18.3 C
Raipur
Tuesday, October 27, 2026
Home Blog Page 39

पेट्रोल-डीजल के दाम पर बड़ी राहत, सरकारी पंपों पर नहीं बढ़ी कीमत, नायरा ने दिया झटका

 पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर वाहन चालकों के लिए फिलहाल राहत बरकरार है। 7 अक्टूबर 2026 को इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने पेट्रोल-डीजल के मौजूदा दाम में कोई बदलाव नहीं किया। दूसरी ओर नायरा एनर्जी ने अपने पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कीमत बढ़ा दी है।

नायरा ने पेट्रोल-डीजल कितना महंगा किया

नायरा एनर्जी ने 3 अक्टूबर से पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू की है। कंपनी के देशभर में 7,100 से अधिक पेट्रोल पंप बताए जाते हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की लागत बढ़ने के बीच कंपनी ने यह कदम उठाया है। लागत बढ़ने से तेल कंपनियों के मार्जिन पर भी दबाव पड़ता है। इसी वजह से नायरा की कीमत बढ़ने के बाद सरकारी तेल कंपनियों के अगले कदम को लेकर भी बाजार में चर्चा तेज हुई।

दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों में क्या है भाव

सरकारी तेल कंपनियों के पंपों पर पेट्रोल और डीजल के दाम में फिलहाल कोई नया बदलाव नहीं हुआ है। प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के भाव इस प्रकार बताए गए हैं:

  • दिल्ली: पेट्रोल 102.12 रुपये, डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर
  • मुंबई: पेट्रोल 111.21 रुपये, डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर
  • कोलकाता: पेट्रोल 113.51 रुपये, डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर
  • चेन्नई: पेट्रोल 107.76 रुपये, डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर
  • चंडीगढ़: पेट्रोल 98.10 रुपये, डीजल 86.09 रुपये प्रति लीटर
  • मेरठ: पेट्रोल 101.44 रुपये, डीजल 94.91 रुपये प्रति लीटर

भोपाल में नायरा और सरकारी पंप के भाव में कितना अंतर

भोपाल में अलग-अलग कंपनियों के पंप पर ईंधन के दाम में अंतर नजर आ रहा है। नायरा एनर्जी के पंप पर पेट्रोल करीब 119.54 रुपये और डीजल करीब 102.64 रुपये प्रति लीटर बताया गया है।

वहीं इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल लगभग 114.65 रुपये और डीजल करीब 99.74 रुपये प्रति लीटर है। यानी वाहन चालकों को एक ही शहर में पंप और कंपनी के आधार पर अलग कीमत चुकानी पड़ सकती है।

हर शहर में अलग क्यों होता है पेट्रोल-डीजल का रेट

पेट्रोल और डीजल की कीमत सिर्फ कच्चे तेल के भाव से तय नहीं होती। राज्य सरकारों के टैक्स, वैट और अन्य शुल्क का सीधा असर अंतिम कीमत पर पड़ता है। इसके अलावा तेल कंपनी और डीलर स्तर पर भी कीमत में अंतर संभव है।

यही वजह है कि किसी दूसरे शहर का पेट्रोल-डीजल रेट देखकर अपने शहर की कीमत का अनुमान लगाना सही नहीं होगा। वाहन चालकों को ईंधन भरवाने से पहले स्थानीय पंप पर लागू ताजा भाव की जानकारी लेनी चाहिए।

सरकारी कंपनियों ने अभी क्यों नहीं बढ़ाए दाम

सरकारी तेल कंपनियों ने मई में ईंधन की कीमतों में बदलाव किया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसके बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमत में नई बढ़ोतरी नहीं की है।

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की देश के ईंधन खुदरा बाजार में बड़ी हिस्सेदारी है। इसलिए इन कंपनियों के रेट में बदलाव का असर बड़ी संख्या में वाहन चालकों की जेब पर पड़ सकता है।

आगे सस्ता होगा या महंगा, किन संकेतों पर नजर

आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों की दिशा मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के भाव, डॉलर की चाल और वैश्विक परिस्थितियों पर निर्भर करेगी। अगर लंबे समय तक कच्चे तेल और रिफाइंड उत्पादों की लागत ऊंची रहती है तो घरेलू तेल कंपनियों पर भी कीमतों को लेकर दबाव बढ़ सकता है।

फिलहाल सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ाने को लेकर कोई नई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए ग्राहकों के लिए अभी सबसे बड़ी राहत यही है कि सरकारी पंपों पर मौजूदा दरों में तत्काल कोई अतिरिक्त बढ़ोतरी नहीं की गई है।

Aaj ka Rashifal : कैसा रहेगा आपका आज का द‍िन, मेष से मीन तक सभी जानें अपना भविष्यफल

Aaj Ka Rashifal 7 october 2026: आज के राशिफल में कुछ राशियों के लिए धार्मिक और छोटी यात्राओं के योग बन रहे हैं. आचार्य मदन मोहन के अनुसार धनु और मीन राशि वालों को धार्मिक यात्रा से लाभ मिल सकता है. जबकि सिंह, तुला और कुंभ राशि वालों के लिए घूमने के मौके बनेंगे.

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए दिन मेहनत के अच्छे परिणाम लेकर आ सकता है. पुराने मित्र से मुलाकात संभव है और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तालमेल बेहतर रहेगा. विदेश से कोई शुभ समाचार भी मिल सकता है. आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं, लेकिन बढ़ते खर्च पर नजर रखना जरूरी होगा. प्रॉपर्टी में जल्दबाजी में पैसा लगाना नुकसानदायक हो सकता है. यात्रा के लिहाज से पुराने मित्र से मिलने या किसी काम से बाहर जाने का मौका मिल सकता है. नए संबंध भविष्य में आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। समय का सही इस्तेमाल करें.

