26.1 C
Raipur
Tuesday, October 27, 2026
Home Blog Page 256

12 प्रमुख मानव विषाणु संक्रमणों की पहचान में सक्षम: एम्स रायपुर की वीआरडीएल लैब को एनएबीएल मान्यता

रायपुर छत्तीसगढ़ के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है कि एनएबीएल ने एम्स की लैब को मान्यता प्रदान की है।इससे प्रदेश की जनता को कोविड-19, हेपेटाइटिस, डेंगू, चिकनपॉक्स, कंजंक्टिवाइटिस, और मम्प्स जैसी बीमारियों के साथ-साथ 12 प्रमुख वायरल संक्रमणों की जांच की सुविधा मिलेगी।

जनचौपाल 36 | 06 अगस्त 2025 | स्रोत: PIB रायपुर
एम्स रायपुर की वायरोलॉजी लैब (वायरल रिसर्च एंड डायग्नोस्टिक लैब – VRDL) को 1 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशालाओं की प्रत्यायन बोर्ड (NABL) से ISO 15189:2022 मान्यता प्राप्त हुई। यह मान्यता 12 प्रमुख मानव विषाणु संक्रमणों की जांच के लिए दी गई है।

किन-किन संक्रमणों की होगी जांच?
वायरल मैनिंजाइटिस/एन्सेफलाइटिस
कोविड-19 (SARS-CoV-2)
स्वाइन फ्लू (H1N1), इन्फ्लुएंजा बी
आरएसवी
14 उच्च जोखिम वाले ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का कारण)
एपस्टीन-बार वायरस (EBV)
हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस (HSV)
साइटोमेगालोवायरस (CMV)
हेपेटाइटिस बी व सी वायरल लोड
डेंगू ।

राज्य का नोडल सेंटर
2018 में स्थापित यह लैब कोविड-19, हेपेटाइटिस A/B/C/E, डेंगू, चिकनपॉक्स, कंजंक्टिवाइटिस और मम्प्स जैसी बीमारियों की जांच में प्रमुख भूमिका निभा रही है। साथ ही यह छत्तीसगढ़ की कोविड-19 जांच और SARS-CoV-2 के संपूर्ण जीनोम अनुक्रमण के लिए नोडल सेंटर है।

महत्वपूर्ण उपलब्धि
एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक ले. जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने इसे छत्तीसगढ़ में अत्याधुनिक निदान सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम बताया। प्रो. (डॉ.) अनुदिता भार्गव और प्रो. (डॉ.) संजय सिंह नेगी ने इसे टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

टीम की भूमिका
इस उपलब्धि में डॉ. माधवी मडके के नेतृत्व में सीनियर रेजिडेंट्स, रिसर्च साइंटिस्ट, लैब टेक्नीशियन और अन्य अनुसंधान कर्मियों का विशेष योगदान रहा।



उत्तरकाशी में बादल फटने से भारी तबाही, धराली गांव सबसे ज्यादा प्रभावित

अब तक 4 की मौत, कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका | हेलिकॉप्टर से राहत-बचाव का अनुरोध | स्कूल बंद, यमुनोत्री हाईवे भी बाधित

उत्तरकाशी/देहरादून, 5 अगस्त 2025।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में सोमवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। सबसे ज़्यादा नुकसान धराली गांव में हुआ है, जहां खीरगंगा में आई बाढ़ ने पूरे धराली बाजार को तबाह कर दिया। कई होटल, दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।

बाढ़ के तेज बहाव से गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई होटलों में पानी और मलबा भर गया है। आर्मी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों के लिए मौके पर पहुंच रही हैं।
इसी दौरान बड़कोट तहसील क्षेत्र के बनाल पट्टी में भारी बारिश के कारण कुड गदेरे में उफान आ गया, जिससे करीब 18 बकरियां बह गईं।

सीएम धामी ने जताया दुख, युद्ध स्तर पर राहत कार्य
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी की इस आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और प्रशासनिक टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। सरकार केंद्र से संपर्क में है और दो एमआई तथा एक चिनूक हेलिकॉप्टर की मांग की गई है ताकि दुर्गम क्षेत्रों में राहत कार्य तेज हो सके।

