रायपुर, 17 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में “स्पेस ऑन व्हील्स” कार्यक्रम बच्चों के लिए चलता-फिरता अंतरिक्ष विज्ञान विद्यालय बनकर उभरा है। की इस विशेष मोबाइल प्रदर्शनी बस के रणजीता स्टेडियम पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने इसका अवलोकन किया और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी वैज्ञानिक समझ और जिज्ञासा की सराहना की। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक आज के विकास की आधारशिला हैं और इस तरह की पहलें विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों में नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर की छात्राओं ने चंद्रयान और मंगलयान जैसे मिशनों की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में प्रस्तुत किया, जिससे मुख्यमंत्री भी प्रभावित नजर आए। इस अवसर पर “स्पेस ऑन व्हील्स” के माध्यम से विज्ञान का प्रचार-प्रसार करने वाले 17 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और “द मैजिक ऑफ नाइट स्काई” पुस्तिका का वितरण किया गया।
यह पहल “अन्वेषण” कार्यक्रम के तहत के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसमें 7 अप्रैल से शुरू हुआ 14 दिवसीय अभियान जिले के सभी विकासखंडों में पहुंचकर विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी दे रहा है। बस में पीएसएलवी, जीएसएलवी, चंद्रयान, मंगलयान, आरएलवी और विभिन्न सैटेलाइट तकनीकों के मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्हें ऑडियो-विजुअल और इंटरएक्टिव माध्यम से समझाया जा रहा है।
इस अभियान से जिले के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। “स्पेस ऑन व्हील्स” न केवल अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि ग्रामीण अंचलों के युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।
“स्पेस ऑन व्हील्स: अंतरिक्ष विज्ञान की जागरूकता से ग्रामीण युवाओं को नई प्रेरणा”