भाग्य अंक: 3

शुभ रंग: नारंगी

दान: सेव

वृष राशि

वृष राशि के जातकों के लिए आज निर्णय लेने की क्षमता अच्छी रह सकती है. कारोबार में नई रणनीति बनाने और काम को नई दिशा देने का मौका मिलेगा. किसी योजना को पूरा करने में मित्रों का सहयोग मिल सकता है. हालांकि सोशल मीडिया पर किसी विवाद से बचें और परिवार के लिए समय जरूर निकाालें. धार्मिक कार्यों में शामिल होने का योग बन रहा है. ऐसे में किसी धार्मिक स्थान की यात्रा या पूजा-पाठ से जुड़ी गतिविधि में शामिल हो सकते हैं. यात्रा के दौरान किसी परिचित की वजह से परेशानी हो सकती है, इसलिए अपनी निजी बातें हर किसी से साझा न करें.

भाग्य अंक: 8

शुभ रंग: नीला

दान: पपीते का दान करें

मिथुन राशि

मिथुन राशि वालों के लिए समय सकारात्मक रह सकता है. पढ़ाई और ज्ञान से जुड़े कामों में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. आप अपनी बात से दूसरों को प्रभावित कर सकते हैं, लेकिन अधूरी जानकारी के आधार पर राय देने से बचना जरूरी है. अगर यात्रा पर जा रहे हैं तो बातचीत के दौरान खास सावधानी रखें. ज्यादा बोलने या किसी विवाद में पड़ने से नुकसान हो सकता है. यात्रा के दौरान मीठी बातें करने वाले अनजान लोगों पर तुरंत भरोसा न करें. पुराने मित्र से मुलाकात भी संभव है, जिससे सफर यादगार बन सकता है.

भाग्य अंक: 4

शुभ रंग: सिल्वर

दान: लाल मसूर

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए दिन खास रह सकता है. किसी पुराने परिचित से मुलाकात हो सकती है और काम से जुड़ी किसी योजना का अच्छा परिणाम मिल सकताा है. परिवार में खुशी का माहौल रहेगा और पुरानी निराशा उम्मीद में बदल सकती है. हालांकि कहीं जाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. यात्रा के दौरान जल्दबाजी में कोई फैसला न लें. अगर परिवार के किसी सदस्य के व्यवहार को लेकर मन में संदेह है तो सफर के दौरान भी बात को बढ़ाने के बजाय बातचीत से स्थिति साफ करें.

भाग्य अंक: 9

शुभ रंग: सफेद

दान: चावल

सिंह राशि

सिंह राशि वालों के लिए दिन कई मायनों में अच्छा रह सकता है. मित्रों से शुभ समाचार मिल सकता है और लंबे समय से रुका कोई काम दोबारा शुरू हो सकता है. दिया हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है. परिवार में चल रहा तनाव भी कम हो सकता है. सहयोगियों के साथ मौज-मस्ती या छोटी यात्रा का मौका मिल सकता है. पुराने दोस्त से मुलाकात भी संभव है. अगर घूमने का प्लान बन रहा है तो यात्रा के दौरान गुस्से पर नियंत्रण रखें.

भाग्य अंक: 5

शुभ रंग: सिल्वर

दान: साबुत लाल मिर्च

कन्या राशि

कन्या राशि वालों को आज समय का सही इस्तेमाल करने की जरूरत है. जहां जरूरी हो, वहीं अपनी बात रखें। अधूरे काम पूरे करने का अच्छा मौका मिल सकता है. कार्यस्थल पर किसी जटिल समस्या का समाधान करने में सफलता मिल सकती है. यात्राा की बात करें तो काम के सिलसिले में कहीं जाने की योजना बन सकती है. सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी करने से बचें, खासकर यात्रा के दौरान। जमीन या वाहन से जुड़े मामलों में लाभ के संकेत हैं. दिनचर्या और खानपान का भी ध्यान रखें.

भाग्य अंक: 9

शुभ रंग: बैंगनी

दान: खीर बनाकर गरीबों को बांटें

तुला राशि

तुला राशि वालों के लिए सुख-शांति और समृद्धि के योग बन रहे हैं. अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी कर सकते हैं. प्रेम संबंधों में सकारात्मक बदलाव आएगा और रिश्ते की बात आगे बढ़ सकती है. जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा और पुराना लेनदेन भी साफ हो सकता है. परिवार के साथ बाहर जाने या खाना खाने का मौका मिल सकता है. किसी छोटी यात्रा पर परिवार के साथ समय बिताना रिश्तों के लिए अच्छा रहेगा. हालांकि स्वास्थ्य थोड़ा नरम रह सकता है, इसलिए सफर में आराम का भी ध्यान रखें.

भाग्य अंक: 2

शुभ रंग: क्रीम

दान: पक्षियों को बाजरा डालें

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए मेहनत का अच्छा परिणाम मिल सकता है. प्रॉपर्टी से जुड़ा सपना पूरा होने की दिशा में बढ़ सकता है. बढ़ती जिम्मेदारियों को संभालने में सफलता मिलेगी और समाज में प्रतिष्ठा बढ़ सकती है. किसी अनजान व्यक्ति से लाभ मिलने के योग भी हैं, लेकिन यात्रा के दौरान किसी पर आंख बंद करके भरोसा न करें. अगर प्रॉपर्टी या घर से जुड़े काम के लिए सफर करनाा है तो दस्तावेज अच्छी तरह जांच लें.

भाग्य अंक: 9

शुभ रंग: क्रीम

दान: गौशाला में हरा चारा दान करें

धनु राशि

धनु राशि वालों को आज स्वास्थ्य पर खास ध्यान देने की जरूरत है. वजन और खानपान को लेकर लापरवाही न करें. परिवार में खुशी और मंगल कार्य का माहौल बन सकता है. मित्रों से आर्थिक मदद भी मिल सकती है. किसी धार्मिक कार्य में शामिल होने या धार्मिक स्थान की यात्रा पर जाने का योग बन रहा है. ऐसी यात्रा मन को शांति दे सकती है. यात्रा के दौरान अधूरे काम पूरे करने में किसी का सहयोग भी मिल सकता है.

