-फिरने के साथ ही स्वादिष्ट भोजन मिलने का योग है. कोई अच्छा समाचार प्राप्त कर सकेंगे. वित्तीय लाभ प्राप्त होगा. जीवनसाथी के साथ संबंध अधिक मजबूत बनेंगे. तन और मन में स्फूर्ति तथा ताजगी का अनुभव होगा. कार्यस्थल पर आपके काम करने के तरीकों की प्रशंसा हो सकती है.

सिंह- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए बारहवें भाव में होगा. आज कानूनी मामलों में न पड़ना आपके हित में है. आप मानसिक चिंता और बेचैनी महसूस करेंगे. शरीर भी अस्वस्थ रहेगा. इसके चलते आज कार्यस्थल पर आपका मन काम में नहीं लगेगा. वाणी पर लगाम नहीं होगी, तो किसी के साथ मनमुटाव या संघर्ष हो सकता है. प्रेम की मात्रा अधिक रहेगी. किसी के साथ गलतफहमी होने से मतभेद हो सकता है. आप आज केवल अपने काम पर ध्यान दें. प्रिय पात्र के साथ मुलाकात हो सकती है.

कन्या- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए ग्यारहवें भाव में होगा. आप अनेक क्षेत्र में प्रतिष्ठा और सम्मान प्राप्त कर सकेंगे. आपको महिला मित्रों से लाभ होगा. मित्रों और बुजुर्गों के कारण आपका समय खुशी से व्यतीत होगा. आप घूमने जाने के बारे में विचार कर सकते हैं. संतान और पत्नी से भी खुशी मिलेगी. आपका वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा. प्रेम जीवन में सफलता आपके उत्साह को और बढ़ाएगी. संतान से अच्छे समाचार मिलेंगे. प्रिय व्यक्तियों से मिल सकेंगे. व्यापार में आर्थिक लाभ मिल सकता है.

तुला- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए दसवें भाव में होगा. घर और ऑफिस में अच्छा वातावरण मिलने के कारण आप खुश होंगे. आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा. नौकरी करने वाले लोग उच्च पद प्राप्त कर सकेंगे. अधिकारी आपके काम की कद्र करेंगे. व्यापारी भी अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करेंगे. आपके परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा. माता से लाभ हो सकता है. सरकारी कामकाज में सफलता प्राप्त कर सकेंगे. प्रेम जीवन में सकारात्मकता रहेगी.

वृश्चिक- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए नवें भाव में होगा. आज शरीर में सुस्ती के कारण उत्साह का अभाव रहेगा. इसका प्रभाव आपके काम पर भी पड़ेगा. आपके लिए समस्याएं बढ़ेंगी. अधिकारी आपके लिए अनुकूल नहीं होंगे. व्यापारियों के लिए दिन सामान्य है. प्रतियोगियों से डर बना रहेगा. संतान के साथ अनबन हो सकती है. महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए आज का दिन अच्छा नहीं है. आज प्रेम जीवन में भी नकारात्मकता छायी रहेगी. आज का दिन आप शांति और धैर्य के साथ गुजारें.

धनु- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए आठवें भाव में होगा. कुछ खराब प्रसंग, बीमारी या उग्र स्वभाव के कारण मानसिक अस्वस्थता अनुभव करेंगे. आपको क्रोध पर नियंत्रण में रखने की सलाह दी जाती हैं. आज कार्यस्थल पर आपको किसी से भी बहस से बचना चाहिए. किसी नए संबंध के कारण आपकी परेशानी बढ़ सकती है. प्रेम संबंधों में आगे बढ़ने की जल्दबाजी से आपको नुकसान हो सकता है. आज किसी अनावश्यक जगह पर पैसा खर्च हो सकता है. आपका किसी के साथ विवाद हो सकता है.

मकर- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए सातवें भाव में होगा. मनोरंजन तथा लोगों से मिलने-जुलने में समय व्यतीत करेंगे. आप स्वादिष्ट भोजन और प्रवास से खुशी महसूस करेंगे. आपको आर्थिक लाभ होने की संभावना है. व्यापार में प्रगति कर सकेंगे. भागीदारी से भी लाभ होगा. आय के विविध सोर्स से आर्थिक प्रवाह बनेगा. समाज में आपकी ख्याति बढ़ेगी. काम में सफलता मिलेगी. स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा, हालांकि बाहर खाने-पीने से आपको बचना चाहिए.

