24.7 C
Raipur
Friday, July 31, 2026

जल संरक्षण,पीएम आवास और स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध कार्यों पर कलेक्टर का जोर

Must read

बेमेतरा 30 जुलाई 2026

कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जल संरक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को जल संरक्षण संबंधी गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट, वॉटर बॉडी रिचार्ज, ट्रेंच निर्माण और पौधरोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि वर्षा जल के संरक्षण के लिए स्थायी संरचनाओं का निर्माण किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में कलेक्टर ने वर्ष 2016 से 2023 तक के अपूर्ण एवं निर्माण योग्य नहीं रहे आवासों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं 2024 से 2026 तक स्वीकृत अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने, निर्माण शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा नए आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण से जुड़े लंबित भुगतान प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने शौचालय निर्माण से जुड़े पात्र लंबित प्रकरणों का शीघ्र परीक्षण कर भुगतान के लिए जिला कार्यालय भेजने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित मैदानी निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के कार्यपालन अभियंता, सभी अनुविभागीय अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article