भाग्य अंक: 2

शुभ रंग: केसरिया

दान: लाल चंदन

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए नौकरी में प्रमोशन के अच्छे योग बन रहे हैं. तबादले से जुड़ी प्रक्रिया भी आगे बढ़ सकती है. घर में मेहमान आने से खुशी का माहौल बनेगा. मान-सम्मान बढ़ सकता है. यात्रा के लिहाज से वाहन से जुड़ा सुख मिलने के संकेत हैं. अगर कहीं घूमने या परिवार से मिलने के लिए निकल रहे हैं तो अपना वाहन यात्रा को आसाान बना सकता है. हालांकि सोशल मीडिया पर अनावश्यक गतिविधियों से बचें.

भाग्य अंक: 7

शुभ रंग: काला

दान: गुड़ और दही गाय को खिलाएं

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों को अपने स्वभाव में जिद्दीपन से बचना चाहिए. आर्थिक मदद मिल सकती है और नई जिम्मेदारी संभालने का मौका मिलेगा. बच्चों के लिए खेलकूद और महिलाओं के लिए घूमने का अवसर बन सकता है. साहित्य और संगीत में रुचि बढ़ेगी. ऐसे में किसी सांस्कृतिक या खूबसूरत जगह की यात्रा का प्लान बन सकता है. नई कार खरीदने का विचार भी बन सकता है. दोस्तों से उम्मीदें कम रखें, क्योंकि किसी मित्र से निराशा मिल सकती है.

भाग्य अंक: 7

शुभ रंग: काला

दान: हरा चारा

मीन राशि

मीन राशि वालों का ध्यान अध्यात्म की ओर बढ़ेगा. अचानक कोई समस्या सामने आ सकती है, लेकिन आप उसका समाधान निकालने में सफल रहेंगे. अनावश्यक खर्च से बचना जरूरी है और जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद व्यक्ति से सलाह लें. धार्मिक यात्रा पर जाने से रुके हुए काम जल्दी बनने के योग हैं. अगर किसी तीर्थ या धार्मिक स्थान पर जाने की योजना लंबे समय से बन रही है तो उसे आगे बढ़ायाा जा सकता है. कार्यक्षेत्र में पदोन्नति की खबर भी खुशी दे सकती है.

भाग्य अंक: 1

शुभ रंग: नारंगी

दान: केले का दान करें

Aaj ka Panchang : आश्विन कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि आज, नोट करें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और पूरा पंचांग

Aaj ka Panchang 7 October 2026: हिंदू धर्म में पंचांग का काफी महत्व होता है. कोई शुभ काम, यात्रा, निवेश या पूजा-पाठ करने से पहले पंचांग जरूर देखा जाता है. पंचांग हिंदू काल-गणना पद्धति है जो सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर आधारित है. 

आज की तिथि

7 अक्टूबर 2026 को आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि रात 11:16 बजे तक रहेगी. इसके बाद त्रयोदशी तिथि शुरू हो जाएगी. बुधवार सुबह 6:24 बजे सूर्योदय और शाम 6:05 बजे सूर्यास्त होगा. वहीं, रात 2:59 चंद्रोदय और शाम 4:02 बजे चंद्रास्त होगा.

नक्षत्र

पंचांग के अनुसार, इस दिन सूर्य हस्त नक्षत्र में रहेगा. ज्योतिष के अनुसार, सूर्य के हस्त नक्षत्र में प्रवेश करने से सभी 12 राशियों पर गहरा प्रभाव पड़ता है. हस्त नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा का सूर्य से मित्रता का संबंध माना गया है. वैदिक ज्योतिष के अनुसार, हस्त नक्षत्र 13वां नक्षत्र है, जिसका अर्थ ‘हाथ’ होता है. इस नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं और इसकी राशि कन्या है.

जान लें योग

बुधवार को रात 2:51 बजे तक शुभ योग रहेगा. ज्योतिषीय पंचांग के 27 नित्य योगों में से शुभ योग 23वें नंबर का एक अत्यंत शुभ और मांगलिक योग माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि जिन लोगों ने अपने पूर्व जन्म में अच्छे और पुण्य कर्म किए होते हैं, उनका जन्म इस योग में होता है. मुहूर्त शास्त्र के अनुसार, शुभ योग के दौरान सगाई, विवाह, गृह प्रवेश, नए वाहन की खरीद, व्यापार का शुभारंभ, और किसी भी प्रकार की यात्रा या मांगलिक कार्य करना बेहद शुभ माना जाता है.

आज का शुभ मुहूर्त

इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:45 से दोपहर 12:32 बजे तक रहेगा. यह दिन का सबसे शुभ और फलदायी समय माना जाता है. आमतौर पर यह लगभग 48 मिनट (या दिनमान के अनुसार गणना किया गया आठवां मुहूर्त) होता है. माना जाता है कि इस मुहूर्त में किए गए कार्यों से सभी प्रकार के अशुभ प्रभाव या दोष स्वतः नष्ट हो जाते हैं. जब सूर्य ठीक सिर के ऊपर रहते हैं, तब अभिजीत मुहूर्त की बेला होती है.

बुधवार को रात 7:18 से 8:52 बजे तक अमृतकाल रहेगा. ज्योतिष और पंचांग के अनुसार, अमृतकाल एक अत्यंत शुभ, मंगलकारी और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर समयावधि (मुहूर्त) है. इसे अमृत के समान उत्तम फल देने वाला माना जाता है. इस दौरान किए गए कार्यों में सफलता की संभावना सबसे अधिक होती है. नए व्यापार, निवेश, पूजा-पाठ, और महत्वपूर्ण यात्रा के लिए यह समय श्रेष्ठ माना गया है.

