बेमेतरा/साजा, 30 अप्रैल 2026
बेमेतरा जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान की कड़ी में 29 अप्रैल को साजा विकासखण्ड के ग्राम हड़ुआ एवं सहसपुर में एक सफल स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में उच्च जोखिम समूह के 188 लोगों का अत्याधुनिक हैंड हेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के माध्यम से निःशुल्क एक्स-रे किया गया।
शिविर में जांच के दौरान 19 संदेहास्पद मरीजों की पहचान की गई, जिनका स्पूटम सैंपल अत्याधुनिक ट्रू-नाट मशीन से जांच हेतु एकत्र किया गया। शिविर से पूर्व मितानिनों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर सर्वे कर ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, उपचार और बचाव की संपूर्ण जानकारी दी गई, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण उत्साहित होकर शिविर में सम्मिलित हुए।
शिविर में बीएमओ साजा, जिला कार्यक्रम समन्वयक, बीपीएम और एसटीएस ने पूरी जिम्मेदारी के साथ सहभागिता निभाई। जिला चिकित्सालय बेमेतरा से रेडियोग्राफर जावेद मंसूरी और शेष नारायण टंडन ने एक्स-रे मशीन का संचालन किया। ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, मितानिन और ग्रामीणजन की सक्रिय भागीदारी से यह शिविर पूर्णतः सफल रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपूर्ण कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक क्रियान्वयन किया।