कुंभ- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए छठे भाव में होगा. आज का दिन काम में सफलता प्राप्त करने के लिए बहुत अच्छा है. आपके काम की कद्र होगी. अधिकारी आपकी प्रशंसा करेंगे. परिवार में शांति और मेल-जोल बना रहेगा. आपके तन-मन में ताजगी महसूस होगी. नौकरी और कामकाज में सहकर्मियों की मदद आपको मिलती रहेगी. ननिहाल से शुभ समाचार मिलेगा. आपके खर्च में वृद्धि हो सकती है. बीमार व्यक्ति के स्वास्थ्य में सुधार आएगा. अपने प्रिय के साथ संबंध बहुत अच्छे बने रहेंगे.

मीन- 05 अक्टूबर, 2026 सोमवार के दिन कर्क राशि का चंद्रमा आज आपके लिए पांचवें भाव में होगा. आपकी सृजनशक्ति में वृद्धि होने के कारण आप कला और साहित्य में रुचि लेंगे. आप अत्यधिक इमोशनल बने रहेंगे. स्नेहीजनों के साथ संबंध मजबूत बनेंगे. काफी मस्ती के मूड में रहेंगे. स्वास्थ्य सामान्य रहेगा. कार्यस्थल पर सकारात्मक रहेंगे. नए काम शुरू कर सकते हैं. पढ़ाई में अच्छा परिणाम मिलेगा. आपको मन और वाणी को नियंत्रण में रखने की सलाह दी जाती है. अपने प्रिय के साथ मुलाकात आपके उत्साह को बढ़ाएगी.

CG Doctor Stipend Fake Order: डॉक्टरों को 73 हजार रुपये स्टाइपेंड देने का दावा करने वाला आदेश वायरल, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बताया फर्जी

 रायपुर :  डॉक्टरों के स्टाइपेंड और मानदेय में कथित बढ़ोतरी से जुड़ा एक दस्तावेज सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल आदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में काम करने वाले जूनियर रेजिडेंट, प्रदर्शक और चिकित्सा अधिकारियों के लिए हर महीने 73,152 रुपये की राशि तय किए जाने का दावा किया गया है। मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस दस्तावेज को फर्जी और भ्रामक करार दिया है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह दस्तावेज सरकारी स्तर पर जारी कोई वास्तविक आदेश नहीं है। विभाग के मुताबिक, यह AI Generated Document यानी एआई की मदद से तैयार किया गया फर्जी दस्तावेज है। ऐसे में डॉक्टरों और चिकित्सा विद्यार्थियों से इस वायरल आदेश पर विश्वास नहीं करने की अपील की गई है।

वायरल आदेश में 1 नवंबर से नई राशि लागू होने का दावा

सोशल मीडिया पर सामने आए कथित सरकारी आदेश में दावा किया गया था कि शासकीय मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं दे रहे जूनियर रेजिडेंट, प्रदर्शक और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों को संशोधित व्यवस्था के तहत 73,152 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। वायरल दस्तावेज में यह राशि 1 नवंबर 2026 से लागू होने की बात भी कही गई थी।हालांकि चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। विभाग ने कहा कि 73,152 रुपये के मासिक भुगतान या 1 नवंबर से नई दर लागू करने संबंधी ऐसा कोई आदेश उसकी ओर से जारी नहीं किया गया है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जारी किया स्पष्ट खंडन

वायरल दस्तावेज को लेकर विभाग ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को सतर्क रहने को कहा है। विभाग का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी सरकारी आदेश की फोटो, पीडीएफ या कॉपी दिखाई देने मात्र से उसे आधिकारिक नहीं माना जाना चाहिए।स्टाइपेंड, मानदेय, वेतन या किसी अन्य वित्तीय लाभ में बदलाव से संबंधित सूचना की पुष्टि अधिकृत सरकारी माध्यमों से करना जरूरी है। विभाग ने साफ किया है कि केवल प्रमाणित सूचना को ही सरकारी निर्णय माना जाए।

AI से बनाए गए फर्जी दस्तावेज को लेकर बढ़ी चिंता

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने वायरल आदेश को AI Generated Document बताया है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि एआई तकनीक के जरिए तैयार किए गए दिखने में वास्तविक सरकारी दस्तावेजों का इस्तेमाल भ्रामक सूचनाएं फैलाने के लिए किया जा सकता है।विभाग ने चिकित्सकों, विद्यार्थियों और आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली ऐसी किसी भी जानकारी को बिना जांचे आगे साझा न करें। फर्जी आदेश तेजी से प्रसारित होने पर बड़ी संख्या में लोगों के बीच गलतफहमी पैदा हो सकती है।

