35.8 C
Raipur
Sunday, June 21, 2026

पुलिस ने चलाया अभियान : एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ कुसमी बहेरा में ग्रामीणों को किया गया जागरूक

Must read

बेमेतरा 21 जून 2026

बेमेतरा पुलिस ने दिलाई नशा मुक्त जीवन की शपथ, हेल्पलाइन 1933 की जानकारी दी।

पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’’ अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस ने ग्राम कुसमी बहेरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। सामुदायिक पुलिसिंग अभियान ‘‘हमर पुलिस हमर बाजार’’ एवं ‘‘हमर पुलिस हमर गांव’’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना बेरला प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गीतांजली तथा पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें ‘‘नशा मुक्त जीवन’’ की शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने ‘‘जिंदगी को हाँ, नशे को ना’’ का संकल्प लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को भी जागरूक करने का प्रण लिया।

कार्यक्रम में बताया गया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से नशे के खिलाफ जनजागरण में सक्रिय भागीदारी निभाने और युवाओं को इस सामाजिक बुराई से दूर रखने की अपील की।

इस दौरान मानस-नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी भी दी गई तथा मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया गया। पुलिस ने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस जनअभियान में सहभागी बनें और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article