नोट करें राहुकाल

इस दिन राहुकाल दोपहर 12:14 बजे से 1:42 बजे तक रहेगा. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, राहुकाल दिन का वह समय होता है जिसे किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है. राहुकाल को सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच के समय को 8 बराबर भागों में बांटकर निकाला जाता है, जो हर दिन लगभग 90 मिनट का होता है. स्थान बदलने के साथ इसके समय में भी बदलाव हो जाता है. इस दौरान कोई नया काम शुरू नहीं करना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जा सकता है.

बुधवार को गुलिक काल सुबह 10:47 से दोपहर 12:14 बजे तक रहेगा. गुलिक काल को ‘विषैला समय’ भी कहा जाता है. यह एक उपग्रह है, इसको अशुभ माना जाता है. माना जाता है कि इस काल में किए गए कार्य नकारात्मक परिणाम देते हैं. इस काल में कोई नया काम शुरू करने से बचना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उनको जारी रखा जा सकता है. जो काम बार-बार करना चाहते हैं तो इस काल में किया जा सकता है. बैंक में पैसे जमा करना, दान देना या निवेश करना इस काल में अच्छा माना जाता है.

इस दिन यमगंड काल सुबह 7:52 से 9:19 बजे तक रहेगा. यह समय मृत्यु के देवता यमराज से जुड़ा हुआ माना जाता है. इस समय के दौरान स्वास्थ्य, दीर्घायु, या सामान्य दुर्भाग्य से संबंधित बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है. इस काल को नए कार्यों की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है. नया व्यापार या नया काम शुरू करने से बचना चाहिए. इस दौरान किसी यात्रा पर भी निकलने से बचना चाहिए और पैसों के लेनदेन से भी बचना चाहिए.

ग्रहों की स्थिति

बुधवार को सूर्य कन्या राशि में स्थित रहेंगे, जब सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करते हैं, तो इसका प्रभाव व्यक्ति के जीवन, कामकाज और बौद्धिक क्षमता पर विशेष रूप से पड़ता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस दौरान व्यावहारिक और योजनाबद्ध तरीके से काम करना लाभकारी माना जाता है.

इस दिन चंद्रमा सिंह राशि में स्थित रहेगा. वैदिक ज्योतिष के अनुसार, चंद्रमा के सिंह राशि में होने से व्यक्ति के स्वभाव, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भावनाओं पर गहरा प्रभाव पड़ता है. सिंह राशि का स्वामी सूर्य है, जो ऊर्जा और अधिकार का प्रतीक है, इसलिए इस स्थिति के कई सकारात्मक और नकारात्मक परिणाम होते हैं.

आज का दिशाशूल

बुधवार को दिशाशूल उत्तर दिशा में रहेगा. ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, दिशाशूल उस अशुभ दिशा को कहते हैं, जिसमें किसी खास दिन यात्रा करना या निकलना अशुभ माना जाता है.

दिल्ली में फिर गरमाया SIR विवाद, आकाशवाणी भवन में राहुल गांधी और प्रियंका का धरना जारी

0

दिल्ली :  मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को लेकर कांग्रेस और विपक्ष का विरोध मंगलवार को और तेज हो गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई नेता चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आकाशवाणी भवन परिसर पहुंचे। कांग्रेस ने राहुल गांधी के इस प्रदर्शन को ‘लोकतंत्र के लिए सत्याग्रह’ बताया है।विपक्ष SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। दूसरी ओर चुनाव आयोग विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए प्रक्रिया को तय नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत किए जाने की बात कह रहा है।

संसद से निकला मार्च कहां रुका

मंगलवार को INDIA गठबंधन के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया। विपक्षी नेताओं का कहना था कि वे SIR को लेकर अपनी आपत्तियां चुनाव आयोग के सामने रखना चाहते हैं।दिल्ली में मार्च को देखते हुए कई जगह सुरक्षा बढ़ाई गई और बैरिकेड लगाए गए। पुस ने नीति आयोग कार्यालय के पास मार्च को रोक दिया। इसके बाद कई विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए और वहीं विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ते नजर आए। इसके कुछ देर बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा वहां से आगे बढ़कर पास स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए।दोनों नेताओं ने परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठकर धरना शुरू कर दिया। इसके बाद आकाशवाणी भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

कांग्रेस ने बताया लोकतंत्र की लड़ाई

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी के प्रदर्शन को ‘लोकतंत्र के लिए सत्याग्रह’ बताया। पार्टी की ओर से आकाशवाणी भवन को प्रदर्शन स्थल बताया गया है।विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR प्रक्रिया में कई स्तर पर गड़बड़ियां सामने आई हैं और इससे मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

चुनाव आयोग ने क्या कहा

चुनाव आयोग विपक्ष के इन आरोपों से सहमत नहीं है। आयोग का कहना है कि SIR की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और कानूनी व्यवस्था के अनुसार की जा रही है।मंगलवार को आयोग के अधिकारियों की ओर से यह भी कहा गया कि किसी राजनीतिक दल की ओर से औपचारिक मुलाकात के लिए अनुरोध नहीं मिला था। यह बयान उस समय आया, जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दे रहे थे।

इस्तीफे की मांग पर कायम विपक्ष

राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं ने भी चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और SIR से जुड़ी अपनी आपत्तियां उठाईं।प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। फिलहाल आकाशवाणी भवन परिसर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी के चलते SIR को लेकर चल रहा राजनीतिक विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया है। दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं और आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद और राजनीतिक मंचों पर भी बहस का हिस्सा बना रह सकता है।

राहुल-प्रियंका से गृह मंत्रालय के संपर्क का दावा निकला फर्जी, PIB फैक्ट चेक ने दी सफाई

0

नई दिल्ली : SIR को लेकर चल रहे राजनीतिक विरोध के बीच सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हुआ। इसमें कहा गया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से संपर्क कर जारी गतिरोध खत्म करने की कोशिश की। प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो की फैक्ट चेक यूनिट ने इस दावे को फर्जी और भ्रामक बताया है।PIB फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि राजनीतिक और संवेदनशील घटनाक्रम से जुड़ी किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।