भूस्खलन और सड़कों को भारी नुकसान, हाईवे बंद
लगातार बारिश से जनपद की सड़कें भी प्रभावित हैं। यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी के पास करीब 25 मीटर धंस गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। गंगोत्री हाईवे भी कई जगहों पर अवरुद्ध रहा। ओजरी, डाबरकोट और स्यानाचट्टी के पास भारी मलबा और बोल्डर गिरने से आवाजाही ठप हो गई है।

स्कूल बंद, बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 10 अगस्त तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, खासकर पर्वतीय जिलों में। देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में एहतियातन स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

सस्ती हुई दवाएं, सीएम साय ने पीएम मोदी का जताया आभार

पीएम श्री मोदी द्वारा जन_औषधियों की कीमतों में कटौती पर जताया आभार,प्रधानमंत्री के जनहितैषी निर्णय से लाखों लोगों को मिलेगी राहत – मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर 04/08/2025
Janchoupal36.com
(सूत्र_जनसंपर्क छत्तीसगढ़)

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा 37 आवश्यक औषधियों के मूल्य में 10 से 15 प्रतिशत तक की कमी किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

श्री साय ने कहा कि स्वस्थ भारत ही विकसित भारत की आधारशिला है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का यह निर्णय उनके दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नेतृत्व की सशक्त अभिव्यक्ति है। यह निर्णय हृदय रोग, मधुमेह, संक्रमण, बुखार और दर्द जैसी आम लेकिन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे नागरिकों को बड़ी राहत देगा।

उन्होंने कहा कि इस मूल्य कटौती से पैरासिटामोल, एटोरवास्टेटिन, एमोक्सिसिलिन जैसी जीवनरक्षक दवाएं अब और अधिक सुलभ और सस्ती हो सकेंगी। छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी और ग्रामीण बहुल राज्य में यह निर्णय गरीबों, श्रमिकों, किसानों, महिलाओं और वृद्धजनों के स्वास्थ्य हेतु अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के केंद्रों के विस्तार, आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्राथमिक से लेकर उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। 

श्री साय ने कहा कि ,

केंद्र सरकार का निर्णय केवल औषधियों की कीमत घटाने का नहीं, बल्कि आमजन के जीवन स्तर को सशक्त बनाने का भी कदम है।

रायपुर : “सावन केवल ऋतु नहीं, नारी शक्ति का उत्सव है” – मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

सावन के रंगों में रंगा मंत्री निवास, महिला पत्रकारों संग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मनाया उत्सव

रायपुर, 04 अगस्त 2025 Janchoupal36.com
(सूत्र – जनसंपर्क, छत्तीसगढ़)
सावन मास की हरियाली और उमंग के बीच महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के सरकारी निवास में सोमवार को“सावन मिलन“ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। राजधानी रायपुर की महिला पत्रकारों की विशेष मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

मंत्री निवास पारंपरिक हरे रंग और फूलों की सजावट से सुसज्जित था, जो सावन की रौनक को और निखार रहा था। यह आयोजन सिर्फ सांस्कृतिक नहीं, बल्कि संवाद, मेल-मिलाप और महिला सशक्तिकरण का मंच भी बना।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा –
“सावन केवल एक ऋतु नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और नारी शक्ति का उत्सव है। मीडिया में महिलाओं की भूमिका सराहनीय है। वे खबर देने के साथ-साथ समाज को दिशा देने, पीड़ितों की आवाज बनने और नीति निर्माण में अहम योगदान दे रही हैं।”
श्रीमती राजवाड़े ने बताया कि
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण के लिए संकल्पित है।

महतारी वंदन योजना के तहत 69 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000 की आर्थिक सहायता, अब तक 18 महीनों में ₹11,728 करोड़ का वितरण।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 2024-25 और 2025-26 में 8,000 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न।

सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से 1.2 लाख से अधिक महिलाओं को त्वरित सहायता।
कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिला पत्रकारों के साथ सावन गीतों पर पारंपरिक नृत्य किया, गुपचुप का आनंद लिया और हंसी-ठिठोली में शामिल हुईं। सभी महिला पत्रकारों के हाथों में मेहंदी सजाई गई। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्सवी हो गया।
अंत में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिला पत्रकारों से आग्रह किया कि वे राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाएं, ताकि हर जरूरतमंद इनका लाभ ले सके।


पीएमश्री मोदी को छग सीएम साय का राज्योत्सव में आमंत्रण”

1 नवंबर छत्तीसगढ़ राज्योत्सव ‘अमृत रजत महोत्सव’ में पीएम मोदी को न्यौता,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली में प्रधानमंत्री से की मुलाकात, राज्य की विकास योजनाओं की दी जानकारी

JANCHOUPAL36 NEWS | 05 अगस्त 2025
(Source: PIB Raipur)
नई दिल्ली में संसद भवन में हुई सौजन्य भेंट के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव – ‘अमृत रजत महोत्सव’ में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।

यह अवसर राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ का होगा, जिसे भव्य स्तर पर मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की भावी योजनाओं, विकास की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी पहलों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से छत्तीसगढ़ तेज़ी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है और राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में मजबूत पहचान बना रहा है।
राज्य के विकास की बड़ी झलकियां – ‘अंजोर विज़न @2047’
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ‘अंजोर विज़न @2047’ दस्तावेज तैयार किया है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, नवाचार और पर्यावरण पर विशेष फोकस है।
जन विश्वास विधेयक 2025 से न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता और नागरिकों की आसान पहुंच सुनिश्चित हुई।
SCRDA के माध्यम से नवा रायपुर को आधुनिक और स्मार्ट शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
औद्योगिक निवेश और रोज़गार
नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत सिंगल विंडो सिस्टम लागू होने से निवेशकों की रुचि बढ़ी है। नवंबर 2024 से जुलाई 2025 तक 84 कंपनियों से ₹6.65 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
नवा रायपुर में देश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डेटा सेंटर का निर्माण कार्य शुरू।
टेक्सटाइल, फार्मा, रेडीमेड गारमेंट और आईटी सेवाओं को प्राथमिकता, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रगति
ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में डिजिटल संसाधनों और प्रशिक्षित शिक्षकों के जरिये गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार।
रायपुर में मेडिसिटी और एडु सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं, जिससे राज्य को मेडिकल हब के रूप में पहचान मिलेगी।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित इलाकों में पुनर्वास और विश्वास बहाली के प्रयासों का उल्लेख किया। बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन में लौटे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा –
“अमृत रजत महोत्सव छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक होगा और प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से इसकी महत्ता और बढ़ जाएगी।”


कल होगा ‘MLA फेलोशिप प्रोग्राम’ का शुभारंभ – युवाओं के लिए बेमेतरा में ऐतिहासिक पहल

बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के द्वारा बेमेतरा के युवाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन से फेलोशिप कार्यक्रम

बेमेतरा, 4 अगस्त 2025।
बेमेतरा के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल कल साकार होने जा रही है। 5 अगस्त 2025 (मंगलवार) को जिले में ‘MLA फेलोशिप प्रोग्राम’ का भव्य शुभारंभ होगा। यह कार्यक्रम निःशुल्क कोचिंग सेंटर श्री राम एकेडमी के तत्वावधान में, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के मार्गदर्शन में शुरू किया जा रहा है।

इस फेलोशिप का उद्देश्य युवाओं को शैक्षणिक, सामाजिक और प्रशासनिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकें और क्षेत्र के विकास में योगदान दे सकें। कार्यक्रम में जिले के युवा, छात्र-छात्राएं और मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे।


