प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना राउंड-III के लिए जागरूकता अभियान शुरू, युवाओं को मिलेगा ₹9,000 प्रतिमाह का लाभ
बेमेतरा, 30 जुलाई 2026
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) राउंड-III के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले के अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब), महिला एवं बाल विकास विभाग, बेमेतरा द्वारा व्यापक जागरूकता एवं पंजीयन अभियान शुरू किया गया है। अभियान के माध्यम से पात्र युवाओं को योजना की जानकारी देकर उनका पंजीयन कराया जा रहा है।
योजना का उद्देश्य देश के युवाओं को प्रतिष्ठित उद्योगों एवं संस्थानों में इंटर्नशिप का अवसर प्रदान करना है, जिससे उन्हें व्यावहारिक कार्यानुभव प्राप्त हो और उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि हो सके। योजना के तहत चयनित युवाओं को 6 से 9 माह की अवधि के लिए इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा।
योजना के लिए 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा पात्र हैं, जिन्होंने 10वीं या 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो अथवा आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक स्तर की पढ़ाई कर रहे हों या उसे पूर्ण कर चुके हों। विशेष रूप से ऐसे युवा, जो वर्तमान में नियमित शिक्षा या रोजगार से जुड़े नहीं हैं और कौशल विकास के माध्यम से रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं, उनके लिए यह योजना उपयोगी साबित होगी।
संशोधित प्रावधानों के अनुसार चयनित इंटर्न को प्रतिमाह ₹9,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसमें ₹8,100 भारत सरकार तथा ₹900 संबंधित कंपनी द्वारा दिए जाएंगे। इससे युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक सहयोग के साथ उद्योगों में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।
जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब), महिला एवं बाल विकास विभाग, बेमेतरा द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार एवं पंजीयन अभियान संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इस योजना का लाभ उठा सकें।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन पंजीयन के लिए इच्छुक युवा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) पोर्टल अथवा जिला कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार कार्यालय, बेमेतरा से संपर्क कर सकते हैं।
- Advertisement -
- Advertisement -