बेमेतरा में 15 बिस्तरीय नशामुक्ति केंद्र संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित
बेमेतरा/छत्तीसगढ़ 15 जुलाई 2026
बेमेतरा में नशामुक्ति केंद्र खोलने के लिए आवेदक संस्था के पास समाज कल्याण विभाग की वैध मान्यता के अलावा शासकीय अथवा शासन से संबंधित निकायों के लिए आवासीय संस्थाओं के संचालन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है।
समाज कल्याण विभाग, जिला बेमेतरा ने जिले में 15 बिस्तरों वाले एकीकृत पुनर्वास केंद्र (नशामुक्ति केंद्र) के संचालन के लिए समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त इच्छुक स्वैच्छिक संस्थाओं से प्रस्ताव (रूचि की अभिव्यक्ति) आमंत्रित किए हैं।
आवेदन समाचार पत्र में प्रकाशन की तिथि से 21वें दिन अपराह्न 3 बजे तक उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला बेमेतरा के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
विभाग के अनुसार केवल वही संस्थाएं आवेदन के लिए पात्र होंगी, जिन्हें समाज कल्याण विभाग से जीवित विभागीय मान्यता प्राप्त हो तथा जिनकी मान्यता में कार्यक्षेत्र संपूर्ण छत्तीसगढ़ अंकित हो।
आवेदन का निर्धारित प्रारूप एवं विस्तृत दिशा-निर्देश जिला बेमेतरा की आधिकारिक वेबसाइट www.bemetara.gov.in तथा उप संचालक, समाज कल्याण विभाग के कार्यालय से कार्यालयीन समय में प्राप्त किए जा सकते हैं।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरकर बंद लिफाफे में प्रस्तुत करना होगा। लिफाफे पर “नशामुक्ति केन्द्र संचालन हेतु आवेदन” के साथ संस्था का नाम, पता और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य है। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन के साथ पिछले तीन वर्षों की सीए प्रमाणित ऑडिट रिपोर्ट, विभागीय मान्यता, पंजीयन प्रमाण-पत्र, संस्था की नियमावली तथा बेमेतरा जिले में पूर्व कार्यानुभव या शाखा होने पर उसका विवरण भी संलग्न करना होगा।
इसके अलावा संस्था के पास नशामुक्ति केंद्र संचालन के लिए भवन उपलब्ध होना अनिवार्य है। यदि भवन किराये का है, तो किरायानामा, भवन का स्थान तथा भवन के फोटोग्राफ भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करने होंगे। सभी प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण चयन समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
- Advertisement -
- Advertisement -