21.1 C
Raipur
Sunday, November 1, 2026
Home Blog Page 178

कृषि समाचार:एमएसपी पर दलहन–तिलहन की खरीदी जारी

किसानों से अपील – समय से पहले पंजीयन कराकर अपनी फसल बेचें।

बेमेतरा, 26 मार्च 2026

जिले में सरकार की योजना के तहत दलहन और तिलहन फसलों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर लगातार चल रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले और उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

उप संचालक मोरध्वज डडसेना ने बताया कि
अरहर (तुअर) और सरसों की खरीदी 15 मई 2026 तक होगी।चना और मसूर की खरीदी 30 मई 2026 तक की जाएगी ।इसलिए किसानों से कहा गया है कि वे तय समय से पहले अपनी फसल बेच लें, ताकि MSP का पूरा फायदा मिल सके।

अब तक जिले में करीब 534 क्विंटल दलहन और तिलहन की खरीदी हो चुकी है। खरीदी का काम जिले की 9 सेवा सहकारी समितियों के जरिए किया जा रहा है, जहां तौल, जांच और भुगतान की पूरी व्यवस्था है।

खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए _तौल मशीन_बारदाना
_पीने का पानी_छाया और बैठने की सुविधा जैसी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें कोई दिक्कत न हो।

इसके अलावा, पूरी प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए_ऑनलाइन पंजीयन_आधार से सत्यापन और पैसे सीधे बैंक खाते में देने की व्यवस्था भी लागू की गई है।

जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द पंजीयन कराएं और अपनी फसल सिर्फ अधिकृत खरीदी केंद्रों पर ही बेचें, ताकि उन्हें सही दाम मिल सके।
सरकार की इस योजना का मकसद किसानों की आय बढ़ाना है, इसलिए सभी किसान इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं।

ग्लोबल लीडर के रूप में उभरे नरेंद्र मोदी, अष्टमी पर मां महागौरी की आराधना कर देशवासियों के लिए मांगा आशीर्वाद

नई दिल्ली, 26 मार्च 2026 (डिजिटल डेस्क)

वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक प्रभावशाली ग्लोबल लीडर के रूप में उभरकर सामने आए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका, कूटनीतिक संतुलन और नेतृत्व क्षमता ने भारत की छवि को नई ऊंचाई दी है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी सर्वे फर्म ‘मॉर्निंग कंसल्ट’ के अनुसार 68% की अप्रूवल रेटिंग के साथ लगातार तीसरी बार दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने हुए हैं। 

इसी बीच चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर प्रधानमंत्री ने मां महागौरी की आराधना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। उन्होंने मां के दिव्य चरणों में प्रणाम करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रार्थना की कि उनकी कृपा से सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया—
“श्वेते वृषे समारूढा श्वेताम्बरधरा शुचिः।
महागौरी शुभं दद्यान्महादेवप्रमोददा॥”

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“मां महागौरी के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम! उनकी दिव्य आभा हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और आरोग्य लेकर आए।”

प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब देश और दुनिया में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों का जुड़ाव और भी मजबूत होता नजर आ रहा है। उनके इस संदेश को देशभर में श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है।

अष्टमी पर मैहर में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां शारदा मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे

मैहर/नई दिल्ली, 26 मार्च 2026 (डिजिटल डेस्क)


चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मैहर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और हर कोई माता के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आया।

अष्टमी के मौके पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती का आयोजन किया गया। मंदिर के प्रधान पुजारी पवन दाऊ जी महाराज ने विधि-विधान से माता की पूजा कर भोग अर्पित किया। जैसे ही आरती शुरू हुई, पूरा परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर गहरी आस्था और विश्वास झलकता नजर आया। मान्यता है कि अष्टमी के दिन सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचे।

वहीं देवास में भी अष्टमी का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यहां मां तुलजा भवानी मंदिर और मां चामुंडा मंदिर में विशेष पूजा और आरती का आयोजन किया गया। भक्तों ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही भजन-कीर्तन का माहौल बना रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

उधर काशीपुर में भी अष्टमी पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए। यहां प्रसिद्ध मां बाल सुंदरी देवी मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी चैती मेले का भव्य आयोजन किया गया। अष्टमी के दिन माता की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली इस शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

