सरगुजा जिले के मडगांव में किराना दुकान से 200 बोरी अवैध धान जब्त
रायपुर, 03 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार तेज गति से जारी है।
इसी क्रम में सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के मडगांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए चेतन सिंह के किराना दुकान से 200 बोरी (लगभग 80 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया है। जांच के दौरान धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।
मौके पर पहुंची कृषि उपज मंडी समिति, राजस्व विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने पंचनामा तैयार करते हुए संपूर्ण धान को राजकीय अभिरक्षा में लिया।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में—
अवैध भंडारण
अवैध खरीदी–बिक्री
अंतरराज्यीय धान परिवहन
पर निरंतर एवं सख्त निगरानी रखी जा रही है।
चेकपोस्टों, ग्रामीण मार्गों, गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर विशेष सतर्कता के साथ नियमित जांच अभियान जारी है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, नियंत्रित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों पर कठोरतम कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