वायरल पोस्ट में क्या कहा गया था

सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट में दावा किया गया कि गृह मंत्रालय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से संपर्क किया है। पोस्ट के मुताबिक, सरकार की ओर से प्रदर्शन खत्म कराने के लिए बातचीत की कोशिश की गई थी।इन दावों में यह भी कहा गया कि कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की अनुमति मिलने तक अपना विरोध जारी रखने की बात कही। PIB फैक्ट चेक ने गृह मंत्रालय द्वारा कांग्रेस नेताओं से संपर्क किए जाने के दावे को गलत बताया है।

SIR को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब SIR को लेकर दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन जारी है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA गठबंधन के कई नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।विपक्षी दल SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च भी किया था।

पुलिस ने कई नेताओं को रोका

चुनाव आयोग की ओर बढ़ रहे विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई और बैरिकेड लगाए गए। कुछ नेताओं को हिरासत में भी लिया गया।प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के बैरिकेड पर चढ़ने और तिरंगा लहराने की तस्वीरें सामने आईं। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए।

चुनाव आयोग का भी आया पक्ष

विपक्ष SIR प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े सवाल उठा रहा है। दूसरी ओर चुनाव आयोग का कहना है कि SIR निर्धारित नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।चुनाव आयोग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह भी कहा कि किसी राजनीतिक दल की ओर से औपचारिक मुलाकात का अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ था।

PIB फैक्ट चेक कैसे करता है जांच

PIB की फैक्ट चेक यूनिट केंद्र सरकार और उसके मंत्रालयों से जुड़ी वायरल सूचनाओं की तथ्यात्मक जांच करती है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक यह यूनिट नवंबर 2019 में शुरू की गई थी और सरकारी नीतियों, योजनाओं, आदेशों तथा अन्य संबंधित दावों में फर्जी या भ्रामक जानकारी की पहचान करती है।इस प्रक्रिया में संबंधित सरकारी स्रोतों से जानकारी का मिलान किया जाता है और जरूरत पड़ने पर संबंधित मंत्रालय या विभाग से तथ्य की पुष्टि की जाती है।

वायरल दावे पर PIB की साफ बात

PIB फैक्ट चेक के खंडन के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से गृह मंत्रालय के कथित संपर्क वाली खबर को प्रमाणित सूचना नहीं माना जा सकता। ऐसे में सोशल मीडिया पर इस दावे को आगे बढ़ाने से पहले आधिकारिक स्रोत से पुष्टि करना जरूरी है।SIR को लेकर राजनीतिक विवाद और विपक्ष का विरोध अपनी जगह जारी है, लेकिन गृह मंत्रालय और कांग्रेस नेताओं के बीच कथित बातचीत का यह दावा PIB फैक्ट चेक के मुताबिक गलत है।

08 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन – बेमेतरा कांग्रेस का जिला स्तरीय ‘लोकतंत्र बचाओ’ पैदल मार्च

बेमेतरा – 06 अक्टूबर 2026

SIR में कथित अनियमितताओं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस भवन से गांधी चौक तक पदयात्रा। समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य।

कार्यक्रम का विवरण:
दिनांक: 08 अक्टूबर 2026, गुरुवार
समय: दोपहर 12:30 बजे
मार्ग: पुराना कांग्रेस भवन → राम मंदिर प्रांगण → गांधी चौक, बेमेतरा
कार्यक्रम: पैदल मार्च, विरोध प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन।


छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘लोकतंत्र बचाओ आंदोलन’ के तहत जिला स्तरीय पैदल मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक-मंडल-बूथ अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, इंटक, एनएसयूआई, अनुसूचित जाति/जनजाति प्रकोष्ठ, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, खेल प्रकोष्ठ, जनपद सदस्य, पार्षदगण एवं समस्त प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे।

जन चौपाल 36 का विशेष साक्षात्कार

जन चौपाल 36: जिला अध्यक्ष जी, इस आंदोलन का उद्देश्य क्या है?

आशीष छाबड़ा (जिला अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा):
“यह कोई साधारण समस्या नहीं है, यह एक गंभीर संवैधानिक संकट है। लोकतंत्र देश की आत्मा है निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सच्चा उद्देश्य है, और उस आत्मा का शरीर मुख्य चुनाव आयुक्त का पद होता है। जब शरीर ही खराब हो जाए, तो इस्तीफे की मांग करना पूरी तरह जायज है।

हमने सुप्रीम कोर्ट और संसदीय जांच दोनों के विकल्प खुले रखे हैं, लेकिन जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त पद पर बने रहेंगे, तब तक चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर जनता का विश्वास नहीं बन सकता। इसलिए सड़क आंदोलन जनता की आवाज़ बुलंद करने का एक लोकतांत्रिक माध्यम है, न कि संस्थाओं के खिलाफ। “

मंगत साहू (अध्यक्ष, किसान कांग्रेस कमेटी बेमेतरा)

“हमारी मांग स्पष्ट है — ज्ञानेश कुमार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए, ताकि चुनाव आयोग फिर से अपनी स्वतंत्र और निष्पक्ष छवि बहाल कर सके। “

ललित विश्वकर्मा (महामंत्री, जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा)

“हमारे राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी लगातार संसद से सड़क तक इस मुद्दे को उठा रहे हैं। गूंगे-बहरे बीजेपी सरकार को जगाने के लिए इस तरह का आंदोलन जरूरी है। बीजेपी सरकार तानाशाह बनकर चल रही है, इसलिए हमें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

छत्तीसगढ़ के कोल लेवी केस में बड़ा दावा, EOW की छठी चार्जशीट में 104 करोड़ की रकम का कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचने का जिक्र