मंदिर के मुख्य पुजारी विकास कुमार अग्निहोत्री के अनुसार, माता की पालकी पारंपरिक मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंच चुकी है।पूजा-अर्चना के बाद भव्य आरती की गई और श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए। उन्होंने बताया कि अष्टमी के दिन माता के दर्शन का विशेष महत्व होता है और इस अवसर पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

ईरान-इजरायल_अमेरिका तनाव से तेल बाजार में उछाल, कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार

0

नई दिल्ली, 26 मार्च 2026 (डिजिटल डेस्क)

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच टकराव का सीधा असर वैश्विक तेल बाजार पर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 1.21 प्रतिशत बढ़कर 103.46 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 91.54 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, यह उछाल मुख्य रूप से मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का परिणाम है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि तेहरान, वाशिंगटन के साथ सीधे संवाद के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थों के जरिए होने वाले संपर्क को औपचारिक बातचीत नहीं माना जाना चाहिए। साथ ही, अमेरिका समर्थित संघर्ष-विराम प्रस्ताव को भी खारिज किए जाने के संकेत दिए गए हैं, जिससे स्थिति और अधिक जटिल हो गई है।

इससे एक दिन पहले पश्चिम एशिया में संघर्ष-विराम की उम्मीदों के चलते तेल कीमतों में गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन ताजा घटनाक्रम ने बाजार को फिर से अस्थिर कर दिया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में हर 10 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी भारत के चालू खाता घाटे (CAD) को लगभग 0.3 से 0.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकती है। इसके साथ ही उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) आधारित महंगाई में 20 से 30 बेसिस पॉइंट तक वृद्धि होने की आशंका रहती है।

इसी बीच, ईरान ने भारत समेत पांच “मित्र देशों” के जहाजों को रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देने का संकेत दिया है। भारत के अलावा रूस, चीन, पाकिस्तान और इराक के जहाजों को इस समुद्री मार्ग से सुरक्षित आवागमन की छूट दी जाएगी।
वहीं, ईरान ने यह भी स्पष्ट किया है कि अमेरिका, इजरायल और कुछ खाड़ी देशों से जुड़े जहाजों पर इस मार्ग में प्रतिबंध लगाया जा सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और कीमतों पर स्थिति का असर जारी रहने की संभावना है।

LPG पर अफवाहों का खंडन: 25 दिन में ही मिलेगा सिलेंडर, नियमों में कोई बदलाव नहीं

नई दिल्ली, 26 मार्च 2026 (डिजिटल डेस्क)

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ी है। इसी बीच भारत में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग समय-सीमा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही खबरों को केंद्र सरकार ने पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी रीफिल बुकिंग के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पहले की तरह ही व्यवस्था लागू रहेगी। मंत्रालय के अनुसार, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि अलग-अलग कनेक्शनों के लिए नई समय-सीमा तय की गई है, जो पूरी तरह निराधार है।

मंत्रालय ने जानकारी दी कि वर्तमान नियमों के तहत
शहरी क्षेत्रों में 25 दिन
ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन
की समय-सीमा लागू है, और यह सभी प्रकार के कनेक्शनों पर समान रूप से लागू होती है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट में एलपीजी बुकिंग करने से बचें। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, देश की रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और हाल ही में करीब 18,700 टन कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति की गई है। साथ ही, पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और देशभर में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।


अवैध खनन पर 16 लाख का जुर्माना:खनिज शाखा की धमाकेदार उपलब्धि लक्ष्य से दोगुना राजस्व

बेमेतरा/छत्तीसगढ़ _25 मार्च 2026

जिले की खनिज शाखा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कमाल कर दिखाया। शासन द्वारा दिए 450 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 901 लाख से ज्यादा राजस्व जमा हो चुका है – यानी पूरे 200 प्रतिशत से अधिक! कलेक्टर कार्यालय (खनिज शाखा) के अनुसार, यह उपलब्धि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्त कार्रवाई का नतीजा है।

विभाग द्वारा फरवरी-मार्च में चले अभियानों में 31 अवैध परिवहन के मामले दर्ज कर 7.90 लाख और 4 उत्खनन मामलों में 8.05 लाख रुपये का अर्थदंड वसूला गया। कुल 16 लाख से अधिक की रिकवरी ने अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है।