कल के कार्यक्रम का एजेंडा

📍 स्थान: श्री राम एकेडमी, बेमेतरा
🕙 समय: प्रातः 10:30 बजे से

  1. उद्घाटन सत्र – अतिथियों का स्वागत एवं दीप प्रज्वलन
  2. MLA फेलोशिप प्रोग्राम का परिचय – उद्देश्य एवं लाभ
  3. मुख्य वक्तव्य – विधायक दीपेश साहू द्वारा
  4. प्रेरणादायक संबोधन – शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के विचार
  5. इंटरैक्टिव सेशन – युवाओं और विशेषज्ञों के बीच प्रश्नोत्तर
  6. फेलोशिप पंजीयन प्रक्रिया – आवेदन एवं चयन की जानकारी
  7. समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन

पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने की भेड़नी नर्मदा कुंड से देवरबीजा शिव मंदिर तक कांवड़ यात्रा

पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा का कांवड़ यात्रा का आठवां वर्ष जिसमें भेड़नी नर्मदा कुंड से प्राचीन शिव मंदिर देवरबीजा तक यात्रा की जाती है।

बेमेतरा, 04 अगस्त 2025।
पावन सावन माह के अंतिम सोमवार के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने इस वर्ष भी ग्राम भेड़नी के पवित्र नर्मदा कुंड से देवरबीजा स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक कांवड़ यात्रा में भाग लिया। उन्होंने भगवान शंकर को जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

यह कांवड़ यात्रा अपने आठवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। विगत वर्षों से सावन माह में इसका आयोजन होता आ रहा है, और इसमें भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत इस यात्रा में बच्चों, बुजुर्गों और विशेष रूप से महिलाओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।

पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा—

“यह पर्व भगवान शंकर की आराधना का पर्व है। हम सभी यही प्रार्थना करते हैं कि हमारा बेमेतरा अंचल फले-फूले और खुशहाल रहे। शिव भक्ति में ही शक्ति का आशीर्वाद मिलता है। जब ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ हजारों लोग एक साथ आगे बढ़ते हैं, तो मन में अद्भुत उत्साह और आत्मिक संतुष्टि का अनुभव होता है।”


सरकारी ज़मीन पर 30 साल से कब्ज़ा? सुप्रीम कोर्ट का आदेश खोल सकता है मालिकाना हक़ की राह

सरकारी जमीन पर कब्जा और विवाद अब आम बात हो गई है । बेजा कब्जा अवैध कब्जे अवैध निर्माण कार्य प्रगति पर है शासन प्रशासन को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

रायपुर, (janchuopal36 आर्टिकल) 3 अगस्त 2025

देशभर में सरकारी ज़मीन पर वर्षों से रह रहे लोगों के लिए सुप्रीम कोर्ट का हालिया आदेश राहत लेकर आया है। कोर्ट ने कहा है कि कुछ शर्तें पूरी होने पर कब्ज़ेदार व्यक्ति ज़मीन का मालिकाना हक़ हासिल कर सकता है।
क्या है Adverse Possession का नियम?
Adverse Possession का मतलब है — किसी ज़मीन पर लंबे समय तक लगातार और निर्विवाद कब्ज़ा रखना।
अगर कोई व्यक्ति 30 साल या उससे अधिक समय तक सरकारी ज़मीन पर बिना रुकावट के रहता है,
और इस दौरान प्रशासन ने उसे हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की,
तो वह ज़मीन अपने नाम कराने का दावा कर सकता है।
दावा करने के लिए ज़रूरी दस्तावेज़
दावा करने से पहले पुख्ता सबूत जुटाना जरूरी है। इनमें शामिल हैं:
ज़मीन का खसरा नंबर और सरकारी रिकॉर्ड की कॉपी।
30 साल से अधिक समय से रहने के प्रमाण — बिजली बिल, पानी बिल, राशन कार्ड, टैक्स रसीद।
पुराने फ़ोटो और गवाहों के बयान।
प्रक्रिया:
ये दस्तावेज़ राजस्व अधिकारी या पटवारी को दें।
अधिकारी मौके पर जांच करेंगे।
सबूत सही पाए जाने पर मामला आगे बढ़ेगा।
राज्य सरकारों की रेगुलराइजेशन योजनाएं
कई राज्य समय-समय पर ऐसे कब्ज़ों को वैध करने की योजना चलाते हैं।
इनमें मामूली शुल्क पर ज़मीन का पट्टा दिया जाता है।
अगर ऐसी योजना लागू हो, तो आवेदन करके फायदा उठाया जा सकता है।
किन मामलों में दावा नहीं किया जा सकता?
सार्वजनिक उपयोग की ज़मीन — जैसे स्कूल, अस्पताल, पार्क, मंदिर, तालाब।
हाल में किए गए अवैध कब्ज़े।
ऐसे मामलों में IPC की धारा 447 के तहत आपराधिक कार्रवाई हो सकती है।
विशेषज्ञों की राय
कानूनी जानकारों का कहना है कि यह नियम पुराने और निर्विवाद कब्ज़ों के लिए राहत है।
लेकिन प्रक्रिया आसान नहीं है।
हर चरण में मजबूत सबूत और सही दस्तावेज़ जरूरी हैं।
पाठकों के लिए सावधानी
यह प्रावधान सिर्फ पुराने और निर्विवाद कब्ज़ों के लिए है।
नए या विवादित कब्ज़ों पर यह लागू नहीं होता।
आवेदन करने से पहले कानूनी सलाह लें।