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोल लेवी मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW ने सोमवार 5 अक्टूबर को कोर्ट में छठवां पूरक आरोप पत्र पेश किया। जांच एजेंसी की ओर से दाखिल इस आरोप पत्र में अवैध वसूली की रकम के कथित लेनदेन को लेकर कई गंभीर दावे किए गए हैं।

EOW के अनुसार कोयला परिवहनकर्ताओं से कथित तौर पर वसूली गई 104 करोड़ रुपए की रकम का एक हिस्सा कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन तक पहुंचा। जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि उस समय छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रहे रामगोपाल अग्रवाल तक भी इस रकम का हिस्सा भेजा गया था।

हालांकि, ये सभी दावे जांच एजेंसी के आरोप हैं और मामले में अदालत के अंतिम निर्णय को इन आरोपों की पुष्टि नहीं माना जा सकता।

ई परमिट व्यवस्था में बदलाव के बाद शुरू हुई कथित अवैध वसूली की कहानी

EOW की चार्जशीट के मुताबिक जुलाई 2020 में खनिज विभाग की ई परमिट व्यवस्था में बदलाव किया गया था। नए सिस्टम में जिला खनिज अधिकारी यानी DMO की मैन्युअल मंजूरी को जरूरी कर दिया गया।

जांच एजेंसी का दावा है कि व्यवस्था में हुए इस बदलाव के बाद बिना DO जारी हुए कोयला परिवहन पर रोक लग गई। इसी स्थिति का फायदा उठाकर परिवहनकर्ताओं से कथित तौर पर प्रति टन 25 रुपए की अवैध लेवी वसूली जाने लगी।

सूर्यकांत तिवारी को बताया गया कथित नेटवर्क का मुख्य संचालक

EOW ने सूर्यकांत तिवारी को कथित कोल लेवी नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया है। एजेंसी के अनुसार इस पूरी व्यवस्था को संचालित करने के लिए प्रभावशाली लोगों और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल किया गया।

चार्जशीट में यह भी दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम का कथित तौर पर दबाव बनाने और व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए दुरुपयोग किया गया।

शेल कंपनियों और फर्जी लेनदेन के जरिए रकम खपाने का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार कथित तौर पर वसूली गई रकम को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय अलग अलग माध्यमों से छिपाने और दूसरी जगह भेजने की कोशिश की गई। इसके लिए रानू साहू के भाई पीयूष साहू, सौम्या चौरसिया के रिश्तेदार अनुराग चौरसिया के अलावा कारोबारी सुनील कुमार अग्रवाल और जोगेंदर सिंह का नाम सामने आया है।

EOW का दावा है कि फर्जी लोन, राइस मिल और शेल कंपनियों के जरिए 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की बैंक एंट्री कराई गई। जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि कथित तौर पर इस रकम का इस्तेमाल कांग्रेस नेताओं ने चुनावी गतिविधियों के लिए किया।

डायरी, बैंक रिकॉर्ड और WhatsApp चैट से जुटाए गए सबूत

छठी पूरक चार्जशीट में EOW ने कथित वित्तीय लेनदेन के साथ डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों का भी उल्लेख किया है। जांच के दौरान मिली हस्तलिखित डायरी, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और बैंक स्टेटमेंट को अहम साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है।

इसके अलावा आरोपियों के बीच मैसेंजर एप और WhatsApp पर हुई बातचीत को भी जांच का हिस्सा बनाया गया। EOW के मुताबिक इन दस्तावेजों और डिजिटल बातचीत से कथित रकम के लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े कई सुराग मिले।

कोडवर्ड के जरिए दर्ज थे कथित लेनदेन के संकेत

जांच एजेंसी को मिली डायरी में कुछ ऐसे शब्द और संक्षिप्त नाम भी दर्ज होने की बात कही गई है, जिन्हें कथित तौर पर कोडवर्ड के रूप में इस्तेमाल किया गया। इनमें D, RP, JP, चंद्रा, भगत, C PARTY और MU जैसे नाम या संकेत शामिल हैं।

EOW ने इन प्रविष्टियों को अन्य दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और डिजिटल बातचीत से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई है। छठी पूरक चार्जशीट में इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर कथित कोल लेवी नेटवर्क और रकम के प्रवाह को सामने रखने का प्रयास किया गया है।

फ्रिज में सब्जियां रखने की ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी, जानिए कौन सी सब्जी कितने दिन टिकती है और स्टोर करने का सही तरीका

0

Vegetables Fresh In Fridge:   घर में अक्सर लोग एक साथ कई दिनों की सब्जियां खरीदकर फ्रिज में रख देते हैं। इसके पीछे दो बड़ी वजह होती हैं। पहली, बाजार के चक्कर बार बार न लगाने पड़ें और दूसरी, अगर किसी सब्जी का दाम कम हो तो उसे पहले ही खरीद लिया जाए। आम धारणा है कि फ्रिज में रखने के बाद सब्जियां लंबे समय तक ताजी बनी रहेंगी। लेकिन ऐसा हर सब्जी के साथ नहीं होता।

हर सब्जी की अपनी अलग स्टोरेज जरूरत और सीमित उम्र होती है। कुछ सब्जियां कुछ ही दिनों में अपनी ताजगी खोने लगती हैं, जबकि कुछ सब्जियां सही तरीके से रखी जाएं तो कई दिन तक इस्तेमाल की जा सकती हैं। सिर्फ फ्रिज में रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें किस तरह रखा जा रहा है, यह भी बेहद जरूरी है।

पत्तेदार सब्जियों को लेकर सबसे ज्यादा सावधानी जरूरी

पालक, मेथी, बथुआ, धनिया और पुदीना जैसी पत्तेदार सब्जियों में नमी अधिक होती है। यही वजह है कि इन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखना मुश्किल होता है। अगर इन्हें गीला करके फ्रिज में रख दिया जाए तो इनके जल्दी गलने और खराब होने की संभावना बढ़ जाती है।