कलेक्टर कार्यालय खनिज ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उद्देश्य साफ – राजस्व बढ़ाना, खनिज संसाधनों का संरक्षण और कानून-व्यवस्था मजबूत रखना। ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले में अब खनन माफिया सतर्क हो चुके हैं।

जिले में अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन पर प्रशासन की तीखी नजर है ।इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी अब कार्रवाई का उद्देश्य न केवल शासन के राजस्व में वृद्धि करना है, बल्कि खनिज संसाधनों का संरक्षण करते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना भी है।

पश्चिम एशिया संकट के समय में भारतीयों की सुरक्षा, गैस सप्लाई और आत्मनिर्भरता पर सरकार का फोकस

जमाखोरी पर 3,400 छापे, 1,000 सिलेंडर जब्त, 642 FIR और 155 गिरफ्तारियां।

नई दिल्ली, 25 मार्च 2026

पश्चिम एशिया में ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष के बीच भारत सरकार भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, ऊर्जा आपूर्ति और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए सतर्क मोड में है।

नागरिक सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में बताया कि 3.75 लाख से अधिक भारतीयों को संघर्ष क्षेत्रों से सुरक्षित वापस लाया गया, जिसमें ईरान से 700+ मेडिकल छात्र शामिल हैं। पीएम ने खाड़ी देशों, ईरान, इजरायल और अमेरिका के नेताओं से दो दौर की बातचीत कर शांति और होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने का आग्रह किया। प्रभावित परिवारों को चिकित्सा सहायता और मुआवजा सुनिश्चित किया जा रहा है।

ऊर्जा और सुरक्षा पर कोई कमी नहीं करने की कोशिश
सरकार ने स्पष्ट किया कि रिफाइनरियां पूर्ण क्षमता पर चल रही हैं, कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक है और एलपीजी उत्पादन बढ़ाया गया । आयात स्रोत 27 से बढ़ाकर 41 देश किए गए, 53 लाख टन रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व 65 लाख टन तक विस्तारित हो रहा है। ‘मेड इन इंडिया’ शिपबिल्डिंग मिशन के तहत 70,000 करोड़ का निवेश विदेशी जहाज निर्भरता कम कर रहा है।

गैस सप्लाई प्राथमिकताएं और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
कमर्शियल एलपीजी 20% से बढ़ाकर 50% बहाल, घरेलू PNG/CNG 100% जारी, औद्योगिक क्षेत्र को 80% गैस। एक दिन में 7,500+ PNG कनेक्शन जारी। जमाखोरी पर 3,400 छापे, 1,000 सिलेंडर जब्त, 642 FIR और 155 गिरफ्तारियां। उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित कर किसानों को राहत दी जा रही।

समुद्री और कूटनीतिक प्रयास
पाइन गैस (45,000 MT LPG) और जग वसंत (47,600 MT) होर्मुज पार कर भारत पहुंच रहे । 20 जहाजों पर 540 नाविक सुरक्षित, 585 नाविक वापस। 24×7 कंट्रोल रूम से 4.02 लाख लोग लौटे। विदेश मंत्रालय की हेल्पलाइन सक्रिय।(ddnews)

पश्चिम एशिया संकट :शांति की पहल से टल सकता है? भारत की कूटनीतिक भूमिका

डिजिटल डेस्क 25/03/2026

पश्चिम एशिया में यदि युद्धविराम होकर शांति की ओर बढ़ने की प्रक्रिया तेज होती है, तो यह न केवल संघर्षग्रस्त क्षेत्र बल्कि समूचे विश्व के लिए वरदान सिद्ध होगा। युद्ध कभी रचनात्मक परिणाम नहीं देता, केवल विनाश का मार्ग प्रशस्त करता है, जबकि शांति ही राष्ट्रों के सतत विकास का मूल आधार है।

मिडिल ईस्ट में चल रही अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग ने दुनिया में हाहाकार मचा रखा है। ऐसे में इस जंग का खत्म करने की मांग की जा रही है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बीते दिनों ईरान पर हमले से ब्रेक लेने की बात कही और दावा किया कि बातचीत चल रही है।(खबर सूत्रों से)