स्टाइपेंड बढ़ोतरी से जुड़ी जानकारी केवल सरकारी सूचना से मानें सही

फिलहाल चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 73,152 रुपये स्टाइपेंड दिए जाने संबंधी वायरल दावे को फर्जी बताया है। इसलिए डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों को सलाह दी गई है कि स्टाइपेंड या वेतन में किसी भी बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट के बजाय विभाग के आधिकारिक माध्यमों पर जारी सूचना को ही मान्य समझें।जब तक विभाग की ओर से कोई वास्तविक आदेश जारी नहीं होता, तब तक वायरल दस्तावेज में बताई गई नई राशि और उसकी प्रभावी तारीख को आधिकारिक जानकारी नहीं माना जा सकता।

छत्तीसगढ़ में SIR के तहत कटे 25 लाख नाम डॉ. डहरिया का हमला – चुनाव आयोग हर नाम की समीक्षा करे

रायपुर -04 अक्टूबर 2026

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने छत्तीसगढ़ में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दौरान मतदाता सूची से करीब 25 लाख नाम हटाए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे केंद्र की भाजपा सरकार और भारत निर्वाचन आयोग की सुनियोजित साजिश बताया और आरोप लगाया कि दोनों मिलकर नागरिकों का मताधिकार छीनने का काम कर रहे हैं।

डॉ. डहरिया ने कहा, “जब वोट देने का अधिकार ही छीना जा रहा है, तो देश में लोकतंत्र कहाँ बचा है?” उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर अपनी निष्पक्षता को दरकिनार कर काम कर रहा है।

2023 के अंतर से चार गुना ज्यादा नाम कटे

आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए डॉ. डहरिया ने दावा किया कि प्रदेश में SIR के तहत 24,99,823 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उनके अनुसार, 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कुल वोटों का अंतर 6,32,382 (4.04%) था। यानी हटाए गए नामों की संख्या इस अंतर से लगभग चार गुना है। उन्होंने इसे चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश बताया।

19 लाख से अधिक नाम ‘शिफ्टेड/एब्सेंट’ में

पूर्व मंत्री के मुताबिक, हटाए गए नामों में से 19,13,540 मतदाताओं को ‘शिफ्टेड’ या ‘एब्सेंट’ श्रेणी में डालकर सूची से बाहर किया गया। उन्होंने सवाल किया कि ठोस भौतिक सत्यापन और सुनवाई का मौका दिए बिना इतने बड़े पैमाने पर नाम काटना किस कानून के तहत सही है। उन्होंने इसे नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का हनन बताया।

डॉ. डहरिया की तीन मांगें

1. निर्वाचन आयोग अपनी निष्पक्षता साबित करे और हटाए गए सभी 24.99 लाख नामों की पारदर्शी व व्यक्तिगत समीक्षा करे।
2. 19 लाख से अधिक लोगों को ‘शिफ्टेड/एब्सेंट’ बताने का आधार और संबंधित रिपोर्ट की सूची सार्वजनिक की जाए।
3. जिन वैध मतदाताओं के नाम गलत तरीके से कटे हैं, उन्हें तुरंत सूची में दोबारा जोड़ा जाए।

डॉ. डहरिया ने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ेगी।

NH-53 पर देर रात दो ट्रकों में भड़की भीषण आग, देखते ही देखते वाहन जलकर हुए खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान

 महासमुंद : पिथौरा थाना क्षेत्र में शनिवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक बड़ा हादसा हो गया। लाखागढ़ के पास अचानक दो ट्रकों में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में इतना विकराल रूप ले लिया कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हादसे के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।

सड़क किनारे खड़े ट्रक को दूसरे वाहन ने लिया चपेट में

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चावल से भरा एक ट्रक खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा की तरफ से सरायपाली जा रहा दूसरा ट्रक वहां पहुंचा। इस वाहन में दोना-पत्तल के साथ राशन सामग्री लदी हुई थी।बताया जा रहा है कि जैसे ही दूसरा ट्रक खराब वाहन के करीब पहुंचा, उसके इंजन में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद आग की लपटें पास खड़े चावल लदे ट्रक तक पहुंच गईं और वह भी धू-धूकर जलने लगा।

दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं, काफी मशक्कत के बाद बुझी आग

दोनों ट्रकों में आग लगने की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पिथौरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहनों को बुलाया गया।दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया। हालांकि तब तक दोनों ट्रक बुरी तरह जल चुके थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

आग कैसे लगी, पुलिस जुटा रही पूरी जानकारी

फिलहाल दोनों ट्रकों में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पिथौरा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

महासमुंद में आधी रात घर में घुसा तेंदुआ, 6 लोगों पर किया हमला; परिवार ने कमरे में किया बंद, 3 गंभीर घायलों को रायपुर भेजा गया

 महासमुंद :  बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात तेंदुए की दस्तक से हड़कंप मच गया. करीब डेढ़ बजे एक तेंदुआ अचानक यादव परिवार के घर में घुस आया और परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर दिया. हमले में 4 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हुई हैं. इनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य रात में घर के भीतर सो रहे थे. इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं. घर से बाहर आते ही उनका सामना तेंदुए से हो गया. तेंदुए ने उन पर हमला किया और इसके बाद घर के भीतर घुस गया.

