34.3 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

नगर पालिका मनमानी – किरंदुल नगर पालिका में टेंडर प्रक्रिया पर गंभीर आरोप, स्थानीय ठेकेदारों ने कहा पक्षपात रवैया

Must read

किरंदुल / 03 जून 2026/रिपोर्ट: रवि सरकार

किरंदुल नगर पालिका परिषद की निविदा प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, स्थानीय ठेकेदारों ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका में पारदर्शिता के बजाय मनमानी का माहौल बन गया है और नियमों की अनदेखी कर कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


स्थानीय ठेकेदारों के अनुसार हाल ही में मेंटेनेंस एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए जारी निविदा में कई स्थानीय ठेकेदारों ने भाग लिया था, लेकिन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अचानक कुछ टेंडरों को तकनीकी खामियों का हवाला देते हुए निरस्त कर दिया गया, उनका कहना है कि निविदा दस्तावेजों में दर भरने को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए थे जिसके कारण बाद में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।

ठेकेदारों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित इंजीनियर द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय बिना किसी पूर्व सूचना के लिए गए और कुछ मामलों में टेंडर खोलने की सूचना तक स्थानीय ठेकेदारों को नहीं दी गई, जबकि बाहरी ठेकेदारों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली गई।

उनका कहना है कि यदि निविदा में निर्धारित दरों या नियमों को लेकर कोई विशेष प्रावधान था तो उसकी जानकारी पहले ही सभी प्रतिभागियों को दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं करने से संदेह पैदा हो रहा है कि पूरी प्रक्रिया कुछ विशेष लोगों के हित में संचालित की जा रही है। आरोप यह भी हैं कि पिछले कुछ समय से नगर पालिका की अधिकांश निविदाओं में रायपुर और बाहरी क्षेत्रों से जुड़े ठेकेदारों की भागीदारी और चयन अधिक देखने को मिल रहा है, जबकि वर्षों से स्थानीय स्तर पर कार्य कर रहे ठेकेदारों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इस पूरे मामले ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या नगर पालिका की निविदा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, क्या सभी ठेकेदारों को समान अवसर दिया जा रहा है और क्या स्थानीय ठेकेदारों के हितों की अनदेखी की जा रही है। स्थानीय ठेकेदारों और नागरिकों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका अध्यक्ष एवं संबंधित उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है और कहा है कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में सरकारी कार्यों और निविदा प्रक्रियाओं में जनता का विश्वास बना रहे।

किरंदुल जैसे औद्योगिक नगर में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में आवश्यक है कि प्रशासन इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराए और सच्चाई को सार्वजनिक करे ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति और विवाद की स्थिति समाप्त हो सके।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article