युद्ध समाप्ति के संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले रोकने और बातचीत का ऐलान किया है, जिसमें 15 मुद्दों पर सहमति बन रही है – खासकर ईरान का परमाणु कार्यक्रम छोड़ना। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के मध्यस्थता प्रस्ताव पर ट्रंप ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। ईरान ने शर्तें रखीं: अमेरिकी ठिकाने बंद, प्रतिबंध हटाना, होर्मुज स्ट्रेट शुल्क।

भारत की संतुलित कूटनीति
पीएम मोदी ने लोकसभा में शांति और कूटनीति पर जोर दिया, ईरानी राष्ट्रपति से फोन पर तनाव कम करने को कहा। विदेश मंत्री जयशंकर ने नागरिक सुरक्षा, ऊर्जा जरूरतें और संवाद को प्राथमिकता बताई। भारत ने विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया, UAE-फिनलैंड ने मोदी की मध्यस्थता की सराहना की।

विपक्षी बहस और राष्ट्रीय हित
विपक्ष ने अमेरिकी झुकाव का आरोप लगाया, लेकिन सरकार ने ईरान-इजरायल दोनों से संतुलित संबंधों पर बल दिया। युद्ध से LPG-तेल संकट के बीच भारत की तटस्थता ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।

ज्योतिर्मठ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान पर आवश्यक बैठक की घोषणा

बेमेतरा/छत्तीसगढ़, 25 मार्च 2026

उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज (1008) के परमाराध्य परमधर्माधीश के रूप में सपाद लक्षेश्वर धाम सलधा में इस वर्ष चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान के संबंध में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई है।

सपाद लक्षेश्वर धाम निर्माण सेवा समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सभी धर्मप्रेमी भक्तगण की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है। बैठक चैत्र शुक्ल पक्ष एकादशी, 29 मार्च 2026 (रविवार) को दोपहर 3 बजे सपाद लक्षेश्वर धाम सलधा, जिला बेमेतरा में होगी।

“इस आयोजन का मुख्य मकसद हमारे परम पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान की रूपरेखा तय करना है। इससे भक्तगणों में धार्मिक जागरूकता बढ़ेगी और सद्भावना का पवित्र संदेश प्रसारित होगा। गौसंरक्षण तथा राष्ट्रीय एकता जैसे मूल्यों को मजबूत करने में यह मील का पत्थर सिद्ध होगा। कुल मिलाकर, स्थानीय समुदाय में आध्यात्मिक उत्साह का संचार होगा।”

हिंदू राष्ट्र के रचयिता और हिंदू धर्म के संरक्षक भक्तों को सूचनार्थ पत्र प्रेषित की जाती हैं कि वह इस धार्मिक बैठक कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट करें।ज्योतिर्मठ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज जैसे आध्यात्मिक सरस्वती जी के इस प्रकार के आयोजन स्थानीय समुदायों में सद्भावना, गौसंरक्षण और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, गौ माता की जय हो, भारत अखंड हो’ जैसे उद्घोष प्रमुखता से दिए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए संपर्क: 77460-12334 ।श्रीमज्ज्योतिर्मयानंद सरस्वती जी महाराज, दंडी स्वामी)।


83 किलो गांजा तस्करी मामले में आरोपी गिरफ्तार, बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बेमेतरा, 24 मार्च 2026।

पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा परिवहन और सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजी टोल प्लाजा के पास नेशनल हाईवे-30 किनारे एक ट्रक (CG 04 M 6804) पलटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर ट्रक में सरिया के बीच संदिग्ध पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। घटना स्थल से चालक फरार था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रक से कुल 83 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 8.39 लाख रुपये आंकी गई। साथ ही ट्रक और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान फरार ट्रक चालक लाला चर्मकार (31 वर्ष), निवासी रीवा (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया, जो पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में निरुद्ध था। वहीं विवेचना में ओडिशा निवासी रंजीत भवसागर (36 वर्ष) की संलिप्तता सामने आई, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांजा ओडिशा से ट्रक के माध्यम से लाकर आरोपी लाला चर्मकार को सप्लाई किया गया था। पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की जांच जारी रखी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला, एएसआई दीना नाथ सिन्हा सहित पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।