चाटुकार पत्रकारिता को चुनौती : श्रमजीवी पत्रकार संघ ने दी कड़ी चेतावनी
बेमेतरा 16 जून 2026- दीपक पाण्डेय
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला बेमेतरा की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष जितेंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में स्थानीय विश्राम गृह में सोमवार दोपहर 3 बजे आयोजित की गई। बैठक में बेमेतरा जिले में पत्रकारिता की बिगड़ती दशा और राजनीतिक दलों द्वारा प्रेस वार्ताओं में बरती जा रही मनमानी पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में सदस्यों ने खुलकर कहा कि राजनीतिक दल पत्रकारिता को बेहद हल्केपन में ले रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण सामने भी आया — भाजपा द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्यों को आमंत्रित तक नहीं किया गया।
संघ ने इसे पत्रकारिता और पत्रकारों के प्रति घोर अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
सदस्यों ने कहा कि बेमेतरा जिले में चाटुकार पत्रकारिता की बुनियाद रखी जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए अत्यंत खतरनाक संकेत है। वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा —
“समाचार समाज, देश और राजनीति का आईना होता है। जब यह आईना धुंधला होता है, तब लोकतंत्र का वास्तविक चेहरा कभी उजागर नहीं हो पाता।”
खबरों को अपने पक्ष में परोसकर जनता को भ्रमित करने की प्रवृत्ति को सदस्यों ने पीत पत्रकारिता की संज्ञा दी और कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ इस चुनौती का डटकर सामना करेगा।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत करने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा आगामी भोरमदेव भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा और समय निर्धारण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी उपस्थित पत्रकारों ने पत्रकार हितों की रक्षा और आपसी एकता के लिए संकल्प लिया।
बैठक के बाद मनाया जन्मदिन का उत्सव
बैठक के उपरांत संघ से जुड़े पत्रकार मनोज मिश्रा और सूरज सिन्हा का जन्मदिवस केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी सदस्यों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि यह संघ बेमेतरा जिले का सबसे पुराना पत्रकार संगठन है और इसकी एकता, सक्रियता तथा आपसी भाईचारा ही इसकी सबसे बड़ी पहचान और ताकत है।
बैठक में जिलाध्यक्ष जितेंद्र शुक्ला के साथ शरद बाजपेई, संजय दुबे, योगेश सिंह राजपूत, सुजीत शर्मा, कोमल सिंह राजपूत, मनोज मिश्रा, राहुल साहू, सूरज सिन्हा, सुफल दास मानिकपुरी, दीपक पांडे, अरुण पुरैना, भूपेंद्र साहू, ईश्वर सिंह राजपूत, योगिता साहू, युवराज मिश्रा एवं लोकेश साहू सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
- Advertisement -
- Advertisement -