डिस्क्लेमर:
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें दी गई जानकारी किसी भी प्रकार की कानूनी सलाह नहीं है।
सरकारी ज़मीन से संबंधित अधिकार, दावा या प्रक्रिया के लिए हमेशा मान्यता प्राप्त वकील या संबंधित विभाग से परामर्श लें।
लेख में उल्लिखित कानून और नियम समय-समय पर बदल सकते हैं।
Janchoupal36 इस लेख में दी गई जानकारी के आधार पर किए गए किसी भी निर्णय या कार्रवाई के लिए ज़िम्मेदार नहीं होगा।

आकांक्षा हाट मेला: जनजातीय विकास की नई पहचान:_डिप्टी सीएम विजय शर्मा,अव्यवस्था पर विधायक भड़कीं

वनवासियों के जीवन में बदलाव की पहल और स्थानीय उत्पादों की महक के साथ ,तीन दिवसीय आकांक्षा हाट बाजार कवर्धा।

कवर्धा। कवर्धा के इनडोर स्टेडियम, पीजी कॉलेज ग्राउंड में रविवार को तीन दिवसीय आकांक्षा हाट मेले का भव्य शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू भी मौजूद रहे।
वनवासियों के जीवन में बदलाव की पहल
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि यह मेला जनजातीय क्षेत्रों के विकास और पहचान को नई दिशा देगा। “वनवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही हमारी प्राथमिकता है। आकांक्षा हाट, न केवल उत्पादों का मंच है बल्कि यह वनवासी जीवनस्तर में सुधार और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा।”
उन्होंने संपूर्णता अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और फ्रंटलाइन वर्करों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शर्मा ने कहा कि विकास केवल सड़क, बिजली, पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में भी ठोस सुधार आवश्यक है।
कबीरधाम जिले को संपूर्णता अभियान में कांस्य पदक मिलने पर उपमुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने स्टॉल का अवलोकन किया और प्रदर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
स्थानीय उत्पादों की महक
3 से 5 अगस्त तक आयोजित इस मेले में स्व-सहायता समूहों द्वारा स्थानीय संसाधनों से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है। इसमें हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य सामग्री और बांस से बने शिल्प उत्पाद खास आकर्षण हैं।
डिप्टी सीएम ने मीडिया से कहा —
“प्रधानमंत्री जन मन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को पेयजल, आवास, सड़क, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।”