इन सब्जियों को स्टोर करने से पहले खराब या पीली पत्तियों को अलग कर दें। अगर धो रहे हैं तो धोने के बाद इन्हें अच्छी तरह सुखाना बेहद जरूरी है। इसके बाद पत्तियों को सूती कपड़े या पेपर में लपेटकर किसी साफ कंटेनर में रखा जा सकता है।

अगर पत्तियां चिपचिपी होने लगें, उनमें खराब गंध आने लगे या उनका रंग काला पड़ने लगे तो उन्हें खाने से बचना चाहिए।

गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च को ऐसे रखें ज्यादा दिनों तक ताजा

गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां पत्तेदार सब्जियों की तुलना में ज्यादा समय तक चल सकती हैं। सही तरीके से स्टोर करने पर इन्हें कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है।

इन सब्जियों को फ्रिज के वेजिटेबल स्टोरेज बॉक्स में रखना बेहतर रहता है। इन्हें पूरी तरह बंद एयरटाइट प्लास्टिक में रखने के बजाय ऐसी पैकिंग का इस्तेमाल करें जिसमें थोड़ी हवा का आवागमन बना रहे।

एक और आम गलती है सब्जियों को पहले ही काटकर फ्रिज में रख देना। कटी हुई सब्जियां आमतौर पर साबुत सब्जियों की तुलना में जल्दी खराब होती हैं। इसलिए जरूरत के हिसाब से ही सब्जी काटना बेहतर है।

आलू और प्याज को फ्रिज में रखने की गलती न करें

आलू और प्याज को फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं होती। इन्हें ठंडी और सूखी जगह पर किसी खुली टोकरी या ऐसे स्थान पर रखें जहां हवा का आवागमन बना रहे।

फ्रिज के अंदर मौजूद नमी के कारण आलू और प्याज जल्दी खराब हो सकते हैं। आलू में अंकुर निकलने की समस्या भी बढ़ सकती है। लहसुन को भी सूखी और हवादार जगह पर रखना ज्यादा उचित रहता है।

कटी हुई सब्जी को लेकर बरतें सबसे ज्यादा सावधानी

सब्जी काटने के बाद उसे लंबे समय तक खुला छोड़ना ठीक नहीं है। काटने के बाद उसका ज्यादा हिस्सा हवा और बाहरी वातावरण के संपर्क में आता है, जिससे खराब होने की प्रक्रिया तेज हो सकती है।

अगर सब्जी काटकर रखनी है तो उसे साफ और ढक्कन वाले कंटेनर में डालकर फ्रिज में रखें और जल्द इस्तेमाल करें। जरूरत से ज्यादा मात्रा में सब्जी पहले से काटकर रखने से बचें।

पकी हुई सब्जी के मामले में भी यही सावधानी जरूरी है। उसे लंबे समय तक कमरे के तापमान पर छोड़ने के बजाय जल्दी ठंडा करके फ्रिज में रखना बेहतर है। दोबारा खाने से पहले उसे अच्छी तरह गर्म कर लेना चाहिए।

सिर्फ फ्रिज में रखना काफी नहीं, स्टोरेज का तरीका भी समझना जरूरी

फ्रिज सब्जियों की उम्र बढ़ाने में मदद कर सकता है, लेकिन यह खराब होने की प्रक्रिया को पूरी तरह रोक नहीं सकता। इसलिए हर सब्जी को उसकी प्रकृति के हिसाब से स्टोर करना जरूरी है। सही तापमान, नमी और पैकिंग का ध्यान रखेंगे तो सब्जियां ज्यादा समय तक बेहतर स्थिति में रह सकती हैं और भोजन की बर्बादी भी कम होगी।

यात्रियों को रेलवे की बड़ी राहत, हटिया से LTT के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, जानिए रूट, तारीख और पूरा टाइमटेबल

 रायपुर. आगामी त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किया है। हटिया और लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन तीन फेरे लगाएगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में इसका व्यावसायिक ठहराव रहेगा।त्योहारी दिनों में घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए इस ट्रेन के संचालन से अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा।

12 अक्टूबर से शुरू होगी हटिया से LTT की पूजा स्पेशल सेवा

ट्रेन संख्या 08609 हटिया से 12, 19 और 26 अक्टूबर को प्रत्येक सोमवार शाम 4 बजकर 20 मिनट पर रवाना होगी। निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन रात 11 बजकर 3 मिनट पर रायगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन रात 1 बजकर 15 मिनट पर बिलासपुर और 2 बजकर 55 मिनट पर रायपुर पहुंचेगी।ट्रेन का दुर्ग पहुंचने का समय सुबह 3 बजकर 55 मिनट और गोंदिया पहुंचने का समय सुबह 5 बजकर 48 मिनट निर्धारित किया गया है। इसके बाद ट्रेन रात 10 बजकर 10 मिनट पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

LTT से हटिया लौटने वाली ट्रेन का भी तय हुआ शेड्यूल

वापसी के लिए ट्रेन संख्या 08610 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 13, 20 और 27 अक्टूबर को प्रत्येक मंगलवार रात 11 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी।यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर गोंदिया पहुंचेगी। इसके बाद दुर्ग दोपहर 3 बजकर 55 मिनट, रायपुर शाम 4 बजकर 35 मिनट, बिलासपुर शाम 7 बजकर 5 मिनट और रायगढ़ रात 9 बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी। ट्रेन तीसरे दिन सुबह 4 बजकर 30 मिनट पर हटिया पहुंचेगी।

22 कोच के साथ चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन

यात्रियों की सुविधा और अलग अलग श्रेणी की मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इसमें एक एसएलआरडी, एक पावर कार, चार सामान्य श्रेणी के कोच, छह स्लीपर कोच और सात एसी थ्री टियर कोच शामिल हैं।इसके अलावा ट्रेन में दो एसी टू टियर और एक एसी प्रथम सह द्वितीय श्रेणी का कोच भी रहेगा। यानी यात्रियों को सामान्य से लेकर एसी श्रेणी तक सफर के कई विकल्प मिलेंगे।

