34.3 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

यातायात समस्या – सड़क किनारे खड़े ट्रकों के खिलाफ दो दिवसीय धरना

Must read

किरंदुल/बस्तर न्यूज 17/05/2026

(रवि सरकार)

बैलाडीला किरंदुल नगर में सड़क किनारे भारी वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या और संभावित दुर्घटनाओं के खतरे को लेकर नगरवासियों ने दो दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस संबंध में नगर के विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को पत्र सौंपकर आंदोलन में सहयोग की अपील की गई है।

धरना प्रदर्शन को लेकर अनुविभागीय अधिकारी बड़े बचेली, पालिका प्रशासन, थाना किरंदुल, व्यापारी संगठनों, राजनीतिक दलों, पत्रकार संगठनों और ठेकेदार संघ सहित कई संस्थाओं को ज्ञापन दिया गया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह प्रदर्शन किसी एक व्यक्ति या संगठन के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे नगर की सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा के लिए किया जा रहा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि कोड़ेनार पंचायत क्षेत्र स्थित बैलाडीला ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन कार्यालय से लेकर पेट्रोल पंप और किरंदुल बस स्टैंड तक सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं। इसके कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों में भय का माहौल बना हुआ है।

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर खड़े भारी वाहनों को हटाकर उनके लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। इसी मांग को लेकर 18 और 19 मई को कोड़ेनार पंचायत स्थित पेट्रोल पंप के पास शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

आंदोलन समिति ने नगर के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जनहित और नगर सुरक्षा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article