कार्यक्रम में अव्यवस्था, विधायक ने जताई नाराजगी
हालांकि, कार्यक्रम के शुभारंभ में अव्यवस्था भी चर्चा में रही। दोपहर करीब 1 बजे जब विधायक भावना बोहरा मेले में पहुंचीं, तो उन्होंने मंच और व्यवस्था की बदहाली देख नाराजगी जाहिर की। मौके पर जिम्मेदार अधिकारी न मिलने पर उन्होंने माइक से ही फटकार लगाते हुए कहा —
“सरकार की अच्छी योजनाओं को अधिकारी मजाक बना रहे हैं।”


छत्तीसगढ़ बीजेपी का सीएम हाऊस में ‘सदस्यता रत्न’ उत्सव

60 लाख नए सदस्य जोड़ने पर उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह, CM विष्णुदेव साय हुए सम्मानित

रायपुर, मुख्यमंत्री निवास (नवा रायपुर):
छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपने सदस्यता अभियान में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 60 लाख नए सदस्य जोड़े हैं। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आज मुख्यमंत्री निवास में ‘उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ‘सदस्यता रत्न’ से सम्मानित किया गया।
सीएम साय ने कहा —
“60 लाख प्राथमिक और 65 हजार सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य हमने मिलकर हासिल किया है। यह अभियान प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव और सक्रिय सदस्यता अभियान संयोजक संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में सफलतापूर्वक चला। यह मेरे लिए गर्व और सम्मान का क्षण है कि मैं ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं के बीच खड़ा हूं।”
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
आज के कार्यक्रम में
“विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस,डिप्टी सीएम अरुण साव सहित भाजपा सांसद, विधायक, पार्षद और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह उत्साह, जोश और सम्मान के माहौल से भरा रहा।

सम्मान प्राप्त नेताओं ने विशेष उद्गार व्यक्त किए


डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा —
“मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में आयोजित ‘उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह’ में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव जी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जाम्वाल जी, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री पवन साय जी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जी, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी के साथ सम्पन्न हुआ।मुझे गर्व है कि 10,000 से अधिक सक्रिय सदस्य जोड़ने के लिए मुझे ‘सदस्यता रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।”
कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कहा —
“भाजपा के सदस्यता अभियान में प्रदेश का लक्ष्य पूर्ण करते हुए, इस महत्त्वपूर्ण अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए आज ‘सदस्यता रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित होने का सौभाग्य मिला। यह सम्मान उन सभी कर्मठ, निष्ठावान और पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। यह उपलब्धि सभी के निरंतर सहयोग और समर्पण का परिणाम है।”
पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा —
“आज नवा रायपुर, अटल नगर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित उत्कृष्ट सदस्यता सम्मान समारोह में सम्मिलित हुई। पंडरिया विधानसभा अंतर्गत 21,118 से अधिक नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाने के लिए मुझे ‘सदस्य भूषण सम्मान’ प्रदान किया गया। यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि पंडरिया विधानसभा के सभी कार्यकर्ता भाई-बहनों और जनता का है, जिन्होंने राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद और सुशासन के लिए भाजपा को समर्थन और सहयोग प्रदान किया।”
टॉप-3 में आए विधायक व सांसद
सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष नेताओं को सम्मानित किया गया। इनमें अजय चंद्राकर, भावना बोहरा और रिकेश सेन शीर्ष तीन में रहे। साथ ही 200 से अधिक कार्यकर्ताओं, सांसदों, विधायकों, पार्षदों और जिला संयोजकों को मंच से सम्मान मिला।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बोले —
“हमारे कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा ने भाजपा को लगातार चार चुनावों में जनसमर्थन दिलाया है। यह उत्साह और ऊर्जा आगे भी संगठन को मजबूत बनाएगी।”
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जाम्वाल का संकल्प —
“मेहनत करके आपने सर्वश्रेष्ठ परिणाम दिया है। अब लक्ष्य है — अगली बार केंद्र और प्रदेश में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाना।”
रायपुर से भी शानदार योगदान
रायपुर शहर से 12 नेताओं ने 3 हजार से अधिक सदस्य बनाए, जिनमें विधायक पुरंदर मिश्रा,विधायक
राजेश मूणत और विधायक मोतीलाल साहू प्रमुख हैं।