रास्ते में इन प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी ट्रेन

हटिया और LTT के बीच चलने वाली यह विशेष ट्रेन कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी। दोनों दिशाओं में बालसिरिंग, गोविंदपुर रोड, बानो, राउरकेला, झारसुगुड़ा, नागपुर, वर्धा और बडनेरा स्टेशन शामिल हैं।इसके अलावा अकोला, मलकापुर, भुसावल, पचोरा, चालीसगांव, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी ट्रेन का ठहराव रहेगा।

यात्रा से पहले टाइमिंग जरूर जांच लें

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन की तारीख, समय और संबंधित स्टेशन पर ठहराव की जानकारी जरूर जांच लें। इसके लिए यात्री अधिकृत रेलवे वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवन ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे समय सारिणी में संभावित बदलाव की स्थिति में सही जानकारी मिल सकेगी।

रावण दहन पर फिर छिडी सियासी जंग, 20 लाख के टेंडर ने बढाई हलचल, मेयर ने साइंस कॉलेज आयोजन से झाडा पल्ला

बिलासपुर :  दशहरा से पहले रावण दहन को लेकर एक बार फिर विवाद खडा हो गया है। साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव आयोजित करने के लिए नगर निगम के जोन क्रमांक 7 कार्यालय से करीब 20 लाख रुपए का टेंडर जारी होने के बाद राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मामला सामने आने के बाद महापौर पूजा विधानी ने साफ कर दिया कि साइंस कॉलेज मैदान के आयोजन में नगर निगम की कोई भूमिका नहीं होगी।महापौर के मुताबिक नगर निगम की ओर से इस साल भी दशहरा उत्सव और रावण दहन पुलिस ग्राउंड में ही कराया जाएगा। उनका कहना है कि साइंस कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम को निगम का आधिकारिक आयोजन नहीं माना जाएगा।

साइंस कॉलेज में रावण दहन को लेकर पुराना विवाद फिर सामने आया

साइंस कॉलेज मैदान पिछले कुछ वर्षों से रावण दहन को लेकर राजनीतिक चर्चा का केंद्र रहा है। बीते साल यहां एक से अधिक रावण के पुतले जलाए जाने को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। इस बार जोन क्रमांक 7 कार्यालय से दशहरा उत्सव की तैयारियों के लिए 19.96 लाख रुपए की निविदा जारी होने के बाद मामला फिर गरमा गया।

जोन कार्यालय की ओर से बताया गया है कि यह टेंडर कलेक्टर कार्यालय के निर्देश पर जारी किया गया था। आयोजन के लिए सीएसआर मद से राशि खर्च किए जाने की बात भी कही गई है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, एक दिन बाद टेंडर रद्द करने का आरोप

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने टेंडर प्रक्रिया को लेकर नगर निगम पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि 28 सितंबर को निविदा जारी की गई थी और इसके अगले ही दिन इसे रद्द कर दिया गया। कांग्रेस ने सीएसआर मद से इतनी बड़ी राशि खर्च किए जाने के औचित्य पर भी सवाल उठाए हैं।

मिश्रा के मुताबिक नगर निगम खुद सीएसआर फंड उपलब्ध कराने वाली संस्था नहीं है। उन्होंने एसईसीएल से भी इस संबंध में जानकारी लेने की बात कही और दावा किया कि वहां से ऐसी राशि उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि अगर साइंस कॉलेज में दशहरा आयोजन के लिए करीब 20 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं, तो शहर के दूसरे दशहरा मैदानों को भी इसी तरह सहयोग क्यों नहीं दिया जा रहा।

मेयर ने साफ किया रुख, पुलिस ग्राउंड में ही होगा निगम का रावण दहन

महापौर पूजा विधानी ने साइंस कॉलेज के आयोजन से नगर निगम को अलग कर दिया है। उन्होंने कहा कि साइंस कॉलेज मैदान में निगम की तरफ से रावण दहन कराने की अनुमति नहीं दी गई है। टेंडर जारी होने की जानकारी मिलने के बाद जोन कमिश्नर को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने कहा कि नगर निगम साइंस कॉलेज के कार्यक्रम की एजेंसी नहीं बनेगा और न ही वहां आयोजन में निगम की कोई भूमिका रहेगी। निगम का आधिकारिक दशहरा उत्सव पुलिस ग्राउंड में ही आयोजित किया जाएगा।

जोन अधिकारी बोले, कलेक्टर के निर्देश के बाद निकली थी निविदा

जोन क्रमांक 7 के अधिकारी भूपेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश के बाद 28 और 29 सितंबर को टेंडर प्रक्रिया जारी की गई थी। उनके अनुसार साइंस कॉलेज मैदान में होने वाले दशहरा उत्सव के लिए सीएसआर मद से खर्च किए जाने की योजना है।

वहीं नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि निविदा जोन कार्यालय से जारी की गई है। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेने की बात कही है।

20 लाख रुपए में क्या क्या होना था, टेंडर में सामने आया पूरा खर्च

साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव की तैयारियों के लिए जारी निविदा में अलग अलग व्यवस्थाओं पर राशि तय की गई थी। इसमें सबसे ज्यादा 9.96 लाख रुपए टेंट और बैठक व्यवस्था के लिए निर्धारित किए गए थे।

आतिशबाजी के लिए 4 लाख रुपए का प्रावधान रखा गया था। वहीं रावण के पुतले के निर्माण, रोशनी और साउंड सिस्टम समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए 6 लाख रुपए निर्धारित किए गए थे।

इस तरह पूरी निविदा की अनुमानित राशि 19.96 लाख रुपए रखी गई थी। अब महापौर के साइंस कॉलेज आयोजन से नगर निगम को अलग करने के बाद यह टेंडर और उसके लिए प्रस्तावित राशि राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गई है।