एक के बाद एक परिवार के 6 सदस्यों पर हमला

घर के अंदर पहुंचने के बाद तेंदुए ने वहां मौजूद अन्य लोगों को भी निशाना बनाया. हमले में सरजू यादव उम्र 60 वर्ष, जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं.उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है. सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है. वहीं मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोट लगी है.

परिवार ने दिखाई हिम्मत, तेंदुए को कमरे में किया बंद

तेंदुए के अचानक हमले के बावजूद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत नहीं छोड़ी. जनक यादव, उत्तरी बाई और परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर किसी तरह तेंदुए को घर के एक कमरे के भीतर बंद कर दिया.बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में करीब 10 लोग मौजूद थे. यदि तेंदुआ कमरे में बंद नहीं होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.

112 की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल, 3 को रायपुर रेफर

हमले के बाद सभी घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.गंभीर चोटों को देखते हुए 3 घायलों को आगे के उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है. अन्य घायलों का उपचार भी जारी है.

वन विभाग ने रायपुर से बुलाई विशेष रेस्क्यू टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है. उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है.वन विभाग की टीम तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी कर रही है. गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है और ग्रामीणों की नजर अब तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है.

इतिहास रचने के लिए अटूट परिश्रम और निरंतर प्रयास ज़रूरी – मंत्री टंक राम वर्मा

 रायपुर :-  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के स्वर्णिम और आत्मनिर्भर भारत के सपने को आकार देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बलौदाबाजार के वर्धमान स्कूल में शनिवार को जिला स्तरीय चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक कूचियों के रंगों और ओजस्वी वाणी के शब्दों से “विकसित भारत” की एक जीवंत तस्वीर पेश की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के राजस्व मंत्री  टंक राम वर्मा ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के हुनर की सराहना करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

 ​समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री  टंक राम वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित यह माहव्यापी अभियान युवाओं और बच्चों में राष्ट्र निर्माण की अलख जगाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इतिहास रचने के लिए अटूट परिश्रम और निरंतर प्रयास की आवश्यकता होती है। आज की मेहनत ही आने वाले कल के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को एक खुली पाठशाला बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन दर्शन से सीख लेकर हर वर्ग आगे बढ़ सकता है। साथ ही उन्होंने रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी और विकसित राज्य बनाने की दिशा में हर स्तर पर प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है।

 ​प्रतियोगिता के परिणामों में प्रतिभा की अद्भुत चमक देखने को मिली। रंगोली प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 1ली से 8वीं) में निधि यादव ने पहला, पुष्पांजलि कन्नौजे ने दूसरा तथा गरिमा सोनकर ने तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9वीं से 12वीं) में रेखा प्रथम, दीपाक्षी पटेल द्वितीय और नंदिनी तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में सौम्या वर्मा, देविका वर्मा और प्रियांशु साहू ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि वरिष्ठ वर्ग में लाभा वर्मा ने बाजी मारी, रागिनी वास दूसरे और गीतिका गोस्वामी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं चित्रकला के कनिष्ठ वर्ग में हिमांशी साहू प्रथम, कुसुम कोशले द्वितीय और विद्या साहू तृतीय स्थान पर रहीं, तथा वरिष्ठ वर्ग में तन्वी मलाकी ने पहला, सृष्टि सोनी ने दूसरा और साक्षी पूरेना ने तीसरा स्थान अर्जित किया।

 ​इस आयोजन के दौरान राज्यसभा सांसद मती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य उपाध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू, बारिश का कोटा सामान्य से 5% ज्यादा, अब बढ़ेगी गर्मी और उमस, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

 रायपुर. छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार 3 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो चुका है. अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी होने की संभावना है.पिछले साल मानसून की विदाई अक्टूबर के मध्य के आसपास हुई थी. इस बार सितंबर से ही मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे थे. हालांकि सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई.

