देश भर में 20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
बेमेतरा 19 मई 2026
ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद रखा जाएगा, जिसमें देशभर के लगभग 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक शामिल हैं।
यह बंद ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला बेमेतरा के केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट संघ ने भी बंद की अग्रिम सूचना का ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा है।
संभावित स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला बेमेतरा ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अथवा नजदीकी अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं।
बंद के दौरान दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला चिकित्सालय एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्रों को 24 घंटे खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के अपोलो फार्मेसी एवं श्री धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स इस बंद में शामिल नहीं हैं, जहां से आपात स्थिति में दवाइयां ली जा सकती हैं। किसी भी परेशानी या आपातकाल के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन के टोल फ्री नंबर 9340597097 पर संपर्क किया जा सकता है।
दवाइयों की उपलब्धता संबंधी सहायता हेतु जिला दवा विक्रेता संघ बेमेतरा के अध्यक्ष दिनेश दुबे (9425523689), सचिव नवीन अग्रवाल (9425513336) तथा कोषाध्यक्ष शरद शर्मा (9893024031) से भी संपर्क किया जा सकता है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद का समर्थन करने, जनहित में आपातकालीन एवं जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति जारी रखने, अफवाह न फैलाने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है।
- Advertisement -
- Advertisement -