बारिश थमते ही गर्मी और उमस का असर बढ़ा

मानसून की गतिविधियां कमजोर होने के बाद प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गर्मी और उमस का असर महसूस किया जा रहा है. बीते 24 घंटे में कोरबा 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. वहीं पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पूरे सीजन में सामान्य से 5% ज्यादा बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन के दौरान औसत बारिश 1141.2 मिमी रहती है. इस बार अब तक 1194.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इस तरह पूरे सीजन में सामान्य से करीब 4.7 प्रतिशत यानी लगभग 5 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है.सीजन की शुरुआत में बारिश कमजोर रही, लेकिन जुलाई से गतिविधियां तेज हुईं. जुलाई में सामान्य 375.5 मिमी के मुकाबले 494 मिमी बारिश हुई. अगस्त में सामान्य 364.2 मिमी के मुकाबले 355.3 मिमी और सितंबर में सामान्य 208.9 मिमी के मुकाबले 279.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.

9 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

प्रदेश के 33 जिलों में से 9 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई. इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, नारायणपुर, मुंगेली, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बलौदाबाजार और बलरामपुर शामिल हैं.इसके उलट सरगुजा में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई. जशपुर और बेमेतरा में भी सामान्य से 36 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. प्रदेश के बाकी जिलों में बारिश सामान्य रही.

जुलाई और सितंबर में हुई जमकर बारिश

जुलाई में 494 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य के मुकाबले काफी अधिक रही. अगस्त में 355.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सितंबर में 279.3 मिमी बारिश दर्ज की गई. सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी के सिस्टम ने बारिश की गतिविधियों को फिर से तेज कर दिया था.

दो बार बने बाढ़ जैसे हालात

इस मानसून सीजन में प्रदेश के कई इलाकों को दो बार बाढ़ जैसे हालात का सामना करना पड़ा. 31 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश के बाद जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी थी.इसके बाद सितंबर के अंतिम सप्ताह में लगातार बारिश से कई क्षेत्रों में फिर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए. इस दौरान कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए और हजारों एकड़ फसल प्रभावित हुई. राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात करनी पड़ीं. राजधानी रायपुर के कई इलाकों में भी जलभराव की समस्या सामने आई.

अब कैसा रहेगा मौसम, 4 अक्टूबर को कोई चेतावनी नहीं

मानसून की वापसी के साथ प्रदेश में अब मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. 4 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने किसी भी जिले में चेतावनी जारी नहीं की है. अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.

रायपुर में साफ रहेगा आसमान, 34 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.3 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे तक कोरबा 34.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा. इसके बाद राजनांदगांव में 34.5, जांजगीर-चांपा में 34.4, रायपुर में 34.2 और रायगढ़ में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 73 हजार रुपए की बढ़ोतरी वाला आदेश निकला फर्जी, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने AI से तैयार दस्तावेज को लेकर दी बड़ी चेतावनी

रायपुर : डॉक्टरों के स्टाइपेंड और मानदेय-वेतन बढ़ने से जुड़ा एक कथित सरकारी आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. दस्तावेज में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के जूनियर रेजिडेंट, प्रदर्शक और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों के लिए बढ़ी हुई राशि का दावा किया गया है.वायरल दस्तावेज के अनुसार चिकित्सकों को हर माह 73,152 रुपए देने की बात कही गई है. साथ ही नई राशि को 1 नवंबर 2026 से लागू किए जाने का दावा किया गया है.

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बताया पूरी तरह फर्जी

मामला सामने आने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस कथित आदेश का खंडन किया है. विभाग ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित दस्तावेज उसकी ओर से जारी नहीं किया गया है. विभाग के अनुसार यह एक भ्रामक और फर्जी दस्तावेज है, जिसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI की मदद से तैयार किया गया है.

डॉक्टरों और विद्यार्थियों से सतर्क रहने की अपील

विभाग ने चिकित्सकों, चिकित्सा विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस वायरल दस्तावेज को वास्तविक सरकारी आदेश मानकर भरोसा न करें. किसी भी तरह की वेतन, स्टाइपेंड या मानदेय संबंधी जानकारी को आधिकारिक माध्यम से सत्यापित करने के बाद ही सही माना जाए.

सरकारी आदेश की पुष्टि के बाद ही करें शेयर

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यह भी कहा है कि शासकीय आदेश या किसी प्रशासनिक निर्णय की प्रमाणिकता अधिकृत स्रोत से जांचना जरूरी है. सोशल मीडिया पर मिले किसी दस्तावेज को बिना सत्यापन के आगे साझा करने से गलत सूचना फैल सकती है. विभाग ने लोगों से ऐसे फर्जी दस्तावेज को सरकारी आदेश बताकर प्रसारित नहीं करने की अपील की है.